सचिन पायलट का दावा है कि चुनाव में वोट पाने के लिए सरकार ने पेट्रोल डीजल के दाम पर रोक लगाकर रखी और चुनाव खत्म होते ही कीमत बढ़ा दी.
राजस्थान सहित पूरे देश में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से लोगों में चिंता का माहौल है. आज (शुक्रवार, 15 मई) पेट्रोल के दाम 3.25 रुपये बढ़कर 107.97 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं और डीजल 3.02 रुपये बढ़कर 93.23 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया. इसपर अब राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री और कांग्रेस के सीनयर नेता सचिन पायलट का बड़ा बयान आया है. सचिन पायलट ने बीजेपी की केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला और दावा किया, “यह पहले से ही तय था.”
पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ने पर कांग्रेस महासचिव और राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने कहा, “यह पहले से ही तय था. वोट लो, फिर कीमत बढ़ाओ.” उन्होंने आगे कहा कि 5 राज्यों के चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल के दामों में तुरंत 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई. सचिन पायलट ने सरकार पर आरोप लगाया कि पहले जनता को लुभाने के लिए दामों को बढ़ाया नहीं, चुनाव समाप्त हुए तो बोझ जनता की जेब पर डाल दिया.
VAT के आधार पर हर राज्य के रेट अलग
जानकारी के लिए बता दें कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में शुक्रवार को तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई. यह पिछले चार वर्षों में पेट्रोल-डीजल के दाम में पहली वृद्धि है. कच्चे तेल की बढ़ती वैश्विक कीमतों के कारण तेल विपणन कंपनियों का घाटा बढ़ने के बीच यह वृद्धि की गई है. इसके साथ ही, दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों में सीएनजी की कीमतों में दो रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई.
उद्योग जगत से जुड़े सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है. डीजल अब 87.67 रुपये के मुकाबले 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है. दरें राज्यों में मूल्य वर्धित कर (VAT) के अंतर के कारण अलग-अलग होती हैं.



