West Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण से पहले कांग्रेस ने अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव करते हुए 7 सीटों पर उम्मीदवार बदल दिए हैं। कांग्रेस (AICC) ने 8 अप्रैल को नई सूची जारी की, जिसमें कई पुराने प्रत्याशियों की जगह नए चेहरों को मौका दिया गया है।
दूसरे चरण के मतदान से पहले पार्टी ने अपनी रणनीति में अहम बदलाव किया है।
इस नई सूची में कुल 8 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं, जिनमें 7 सीटों पर बदलाव किया गया है। सबसे प्रमुख बदलाव हावड़ा की सीट पर देखने को मिला, जहां पार्टी ने प्रणब भट्टाचार्य (Pranab Bhattacharya) को नया उम्मीदवार घोषित किया है।
West Bengal Elections 2026: कांग्रेस अकेले मैदान में
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने यह बदलाव स्थानीय समीकरणों, संगठनात्मक फीडबैक और जीत की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए किया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नए उम्मीदवारों के जरिए वह अधिक प्रभावी तरीके से चुनावी मुकाबले में उतर सकती है। इस बार कांग्रेस 294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए अकेले चुनाव लड़ रही है। ऐसे में पार्टी हर सीट पर मजबूत और जीतने वाले उम्मीदवार उतारने की रणनीति पर काम कर रही है।
Congress Candidate List: उम्मीदवारों के बदलाव के पीछे रणनीति
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि चुनाव से ठीक पहले उम्मीदवारों में बदलाव करना कांग्रेस की ‘डैमेज कंट्रोल’ और ‘री-स्टार्ट’ रणनीति का हिस्सा हो सकता है। इससे पार्टी उन सीटों पर अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है, जहां पहले घोषित उम्मीदवारों को लेकर असंतोष या कमजोर प्रदर्शन की आशंका थी। दूसरे चरण के मतदान से पहले इस तरह का फेरबदल चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।
हालांकि, प्रदेश में मुख्य टक्कर टीएमसी और बीजेपी के बीच माना जा रहा है। अचानक कांग्रेस के उम्मीदवार बदलने से न सिर्फ विपक्षी दलों की रणनीति पर असर पड़ेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के बीच भी नई हलचल देखने को मिल सकती है। अब देखना होगा कि कांग्रेस का यह दांव कितना सफल होता है और क्या नए उम्मीदवार पार्टी को चुनावी मुकाबले में बढ़त दिला पाते हैं या नहीं।



