राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 2026 का जिले में शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में आयोजित इस परीक्षा के तहत जिले के कुल 45 परीक्षा केंद्रों में दो पालियों में परीक्षा ली गई।
प्रथम पाली में 8071 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 7022 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में 13179 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 11823 ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान प्रशासन ने सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की थीं।
परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा के लिए पर्यवेक्षकों, उडऩदस्ता दल और पुलिस बलों की तैनाती की गई थी। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी व्यवस्था भी लागू की गई थी। प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि परीक्षा में किसी प्रकार की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि न हो।
टीईटी परीक्षा का आयोजन सुचारू रूप से होने से अभ्यर्थियों ने राहत की सांस ली और शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा में भाग लिया। जिला प्रशासन की तत्परता और कड़ी निगरानी के कारण परीक्षा पूरी तरह से निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई।



