राजनांदगांव। महापौर श्री मधुसूदन यादव ने आज सुबह वार्ड नं. 29, 30 और 31 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कैलाश नगर, कंचनबाग और जनता कालोनी का दौरा कर स्थानीय निवासियों से संवाद किया और क्षेत्र की साफ-सफाई, उद्यानों की स्थिति तथा पानी की आपूर्ति की समस्या पर चर्चा की।
वार्ड निरीक्षण के दौरान महापौर ने पार्षद श्रीमती न्यामत हुद्दा, श्री चंद्रशेखर लश्करे और श्रीमती रीना सिन्हा, पूर्व पार्षद श्री अमीन हुद्दा तथा श्री विट्ठल पटेल के साथ मिलकर वार्डवासियों से फीडबैक लिया। महापौर ने स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी को लेकर वार्डवासियों से सहयोग की अपील की और कहा कि शहर की सफाई में सुधार लाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिसे वार्डवासियों का पूरा सहयोग चाहिए। उन्होंने निवासियों से अपने घरों के आसपास सफाई रखने और कचरे को सही तरीके से अलग-अलग करके स्वच्छता दीदियों को सौंपने की समझाईश दी।
कैलाश नगर में जलाराम मंदिर के पास स्थित उद्यान में लाइट लगाने और मरम्मत की आवश्यकता के बारे में महापौर ने संबंधित इंजीनियर को निर्देश दिए। वहीं कंचनबाग के अटल आवास के पास पानी निकासी की समस्या को लेकर उन्होंने अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए जरूरी कदम उठाने की बात कही।
जनता कालोनी में पानी की कमी की शिकायत पर महापौर ने पानी टैंकर भेजने और पाइपलाइन की जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही, जनता कालोनी के उद्यान का भी निरीक्षण किया और उसकी मरम्मत के साथ-साथ वहां आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करने की बात कही।
इस मौके पर महापौर के साथ प्र. सहायक अभियंता श्रीमती गरिमा वर्मा, सुश्री सुषमा साहू, उप अभियंता श्रीमती पिंकी खाती, श्रीमती रीतू श्रीवास्तव, प्र. स्वास्थ्य अधिकारी श्री राजेश मिश्रा और निगम का तकनीकी व स्वास्थ्य अमला भी उपस्थित था।
महापौर ने सभी वार्डवासियों से नगर निगम के साथ मिलकर अपने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।



