राजनांदगांव। भारतीय जनता पार्टी के पार्षद एवं शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय के अध्यक्ष रवि सिन्हा ने कहा कि वर्तमान समय में विश्व स्तर पर युद्ध जैसे तनावपूर्ण हालात, आर्थिक अस्थिरता, ईंधन संकट तथा वैश्विक बाजार में लगातार बढ़ती अनिश्चितताओं को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदीजी द्वारा देशवासियों से आर्थिक संयम और संसाधनों के संतुलित उपयोग की अपील अत्यंत आवश्यक एवं राष्ट्रहित में लिया गया कदम है।
रवि सिन्हा ने कहा कि सोना-चांदी की खरीद पर एक वर्ष तक संयम बरतने, अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने तथा पेट्रोल-डीजल के सीमित उपयोग का संदेश केवल एक प्रशासनिक सलाह नहीं, बल्कि देश की आर्थिक सुरक्षा और भविष्य को मजबूत करने का राष्ट्रीय अभियान है। युद्ध और अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण वैश्विक बाजार में तेल, आयात-निर्यात तथा विदेशी मुद्रा पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह देशहित को सर्वोपरि रखते हुए जिम्मेदार व्यवहार अपनाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने हमेशा कठिन परिस्थितियों में भी देश को मजबूती से आगे बढ़ाने का कार्य किया है। आज आवश्यकता इस बात की है कि हम अनावश्यक खर्चों में कटौती करें, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दें तथा ईंधन और संसाधनों का उपयोग सोच-समझकर करें।
रवि सिन्हा ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बचत केवल आर्थिक विषय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ा हुआ मुद्दा है। वहीं सोना-चांदी जैसी विलासिता की खरीद में संयम बरतने से देश की विदेशी मुद्रा स्थिति मजबूत होगी और आर्थिक संतुलन बना रहेगा।
उन्होंने राष्ट्रभक्तो से अपील करते हुए कहा कि वैश्विक परिस्थितियों को समझते हुए प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में राष्ट्रहित के इस अभियान में सहभागी बनें और “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ भारत को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में सहयोग करें।



