राजनांदगांव। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 39 हीरा मोती वार्ड के सामुदायिक भवन में 60 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य क्षेत्र की महिलाओं एवं युवतियों को आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है।
आज प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान वार्ड के पार्षद श्री रवि सिन्हा उपस्थित हुए। उन्होंने प्रशिक्षण ले रही महिलाओं से संवाद करते हुए उन्हें मन लगाकर प्रशिक्षण प्राप्त करने एवं अपने हुनर को रोजगार में परिवर्तित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पार्षद श्री सिन्हा द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को अध्ययन सामग्री के रूप में कॉपी एवं पेन का वितरण भी किया गया, जिससे उन्हें प्रशिक्षण के दौरान नोट्स बनाने एवं सीखने में सुविधा मिल सके।
पार्षद श्री रवि सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जो युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सार्थक कदम है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिलता है और वे अपने परिवार की आय में सहयोग कर सकती हैं।
कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों ने भी अपनी खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से उन्हें नया कौशल सीखने का अवसर मिल रहा है, जिससे भविष्य में रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी दिनों में भी नियमित रूप से संचालित होता रहेगा।



