Home राजनीति NCP की ‘बॉस’ बनीं सुनेत्रा पवार, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी...

NCP की ‘बॉस’ बनीं सुनेत्रा पवार, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी अध्यक्ष नियुक्त…

2
0

दिवंगत अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार अब एनसीपी की नई ‘बॉस’ हैं. गुरुवार (26 फरवरी) को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उन्हें अध्यक्ष चुना गया. पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने सुनेत्रा पवार के नाम की घोषणा की.

चर्चा है कि सुनेत्रा पवार के बेटे पार्थ पवार को भी बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है. पार्टी की बैठक में प्रफुल्ल पटेल ने अध्यक्ष पद के सुनेत्रा पवार के नाम का प्रस्ताव रखा जिसे सभी ने स्वीकार लिया.

28 जनवरी को अजित पवार का हुआ था निधन

एनसीपी की बैठक में सुनेत्रा पवार, सुनील तटकरे, प्रफुल्ल पटेल, पार्थ पवार और छगन भुजबल सहित कई नेता मौजूद रहे. प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि 28 जनवरी को अजित दादा का निधन हो गया, ये हम सभी के लिए सदमा है. हमारे सामने ये सवाल था कि हम अब क्या करेंगे. हमारी पार्टी सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में काम करेगी.

हमने सही समय पर सही फैसला लिया- प्रफुल्ल पटेल

प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि बीते महीने हमने देखा कि कुछ लोग तरह-तरह की बातें कर रहे थे जिनका हमारी पार्टी से कोई लेना देना नहीं. लेकिन हमने सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम बनाया. हमने सही समय पर सही फैसला लिया. अब हम नए अध्यक्ष के नेतृत्व में आगे बढ़ेंगे. हम सब यहां साथ आए हैं.

प्रफुल्ल पटेल ने आगे कहा कि अजित पवार ने उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया. उन्होंने बहुत भरोसा किया. हमने पार्टी और महाराष्ट्र के हित में काम किया. पटेल ने कहा, “तटकरे, छगन भुजबल, हसन मुश्रीफ और मेरी जिम्मेदारी है कि हम पार्टी को आगे ले जाए. अजित पवार के साथ 35 सालों की दोस्ती है. मैं आज घोषणा करता हूं कि सुनेत्रा पवार पार्टी की अध्यक्ष होंगी.”

बता दें कि सुनेत्रा पवार अभी महाराष्ट्र के किसी सदन की सदस्य नहीं हैं. वो राज्यसभा की सांसद थीं. उनकी जगह उनके बेटे पार्थ पवार को एनसीपी राज्यसभा भेजेगी. राज्यसभा के लिए 16 मार्च को चुनाव होने हैं.