Home राजनीति ‘देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे राहुल, चीन-पाकिस्तान…’, कांग्रेस पर...

‘देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे राहुल, चीन-पाकिस्तान…’, कांग्रेस पर बरसे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल…

3
0

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कांग्रेस की ‘कॉम्प्रोमाइज’ राजनीति पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं.

उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी और उनकी कांग्रेस पार्टी एक कॉम्प्रोमाइज परिवार, एक कॉम्प्रोमाइज राजनीतिक दल हैं. राहुल गांधी नकारात्मक राजनीति के प्रतीक बन गए हैं.’

भारत के हितों को भी खतरे में डालते हैं राहुल गांधी: गोयल

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, ‘कॉम्प्रोमाइज राहुल गांधी येलो बुक प्रोटोकॉल की अनदेखी और उल्लंघन करते हुए 247 बार विदेश यात्रा कर चुके हैं. वे सरकार की सुरक्षा व्यवस्था से समझौता करते हैं और जब वे विदेश जाते हैं तो भारत और भारतीयों के हितों को भी खतरे में डालते हैं. उनके राष्ट्रविरोधी ताकतों से संबंध हैं. वे सोरोस की सहयोगी इल्हान उमर से कैसे मुलाकातें करवाते हैं, जिनके जॉर्ज सोरोस के साथ अवैध संबंध लगातार सामने आ रहे हैं. वे सीमा-संवेदनशील लद्दाख क्षेत्र की यात्रा करते हैं और भारत के हितों के खिलाफ काम करने वाले विदेशी व्यक्तियों, जैसे शाकिर मीर अली से संबंध स्थापित करते हैं.

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘हम सभी बार-बार देखते हैं कि राहुल गांधी सोरोस, चीन और पाकिस्तान जैसे देशों से जुड़े लोगों के साथ मिलकर अपने देश के हितों को कैसे खतरे में डालते हैं. वे भारत को आर्थिक रूप से कमजोर करने और उसकी अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के लिए ओसीसीआरपी जैसे संगठनों के टूलकिट का बार-बार इस्तेमाल कैसे करते हैं. उन्होंने एक तरह से देश और दुनिया के सामने मनमानी राजनीति का रवैया दिखाया है.’

भारत विरोधी सरकारों की कठपुतली हैं राहुल गांधी: गोयल

केंद्रीय वाणिज्य मंत्री ने कहा, ‘राहुल गांधी भारत विरोधी ताकतों, भारत विरोधी संगठनों और भारत विरोधी सरकारों की कठपुतली मात्र हैं. हमने प्रेस के साथ उनका व्यवहार देखा है. आप राहुल गांधी से कोई असहज सवाल भी नहीं पूछ सकते, वरना आपको बीजेपी से जुड़ा पत्रकार करार दिया जाएगा. वे सिर्फ सुनियोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस चाहते हैं. वे लिखित में दिए गए सवालों के अलावा कोई और सवाल का जवाब नहीं देता. ऐसा शख्स कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व कर रहा है और देश के साथ खिलवाड़ कर रहा है.’

पीयूष गोयल ने कहा, ‘वे देशवासियों के हितों को पूरी तरह से दांव पर लगा रहे हैं. शायद वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता, नए भारत, उभरती अर्थव्यवस्था और उभरते विश्व में भारत के प्रभुत्व को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं. यही कारण है कि वे बार-बार झूठ बोलकर देश के हितों से समझौता कर रहे हैं. सिर्फ सोनिया गांधी और राहुल गांधी ही देश से समझौता करने वाले नहीं हैं. राजीव गांधी भी देश से समझौता करने से कभी पीछे नहीं हटे.’