Home Blog Page 437

विधायक हर्षिता ने अनुसूचित जाति विद्यार्थियों के लिए पीजी हॉस्टल आवंटन की मांग की

0

डोंगरगढ़। अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के गरीब और जरूरतमंद छात्र.छात्राओं को उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कलेक्टर से मुलाकात कर पीजी हॉस्टल हेतु उचित स्थान आबंटन की मांग की।
विधायक हर्षिता ने समस्त अनुजाति समाज के प्रमुखों के साथ कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में एससी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) हॉस्टल हेतु तत्काल स्थान आरक्षित कर आवंटित करने की आवश्यकता बताई गई। विधायक ने कहा कि आर्थिक तंगी और रहने की उचित व्यवस्था न होने के कारण कई छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा ग्रहण नहीं कर पाते हैं। इस समस्या का समाधान पीजी हॉस्टल उपलब्ध कराने से संभव हो सकेगा।
विधायक ने बताया कि सुरक्षित और सुलभ आवासीय सुविधा से अनुसूचित जाति के छात्र बिना किसी बाधा के शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे और समाज का नाम रोशन करेंगे। समाज के प्रमुखों ने भी इस मांग का समर्थन किया और कहा कि पीजी हॉस्टल की स्थापना से न केवल शिक्षा का स्तर सुधरेगा, बल्कि गरीब वर्ग के छात्रों को आत्मनिर्भर बनने में भी मदद मिलेगी।
कलेक्टर कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में एससी प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रभारी सुनील कुमार, प्रकाश मार्कण्डेय, जितेंद्र मुदलियार, विपिन यादव, गोपीचंद गायकवाड़, युवराज ढिरही, पंकज बांधव, कमलेश सांडे, अजय मार्कण्डेय, शिशुपाल भारती, अनिल मेश्राम, पंचराम चंदेल, दिनेतु जांगड़े सहित समस्त सामाजिक गण और कांग्रेसी जन उपस्थित रहे।

महिला अतिथियों के सानिध्य में हुआ महिला वर्ग का फाइनल, दीनदयाल चैलेंजर्स बनी चैंपियन

0

राजनांदगांव। रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित 5वीं छत्तीसगढ़ हॉकी लीग अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के अंतर्गत महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला एवं पुरस्कार वितरण समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। समापन अवसर पर महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए नारी शक्ति का उत्सव मनाया गया।
समारोह की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सीईओ आईएएस सुरुचि सिंह रहीं, जबकि अध्यक्षता समाजसेविका रेखा संतोष पांडेय ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में हेमलता प्रजापति, भारती लारिया, कमलेश्वरी वर्मा, पूर्णिमा पटेल, तृप्ति निषाद, कंचन मेश्राम, बबीता लिल्हारे, सरिता चौबे, रजनी टेम्बुलकर एवं रीना ठाकुर उपस्थित रहीं। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को डॉ. गणेश शंकर शर्मा ट्रॉफी, पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए।
महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में दीनदयाल चैलेंजर्स ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए शांति नगर स्ट्राइकर को 3-1 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। दीनदयाल चैलेंजर्स की ओर से ममता साहू, घनिष्ठा साहू और कनक मरकाम ने एक-एक गोल किया, जबकि शांति नगर स्ट्राइकर की ओर से मोनिष्का विश्वकर्मा ने एक गोल दागा।
महिला वर्ग के हार्ड लाइन मुकाबले में चिखली ड्रैगंस ने शिवनगर बुल्स को 1-0 से हराया। चिखली ड्रैगंस की ओर से पुष्पिता साहू ने निर्णायक गोल किया।
टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार मोनिष्का विश्वकर्मा को स्व. अन्नपूर्णा देवी की स्मृति में रॉयल किड्स संस्थान द्वारा प्रदत्त साइकिल के रूप में दिया गया। वहीं, प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार घनिष्ठा साहू एवं पुष्पिता साहू को प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि आईएएस सुरुचि सिंह ने रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी द्वारा हॉकी खेल के लिए किए जा रहे प्रयासों को अतुलनीय बताया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, छत्तीसगढ़ हॉकी एवं जिला हॉकी संघ राजनांदगांव के पदाधिकारियों और सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
अध्यक्षीय उद्बोधन में रेखा संतोष पांडेय ने कहा कि इस प्रतियोगिता में बच्चों की भागीदारी यह दर्शाती है कि हॉकी के प्रति रुचि लगातार बढ़ रही है। राजनांदगांव को हॉकी की नर्सरी कहा जाता है, जिसे उन्होंने यहां प्रत्यक्ष रूप से देखा। खेल से बच्चे शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनते हैं। उन्होंने दोनों टीमों एवं आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के तहत बालक वर्ग में भी रोमांचक मुकाबले हुए। पहले मैच में खेलो इंडिया सेंटर राजनांदगांव और गोंदिया (महाराष्ट्र) के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा। वहीं दूसरे मैच में रुद्राक्षम् स्ट्राइकर और अमरावती (महाराष्ट्र) की टीमें 3-3 की बराबरी पर रहीं।
हॉकी नर्सरी राजनांदगांव के खेलप्रेमी दर्शकों के सम्मान में प्रतिदिन एसईसीएल बेस्ट दर्शक अवार्ड दिया जा रहा है। टूर्नामेंट के पांचवें दिन यह पुरस्कार वार्ड क्रमांक 10 की रधिया बाई साहू एवं वार्ड क्रमांक 6 के दक्षिण भाई को प्रदान किया गया।

