CG Weather Update: मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना जताई है।
छत्तीसगढ़ में जनवरी के अंतिम दिनों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना जताई है। इसके साथ ही उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं।
CG Weather Update: अगले तीन दिनों बाद फिर बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में यह गिरावट अल्पकालिक रहेगी। अगले 24 घंटे ठंड बढ़ने के बाद आगामी तीन दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। हालांकि सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रहेगा।
पिछले 24 घंटों का तापमान रिकॉर्ड
बीते 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क बना रहा। इस दौरान प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
सिनोप्टिक सिस्टम: पश्चिमी जेट स्ट्रीम का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी भारत में उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम सक्रिय है, जिसकी गति समुद्र तल से करीब 12.6 किमी ऊपर लगभग 130 नॉट दर्ज की गई है। इसके अलावा 2 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी दिखेगा।
3 और 4 फरवरी को बारिश के आसार
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में आज और अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। हालांकि 3 और 4 फरवरी को मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। वहीं राजधानी रायपुर में 30 जनवरी को सुबह के समय धुंध और हल्का कोहरा छाए रहने के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।



