Home छत्तीसगढ़ भू-जल पुनर्भरण और जल संरक्षण पर कार्यशाला संपन्न, विशेषज्ञों ने दी महत्वपूर्ण...

भू-जल पुनर्भरण और जल संरक्षण पर कार्यशाला संपन्न, विशेषज्ञों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी

1
0

राजनांदगांव। जिला पंचायत सभाकक्ष में आज भू-जल पुनर्भरण और जल संरक्षण पर कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता केन्द्रीय भू-जल बोर्ड छत्तीसगढ़ के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. डी ज्ञान सुंदर ने की। कार्यशाला में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह भी उपस्थित थीं।

कार्यशाला में केन्द्रीय भू-जल बोर्ड के वैज्ञानिकों और विषय विशेषज्ञों ने भू-जल पुनर्भरण, वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण के वैज्ञानिक और तकनीकी उपायों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इसके साथ ही भू-जल स्तर संवर्धन और सतत जल प्रबंधन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की गई।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय स्थापित करते हुए भू-जल संरक्षण और पुनर्भरण की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करना था। विशेषज्ञों ने जल संरक्षण को जनसहभागिता आधारित अभियान के रूप में संचालित करने के लिए उपस्थित अधिकारियों और प्रतिनिधियों को प्रेरित किया।

इसके अलावा, सेंट्रल ग्राउंडवाटर बोर्ड के अधिकारियों ने जिले के ग्राम पंचायत बरगा और ग्राम पंचायत फरहद के मिशन जल संरक्षण के तहत किए गए कार्यों का अवलोकन किया। साथ ही, जिले में बनाए गए अभिनव परकोलेशन टैंक और इंजेक्शन वेल के निर्माण की सराहना भी की गई।

कार्यशाला में जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, कृषि विभाग, वन विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के तकनीकी अधिकारी-कर्मचारी और पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि भी सम्मिलित हुए। कार्यशाला में जल संरक्षण के महत्व को समझते हुए इसे एक व्यापक और समग्र दृष्टिकोण से लागू करने की बात की गई।