मोहारा शराब दुकान के विरोध में 6 घंटे चक्काजाम, शमसूल आलम भी उतरे समर्थन में

0

राजनांदगांव। मोहारा क्षेत्र में शराब दुकान बंद कराने की मांग को लेकर गुरूवार को नंदई चौक से दल्ली जाने वाले मार्ग पर जमकर हंगामा हुआ। वार्डवासियों ने शराब दुकान बंद करने की मांग को लेकर करीब 6 घंटे तक चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप रहा।
वार्डवासियों के आह्वान पर अजीत जोगी युवा मोर्चा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शमसूल आलम कार्यकर्ताओं के साथ चक्काजाम में पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और शराब दुकान को तत्काल बंद करने की मांग की।
लगातार प्रदर्शन के बाद आबकारी विभाग, नजूल अधिकारी और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा शराब दुकान बंद कराए जाने के बाद ही वार्डवासियों ने चक्काजाम समाप्त किया।
इस दौरान शमसूल आलम ने कहा कि भाजपा सरकार उद्योगपतियों और क्षेत्रीय पार्षदों को फायदा पहुंचाने के लिए संस्कारधानी को शराबधानी बनाना चाहती है, जिसे जोगी कांग्रेस कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि आबकारी अधिकारी, इंस्पेक्टर और कार्यालयीन कर्मचारियों की मिलीभगत से जगह-जगह शराब दुकानें खोली जा रही हैं और कमीशन का खेल चरम पर है। उन्होंने कहा कि सड़क से लेकर सदन तक वार्डवासियों और शहर की जनता के साथ इस लड़ाई को लड़ा जाएगा।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि शुक्रवार को वार्डवासियों और प्रशासन के बीच चर्चा के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा, उसके बाद ही दुकान को लेकर आगे की कार्रवाई होगी।
चक्काजाम में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शमसूल आलम के अलावा बिलाल सोलिन खान, ऋषभ रामटेके, मुकेश साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और वार्डवासी शामिल रहे। वार्डवासियों में जयकिशन शर्मा, प्रवीण शर्मा, हरिहरन सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

