गौमाता के संरक्षण की दिशा में ठोस कदम
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गौमाता के संरक्षण और संवर्धन के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया है। अधिकारियों ने मंगलवार को इस संबंध में जानकारी दी।
मुख्यमंत्री साय ने राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में गौमाता पर आधारित पहली फिल्म ‘गोदान’ का ट्रेलर लॉन्च किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गौमाता केवल आध्यात्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि आर्थिक और वैज्ञानिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने घोषणा की कि फिल्म ‘गोदान’ को छत्तीसगढ़ में कर मुक्त किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में गौ संवर्धन के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। गौशालाओं में गायों के चारे के लिए अनुदान राशि को 20 रुपए से बढ़ाकर 35 रुपए किया गया है, और अब गौशालाओं को 25 लाख रुपए की सहायता भी दी जा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार द्वारा गोधाम का निर्माण भी किया जा रहा है, जहां घुमंतू गौवंश की उचित देखभाल की जा रही है। साय ने कहा, ‘गौमाता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है। हर अनुष्ठान से पहले पंचगव्य का उपयोग किया जाता है। यह खुशी की बात है कि गौमाता पर केंद्रित पहली फिल्म ‘गोदान’ का ट्रेलर आज लॉन्च किया गया है।’
उन्होंने इस फिल्म के माध्यम से गौमाता के महत्व को समझने का अवसर मिलने की बात कही और फिल्म से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी। यह फिल्म 6 फरवरी को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।



