राजनांदगांव। थाना सोमनी पुलिस और सायबर सेल की सयुक्त कार्रवाई में गांजा तस्करी के मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 14.662 किलोग्राम अवैध गांजा, एक इलेक्ट्रीक ऑटो वाहन और अन्य सामान जब्त किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर अपराध की रोकथाम और मादक पदार्थों की तस्करी पर कड़ी नजर रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव के नेतृत्व में पुलिस ने रायपुर से राजनांदगांव की ओर आ रहे इलेक्ट्रीक ऑटो वाहन क्रमांक सीजी 04 क्यू एफ 3543 को ग्राम टेडेसरा में रोक कर चेक किया। ऑटो के अंदर 8 छोटे-बड़े पैकेटों में कुल 14.662 किलोग्राम गांजा छिपा हुआ था। इसकी कीमत लगभग ₹7,33,100 रुपये आंकी गई है।
जब्त की गई सामग्री:
इलेक्ट्रीक ऑटो वाहन (कीमत ₹2,00,000)
14.662 किलोग्राम गांजा (कीमत ₹7,33,100)
1 कीपेड मोबाइल फोन
2 एनराइड मोबाइल फोन
1 ईयर बड
₹3023 नगद
पुलिस ने मौके पर तीनों आरोपियों से पूछताछ की, जिनमें दुर्गेश रायकर उर्फ विक्की (30 वर्ष, ग्राम हीरापुर लाटरी नगर, रायपुर), मो0 जुल्फिकार उर्फ राजा (32 वर्ष, कबीर नगर अटल आवास, रायपुर), और दीपक साहू (38 वर्ष, कबीर नगर अटल आवास, रायपुर) शामिल हैं। आरोपियों ने बताया कि वे रायपुर से गांजा लेकर राजनांदगांव बिक्री के लिए ला रहे थे।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(ii) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें आज न्यायालय में पेश किया गया, और न्यायिक आदेशों के बाद जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर कीरो, थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव, सहायक उप निरीक्षक राजू मेशराम, प्रधान आरक्षक डुलेश्वर साहू, आरक्षक दिनेश वर्मा, और सायबर टीम का अहम योगदान रहा।