कमला कॉलेज का एनएसएस शिविर ग्राम आलीखुंटा में संपन्न

0

राजनांदगांव। शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव द्वारा ग्राम आलीखुंटा में 17 से 23 दिसंबर तक आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में छात्राओं ने सेवा, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाई।
शिविर के दौरान प्रभातफेरी, ग्राम संपर्क, परियोजना कार्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही बौद्धिक परिचर्चा के अंतर्गत नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, पोषण आहार, साइबर जागरूकता एवं तनाव प्रबंधन जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। इसके अलावा मनोवैज्ञानिक परीक्षण एवं डेंटल कैम्प का भी आयोजन किया गया।
परियोजना कार्य के अंतर्गत छात्राओं ने सार्वजनिक स्थलों, तालाबों व कुओं की साफ-सफाई की तथा सोख्ता गड्ढों का निर्माण किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नशा मुक्ति, अंधविश्वास और स्वच्छता जैसे सामाजिक विषयों पर नाटकों की प्रस्तुति दी गई। ग्राम संपर्क के दौरान ग्रामीणों से नशामुक्ति को लेकर विशेष चर्चा की गई।
शिविर का समापन 22 दिसंबर को ग्राम सरपंच श्रीमती चमेली साहू के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन पर महाविद्यालय व छात्राओं को बधाई दी। ग्राम प्रमुख कामता प्रसाद साहू ने अपने गांव को शिविर के लिए चुने जाने पर आभार व्यक्त करते हुए आगामी वर्ष भी शिविर आयोजन की इच्छा जताई। उपसरपंच ओमप्रकाश साहू ने भी छात्राओं के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में पंच प्रीति साहू, पूर्णिमा एवं पूर्व सरपंच आसोबाई भी उपस्थित रहीं।
शिविर की सफलता में ग्राम पदाधिकारियों के साथ बीरेन्द्र साहू, रामेश्वर साहू (सेवानिवृत्त शिक्षक), शिक्षक युगेश्वर साहू, बसंत साहू, उत्तम साहू एवं अन्य ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा। साउंड एवं तकनीकी सहयोग लाकेश साहू द्वारा प्रदान किया गया।
समापन अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजली अवधिया, डॉ. ओंकार लाल श्रीवास्तव, प्रोफेसरगण एवं एनएसएस की जिला संगठक श्रीमती मोनिका दास उपस्थित रहीं। सभी ने छात्राओं की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य के मार्गदर्शन में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रामकुमारी धुर्वा ने किया। इस दौरान गीता साहू, डॉ. उषा सोनवानी, बीना जंघेल एवं उमेश पनरिया का विशेष सहयोग रहा।
शिविर में कुल 45 छात्राओं ने सहभागिता की। ग्रामवासियों द्वारा महाविद्यालय को मोमेंटो तथा छात्राओं को मेडल व पेन देकर सम्मानित किया गया। विद्या मानस मंडली द्वारा भी मोमेंटो प्रदान किया गया।

29 दिसंबर से राज्यभर में ताले, 5 लाख से अधिक कर्मचारी हड़ताल पर

0

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में 5 लाख से अधिक कर्मचारी और अधिकारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक बार फिर आंदोलन की राह पर हैं। संविदा कर्मचारी, मध्याह्न भोजन कर्मचारी, स्कूल सफाई कर्मचारी, शिक्षक, पटवारी, पशु चिकित्सा अधिकारी, डीईओ, बीईओ, तहसीलदार, डिप्टी कलेक्टर, राजस्व अधिकारी, क्लर्क, लेखापाल सहित लगभग सभी विभागों के कर्मचारी और अधिकारी 29, 30 और 31 दिसंबर को राज्यभर के सभी कार्यालयों में हड़ताल करेंगे।

छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रदेश संयोजक कमल वर्मा और अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि राज्य के सभी 33 जिला मुख्यालयों में तीन दिवसीय निश्चितकालीन आंदोलन होगा। संगठन ने सभी कर्मचारियों और अधिकारियों से जिला मुख्यालयों में पहुंचकर अपनी मांगों की आवाज बुलंद करने की अपील की है।

कर्मचारियों का आरोप है कि केंद्र सरकार के समान देय तिथि से महंगाई भत्ता और लंबित एरियर्स राशि रोक दी गई है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है। प्रदेश के दो लाख शिक्षक एलबी संवर्ग को प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना का लाभ नहीं मिला है। सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति, बेहतर सेवा शर्तों और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के वेतन विसंगति दूर करने की मांग भी प्रमुख है।

इसके साथ ही वीएसके (विद्या समीक्षा केंद्र) के माध्यम से शिक्षकों के निजी मोबाइल से आनलाइन हाजिरी की व्यवस्था का पुरजोर विरोध किया जाएगा। कर्मचारियों का कहना है कि ऑनलाइन हाजिरी से निजी जानकारी लीक होने और खातों से पैसे निकालने का खतरा है। इसके अलावा, किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा की गई झूठी शिकायतों के आधार पर शिक्षकों और कर्मचारियों को बिना जांच निलंबित किया जा रहा है।

