Home प्रदेश मध्यप्रदेश में 60,000 करोड़ रुपये के निवेश से बिजली उत्पादन के लिए...

मध्यप्रदेश में 60,000 करोड़ रुपये के निवेश से बिजली उत्पादन के लिए समझ…

7
0

मध्यप्रदेश में बिजली उत्पादन के लिए नए समझौते

मध्यप्रदेश सरकार ने मंगलवार को राज्य में 60,000 करोड़ रुपये के निवेश के तहत 4,000 मेगावाट बिजली उत्पादन और आपूर्ति के लिए तीन निजी बिजली कंपनियों के साथ समझौतों पर हस्ताक्षर किए।

समझौतों का आदान-प्रदान ‘मध्यप्रदेश पावर मैनेजमेंट कंपनी’ के प्रबंध निदेशक विशेष गडपाले और ‘टोरेंट पावर लिमिटेड’ के जिगिश मेहता, ‘अडानी पावर लिमिटेड’ के एस बी ख्यालिया तथा ‘हिंदुस्तान पावर प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड’ के रतुल पुरी के बीच हुआ।

भोपाल के समत्व भवन (मुख्यमंत्री आवास) में मुख्यमंत्री मोहन यादव की उपस्थिति में इन बिजली आपूर्ति समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। यादव ने इन समझौतों की सराहना करते हुए कहा कि ये राज्य के सतत विकास की आधारशिला रखेंगे।

उन्होंने बताया कि इससे मध्यप्रदेश में बिजली की उपलब्धता में वृद्धि होगी और राज्य की बिजली की मांग को पूरा करने के लिए 100 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। यादव ने कहा कि ये नए बिजली संयंत्र डिजाइन, निर्माण, वित्त, स्वामित्व और संचालन (डीबीएफओओ) मॉडल पर स्थापित किए जाएंगे, जिससे लगभग 8,000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।

ये संयंत्र अनूपपुर जिले में स्थापित किए जाएंगे। यादव ने यह भी बताया कि राज्य की उद्योग-अनुकूल नीतियों, मजबूत बुनियादी ढांचे और सुशासन के कारण, मध्यप्रदेश भारत और विदेशों में निवेशकों और औद्योगिक समूहों के लिए एक प्रमुख गंतव्य बन रहा है।