बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने हमला बोलते हुए कहा कि विजनलेस NDA सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी है.
आरजेडी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने महंगाई के मसले पर केंद्र सरकार को घेरा है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार के पास महंगाई की मेलोडी पर लगाम लगाने की कोई रेमेडी नहीं हैं. उन्होंने आरोप लगाते हुआ कहा कि NDA सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के वजह से देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गई है. RJD नेता ने ये भी कहा कि महंगाई-गरीबी और बेरोजगारी ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए. इसके साथ ही उन्होंने रुपये में गिरावट का जिक्र कर सरकार पर हमला बोला.
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”25 जुलाई 2013 को प्रधानमंत्री बनने से पहले नरेंद्र मोदी ने कहा था कि केंद्र सरकार और रूपये के गिरने का कम्पीटीशन चल रहा है कि कौन कितना गिरेगा? आज रूपया सबसे निचले स्तर पर पहुंच कर पूरे एशिया में रुपए सबसे कमजोर मुद्रा बन चुका है.”
12 सालों में रुपया अपनी आधी कीमत खो चुका- तेजस्वी यादव
उन्होंने आगे कहा, ”मोदी जी के नेतृत्व में रुपए में लगातार गिरावट का यह आठवां साल है. विगत 12 वर्षों में रुपया अपनी आधी कीमत खो चुका है. देशवासियों को गुमराह करते हुए प्रधानमंत्री कहते है कि भारत दुनिया की शीर्ष की बड़ी अर्थव्यवस्था है लेकिन अमेरिकी डॉलर में प्रति व्यक्ति GDP देखें तो भारत दुनिया में 16वें नंबर पर बांग्लादेश से भी पीछे है.”
बिहार के वित्तीय हालात तो सबसे खराब- तेजस्वी यादव
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम ने हमला बोलते हुए ये भी कहा कि विजनलेस NDA सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी है. महंगाई-गरीबी और बेरोजगारी ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए है. देश के सबसे पिछड़े और गरीब राज्य बिहार के वित्तीय हालात तो सबसे खराब हैं.
‘गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए घर चलाना मुश्किल’
तेजस्वी यादव ने कहा, ”एलपीजी गैस, पेट्रोल-डीजल, खाद-बीज, पढ़ाई-दवाई-सिंचाई समेत सभी वस्तुओं के दाम बढ़ रहे हैं. राशन, तेल, दाल, दूध और रोजमर्रा की जरूरत के सामान आम लोगों की पहुंच से बाहर होते जा रहे हैं. गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए घर चलाना मुश्किल हो चुका है. खानपान से लेकर यातायात तक हर चीज महंगी हो गई है लेकिन NDA की कथित डबल इंजन सरकार के पास महंगाई पर लगाम लगाने का कोई ठोस रोडमैप नहीं है.”
‘NDA सरकार को आम जनता की जरा भी फिक्र नहीं’
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देश के प्रधान और डबल इंजन सरकार के पास महंगाई की इस मेलोडी पर लगाम लगाने की कोई रेमेडी नहीं है. डबल इंजन सरकार में बेरोजगारी, ग़रीबी और महंगाई ट्रबलिंग रेट पर कई गुना बढ़ रही है. बिहार में शासन का संचालन ऐसे हो रहा है मानो लगता है यहाँ किसी सरकार का कोई अस्तित्व है ही नहीं. NDA सरकार को आम जनता की जरा भी फिक्र नहीं है.
बता दें कि इटली की यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने वहां की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी को मेलोडी नाम की चॉकलेट गिफ्ट की थी. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था और विपक्ष के नेता लगातार इसका जिक्र कर केंद्र की सरकार को घेरने में जुटे हैं.