प्रदेश में 1,80,000 शिक्षक एलबी संवर्ग का प्रतिनिधित्व करने वाले विभिन्न संगठनों के प्रदेश अध्यक्षगण केदार जैन, राजनारायण द्विवेदी, कृष्णकुमार नवरंग, जाकेश साहू, भूपेंद्र बनाफर, गिरीश केशकर, प्रदीप लहरे, लैलूंन भरतद्वाज, शंकर साहू, प्रदीप पांडे, कमलदास मूरचुले, चेतन बघेल, विक्रम राय, भूपेंद्र गिलहरे, विष्णु प्रसाद साहू, राजकिशोर तिवारी, अनिल कुमार टोप्पो आदि ने प्रदेश के समस्त दो लाख शिक्षक एलबी संवर्ग से अपने सेवागणना करवाकर समस्त लाभ लेने, सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने, लंबित महंगाई भत्ता एवं एरियर्स राशि सहित विभिन्न मांगों के लिए कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के बैनर तले आगामी 29 से 31 दिसंबर तक होने वाले तीन दिवसीय निश्चितकालीन आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में बढ़ चढ़ कर भाग लेने की अपील की है।

इस तीन दिवसीय आंदोलन के दौरान राज्य के सभी स्कूल, कॉलेज, तहसील, जनपद, मंत्रालय, डीईओ और बीईओ कार्यालय सहित सभी सरकारी कार्यालयों में ताले लटकेंगे और जिला मुख्यालयों में जंगी प्रदर्शन होंगे।

अंबागढ़ चौकी में बाजार दिन बंद, सर्व समाज में कांकेर की घटना को लेकर आक्रोश

0

अंबागढ़ चौकी। बीते दिनों कांकेर जिले में सर्व समाज के कार्यकर्ताओं के साथ हुई घटना के विरोध में प्रदेशव्यापी बंद के आह्वान पर अंबागढ़ चौकी में साप्ताहिक बाजार के दिन भी दुकानों और प्रतिष्ठानों ने ताला लगा दिया। केवल मेडिकल और डेयरी उत्पाद की दुकानों को छोड़कर सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।

सर्व समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने एक दिन पूर्व मंगलवार शाम बाइक रैली निकालकर लोगों से बंद की अपील की थी। इसके प्रभाव से बाजार का प्रमुख दिन होने के बावजूद व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह ठप रही। यह बंद कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र के बड़े तेवड़ा गांव में सर्व समाज के कार्यकर्ताओं और जनजातीय पदाधिकारियों पर हुए हमले और स्थानीय प्रशासन तथा पुलिस के पक्षपातपूर्ण रवैये के विरोध में किया गया।

सभा में क्या कहा गया
बाजार चौक में आयोजित सभा में मुख्य वक्ता अन्ना जी सफारे ने कहा कि हिंदू समाज हमेशा से शांतिप्रिय रहा है, लेकिन इतिहास में उसके साथ अत्याचार होते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मिशनरियों द्वारा समाज के कमजोर वर्गों को धर्मांतरित कर शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कांकेर जिले की घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।

देवांगन समाज के उमेद देवांगन ने घटना को मिशनरीयों द्वारा सुनियोजित षड्यंत्र बताया। हल्बा समाज के मनहरण पिथोरा ने कहा कि समाज की संस्कृति और जमीनों को नष्ट करने की साजिश हो रही है। तुलसी मानस प्रतिष्ठान के गोपाल राम वर्मा ने ऐतिहासिक दृष्टिकोण से ईस्ट इंडिया कंपनी और मिशनरियों के पीछे छिपे उद्देश्यों की आलोचना की। बौद्ध समाज के आर एस दामले ने बिरसा मुंडा का उदाहरण देते हुए धर्मांतरित लोगों को घर वापसी की अपील की।

