Home समाचार Cockroach Janata Party: कॉकरोच जनता पार्टी भारत को अस्थिर करने की कोशिश...

Cockroach Janata Party: कॉकरोच जनता पार्टी भारत को अस्थिर करने की कोशिश का हिस्सा, CJP को लेकर BJP का बड़ा दावा…

5
0

Cockroach Janata Party: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर ने बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि यह भारत को अस्थिर करने वाला सीमा पार का अभियान हो सकता है.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल यूनिट के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने शनिवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) अकाउंट को लेकर बड़ा आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक मजाक या सोशल मीडिया ट्रेंड नहीं है, बल्कि भारत को अस्थिर करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार को निशाना बनाने के लिए चलाया जा रहा एक संगठित अभियान हो सकता है.

राजीव चंद्रशेखर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के जरिए जनमत को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह अभियान सीमा पार से चलाया जा रहा है और इसमें विपक्ष के कुछ लोगों का भी समर्थन हो सकता है. उन्होंने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया, बॉट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का इस्तेमाल करके लोगों की सोच को प्रभावित करना आसान हो गया है. ऐसे अभियान देखने में सामान्य लगते हैं, लेकिन इनके जरिए समाज में भ्रम और अस्थिरता पैदा की जा सकती है.

मोदी सरकार को निशाना बनाने का आरोप

भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और देश का आधुनिकीकरण हो रहा है. उनके अनुसार भारत की यह प्रगति कई देशों और कुछ खास समूहों को पसंद नहीं आ रही है. उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी, रूस-यूक्रेन युद्ध, अमेरिका-ईरान तनाव, ऊर्जा संकट और चीन की आक्रामकता जैसे कई वैश्विक संकटों के बावजूद मोदी सरकार ने भारत को मजबूत और सुरक्षित बनाए रखा.राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि देश को विकसित भारत बनाने के रास्ते से कोई नहीं भटका सकता. उन्होंने यह भी कहा कि कोई कॉकरोच, कोई छोटा विपक्षी नेता या विदेशी ताकत भारत की प्रगति को रोक नहीं सकती.

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था अकाउंट

कॉकरोच जनता पार्टी नाम का सोशल मीडिया अकाउंट पिछले सप्ताह अचानक चर्चा में आया था. इस अकाउंट ने कम समय में बड़ी संख्या में फॉलोअर्स जुटा लिए थे और इसके पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे थे. गुरुवार (21 मई 2026) को भारत में इस अकाउंट पर रोक लगा दी गई. हालांकि कुछ ही समय बाद कॉकरोच इज बैक नाम से नया अकाउंट सामने आ गया, जिसकी टैगलाइन थी कॉकरोच मरता नहीं है.

बेंगलुरु पुलिस की चेतावनी

इस बीच बेंगलुरु पुलिस ने भी लोगों को चेतावनी जारी की है. पुलिस ने कहा कि 24 मई को टाउन हॉल के पास कॉकरोच जनता पार्टी कर्नाटक के नाम से प्रस्तावित मानव श्रृंखला कार्यक्रम के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई है. पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे इस कार्यक्रम में शामिल न हों और इससे जुड़े संदेश सोशल मीडिया पर शेयर करने से भी बचें.