Home छत्तीसगढ़ भाजपा की मिशन 2023 पर चर्चा, बीजेपी नेताओं और प्रदेश पदाधिकारियों की...

भाजपा की मिशन 2023 पर चर्चा, बीजेपी नेताओं और प्रदेश पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक…

247
0

रायपुर। भाजपा के सभी सात मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में हुई। बैठक में सभी सात मोर्चा ने अपनी कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण दिया और आगामी समय के लिए रोडमैप तैयार किया। बैठक में किसानों, आदिवासियों, आरक्षण, कानून व्यवस्था पर संयुक्त रूप से सरकार को घेरने की रणनीति बनाई गई। वक्ताओें ने पार्टी पदाधिकारियों में जोश भरते हुए चुनाव मैदान में उतरने की अपील की। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि अगर आप मैदान पर आएं तो एक भूपेश तो क्या 10 भूपेश आ जाएं, भाजपा को हरा नहीं सकते। हमारे पास मतदान केंद्र तक कार्यकर्ताओं की मजबूत फौज है। हमारे कार्यकर्ता समर्पित, संघर्षशील और आम जनता से सीधे जुड़े हुए हैं। कार्यकर्ता भाजपा की शक्ति हैं। साव ने कहा कि पीएम मोदी छत्तीसगढ़ की जनता के लिए जो पैसा देते हैं, वह कांग्रेस सरकार के चहेते अफसरों के घर से निकलता है। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि परिणाम के लिए आंदोलन करना है। इसके लिए सूक्ष्मता से जनता की वन टू वन समस्या एकत्र करना है। उसके निराकरण का प्रयास करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि याद रखें भाषण से कोई नहीं जीतता। जो जनता के लिए काम करता है, जो जनता के लिए संघर्ष करता है, उससे जुड़कर जनता उसे वोट करती है। राष्ट्रीय नेताओें ने सभी मोर्चा को एकजुट होकर सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ आंदोलन को लेकर मार्गदर्शन दिया। छत्त्तीसगढ़ को केंद्र सरकार से मिली सौगात को जनता को बताने और भूपेश सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करने की रुपरेखा तैयार हुई। प्रदेश में चुनावी साल में पहली बार एक साथ सभी मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियोें की बैठक हुई। बैठक में प्रदेशभर के 500 से ज्यादा भाजपा नेता शामिल हुए। भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि समाज के हर तबके तक पहुंचने के लिए मोर्चा की रचना हुई है। समाज के हर व्यक्ति तक हमारी पहुंच और योजना होनी चाहिए। बड़ी और सुविधाजनक जगहों के साथ छोटी-छोटी जगह पर भी कार्यक्रम हो। हर मोर्चे में अपनी योजनाओं और क्षेत्र के अनुसार नवाचार हो। उन्होंने मंत्र दिया कि सभी मोर्चा अपने अपने कार्य क्षेत्र में इस तरह कार्य करें कि वह छत्तीसगढ़ के हर वर्ग के बीच विश्वास हासिल करें। जनता तक यह संदेश पहुंचाएं कि भाजपा ही सबका विकास कर सकती है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में विकास के जितने काम हुए हैं, वे सभी भाजपा शासन काल में हुए हैं। कांग्रेस के शासन में छत्तीसगढ़ का विकास रुक गया है। जनता के सभी वर्गों की बेहतरी के लिए, आम जनता की खुशहाली के लिए सभी कार्य भाजपा की सरकार ने किए हैं। महिलाओं को पंचायती राज में 50 फीसदी आरक्षण दिया। गरीबों को एक रुपये किलो चावल दिया, एसटी-एएसी वर्ग की बेहतरी के लिए काम किया। रमन ने भाजपा सरकार में 15 साल हुए काम की जानकारी दी। उन्होेंने कहा कि सभी मोर्चा जनता को बताएं कि वादाखिलाफी करने वाली कांग्रेस और विकास की, विश्वास की राजनीति करने वाली भाजपा में क्या फर्क है। बैठक में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमल भान, महिला मोर्चा प्रभारी निशा सिंह, किसान मोर्चा राष्ट्रीय महामंत्री बाबू भाई गबेलिया, कोमल राजपूत, राष्ट्रीय मंत्री छत्तीसग.ढ प्रभारी बंजरंगी प्रसाद यादव, पिंकी शिवराज शाह, ओबोसी मोर्चा से खिलावन साहू, गुजरात से वेल जी भाई मेसानी,चंदूलाल साहू, रमेश चंद्राकर,युवा मोर्चा से आलोक डंगस उपस्थित थे।