साहू समाज के गयादास साहू और यादव समाज के सेवक राम यादव सहित अन्य ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। कार्यक्रम का संचालन घनश्याम सिंह परिहार ने किया और आभार व्यापारी संघ के अध्यक्ष संजय लाटा ने व्यक्त किया। सभा में सतीश खंडेलवाल, तुलसीराम वर्मा, विजय वैष्णव, नीलकंठ कोमरे, संजय लाटा सहित बड़ी संख्या में सर्व समाज के लोग उपस्थित थे।

रैली निकाल ज्ञापन सौंपा
सभा के बाद सर्व समाज के पदाधिकारियों ने नगर में रैली निकालकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दोषियों पर कार्रवाई, घटना की निष्पक्ष जांच और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम की मांग की गई। इस दौरान सर्व समाज के प्रमुख पदाधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज राजनांदगांव प्रवास पर

0

राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज 25 दिसम्बर 2025 को राजनांदगांव प्रवास पर रहेंगे।

सुबह फूंडहर खेल मैदान, रायपुर से दोपहर 1.15 बजे कार द्वारा प्रस्थान करने के बाद वे दोपहर 2.45 बजे मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव पहुंचेंगे और वहां मेडिकल कैम्प एवं सुशासन दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे।

इसके बाद दोपहर 3.30 बजे वे स्पीकर हाऊस, राजनांदगांव पहुंचेंगे, जहां निर्धारित समय तक कार्यक्रम रहेगा। शाम 4.45 बजे स्पीकर हाऊस से कार द्वारा प्रस्थान कर वे कुंजबिहार कालोनी, वार्ड 22, सी-मार्ट के पास आयोजित हिंदू सम्मेलन में शामिल होंगे।

शाम 5.45 बजे कुंजबिहार कालोनी से कार द्वारा वे जीई रोड, अटल परिसर पहुंचेंगे और वहां पुष्पांजलि कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद शाम 6 बजे जीई रोड से कार द्वारा स्पीकर हाऊस, शंकर नगर, रायपुर के लिए रवाना होंगे।

आयुक्त कृषि उत्पादन ने विभिन्न ग्रामों का किया निरीक्षण, फसल चक्र परिवर्तन और योजनाओं की प्रगति का लिया जायजा

0

राजनांदगांव। आयुक्त कृषि उत्पादन श्रीमती शहला निगार ने केन्द्र एवं राज्य शासन के कृषि एवं संवर्गीय विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं तथा फसल चक्र परिवर्तन कार्यक्रम की प्रगति का अवलोकन करने जिले के ग्राम सोमनी, पार्रीखुर्द, मोखला, जंगलेसर, बरगा के प्रवास पर रही। इस दौरान कलेक्टर जितेन्द्र यादव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह, संभागीय संयुक्त संचालक कृषि श्रीमती गोपिका गभेल उपस्थित रहे।
आयुक्त कृषि उत्पादन श्रीमती शहला निगार ने सेवा सहकारी समिति सोमनी में धान खरीदी एवं पीएम-आशा योजनान्तर्गत खरीफ सोयाबीन, मूंग, उड़द एवं अरहर तथा रबी में दलहन-तिलहन फसलों का समर्थन मूल्य पर उपार्जन की तैयारी का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में किसानों के बीच प्रचार-प्रसार कर फसलों का उपार्जन करने निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि पीएम-आशा योजना से अधिक से अधिक किसानों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। आयुक्त कृषि उत्पादन ने ग्राम पार्रीखुर्द में किसानों की आय बढ़ाने, फसल चक्र परिवर्तन कार्यक्रम अंतर्गत किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया और किसानों से चर्चा की। उन्होंने नेशनल मिशन ऑन इंडिबल ऑयल योजनांतर्गत 100 एकड़ क्षेत्र में सरसों फसल के साथ द्वि-फसलीय क्षेत्र विस्तार योजना अंतर्गत 40 एकड़ में तिवड़ा एवं ग्रीष्मकालीन धान के बदले गेहूं एवं मक्का फसल प्रदर्शन का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को कम पानी की खपत वाली फसलें लेने के लिए किसानों को प्रेरित करने एवं लाभ के बारे में जानकारी देने के निर्देश दिए। ग्राम मोखला में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन अंतर्गत जिले के 400 हेक्टेयर क्लस्टर में संचालित गतिविधियों, कृषि सखी श्रीमती नीता देवनाथ साहू एवं अन्य सहयोगियों द्वारा तैयार किए जा रहे जैव आदान सामग्री वितरण, कृषि सखियों को योजना अंतर्गत प्रदाय किए जाने वाले मानदेय, मृदा नमूना संकलन कर प्रत्येक किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने इन कार्यों को रबी सीजन में भी आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। आयुक्त कृषि उत्पादन ने ग्राम जंगलेसर में ग्रीष्म ऋतु में धान के बदले 6 एकड़ में उद्यानिकी फसल खीरा एवं धनिया की फसल लेने वाले कृषक दौलतराम साहू एवं 17 एकड़ में अनुबंध खेती के तहत पॉपकार्न मक्का की खेती करने वाले कृषक देवराम पटेल के फसल का अवलोकन किया एवं कृषकों से चर्चा कर प्रोत्साहित किया।
आयुक्त कृषि उत्पादन श्रीमती शहला निगार ने मिशन जल रक्षा अंतर्गत ग्राम बरगा में सामूहिक प्रयास से जल संरक्षण हेतु किए जा रहे रिचार्ज सॉफ्ट, इंजेक्शन वेल एवं लाईन्ड फार्म पॉण्ड का अवलोकन किया। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा किए जा रहे इस अभिनव पहल की सराहना की। उन्होंने मिशन जल रक्षा के लिए जिला पंचायत की टीम की सराहना की। इस दौरान उप संचालक कृषि टीकम सिंह ठाकुर, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. अनुप चटर्जी, सहायक संचालक उद्यान रविन्द्र मेहरा, सहायक संचालक मत्स्य पालन सुदेश साहू, एपीओ मनरेगा फैज मेनन, अनुविभागीय कृषि अधिकारी संतलाल देशलहरे, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अविनाश दुबे एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी याजवेन्द्र कटरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

जिला स्तरीय सतर्कता एवं मानिटरिंग समिति की बैठक संपन्न

0

राजनांदगांव। अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में अनुसूचित जाति-जनजाति (अत्याचार निवारण) नियम 1995 के क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय सतर्कता एवं मानिटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार से पीड़ित व्यक्तियों को दी गई राहत राशि की समीक्षा की गई। कैलेन्डर वर्ष 2025 से अद्यतन स्थिति में प्राप्त प्रकरण, प्रक्रियाधीन प्रकरण, लंबित प्रकरणों पर चर्चा की गई। बैठक में सदस्य जिला पंचायत श्रीमती बिरम बाई मंडावी, सदस्य जनपद पंचायत राजेन्द्र सिंह ठाकुर, समाज सेवक ग्राम फरहद चंदन कश्यप, समाज सेवी लखन सूर्यवंशी, सहायक जिला अभियोजन अधिकारी गिरधारी साहू, उप पुलिस अधीक्षक अजाक थाना सुश्री तनुप्रिया ठाकुर, सहायक संचालक आदिवासी विकास सुश्री दीक्षा गुप्ता उपस्थित थे।

मैनुअल स्क्वैंजर अधिनियम : जिला स्तरीय सर्तकता एवं सर्वेक्षण समिति की बैठक संपन्न

0

राजनांदगांव। अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मैनुअल स्क्वैंजर अधिनियम के तहत जिला स्तरीय सर्तकता समिति एवं जिला स्तरीय सर्वेक्षण समिति के क्रियान्वयन हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में सफाई कर्मचारियों के समस्याओं के संबंध में चर्चा की गई एवं समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए। बैठक में सदस्य प्रदेश उपाध्यक्ष राज्य सफाई कर्मचारी आंदोलन श्रीमती बबीता कुलदीप, सफाई मित्र नगरीय निकाय सुधीर पांडिया, सफाई मित्र श्रीमती श्याम बाई डोंगरे, स्वास्थ्य निरीक्षक स्टेशन डोंगरगढ़ श्रीमती सुशीला साहू, स्वास्थ्य निरीक्षक श्रीमती सुकेशिनी पाटील, सहायक संचालक आदिवासी विकास सुश्री दीक्षा गुप्ता उपस्थित थे।