तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता के. अन्नामलाई जल्द ही पार्टी से इस्तीफ दे देंगे. उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हाल ही में मुलाकात की है. अब चर्चा है कि वे जल्द ही पार्टी का साथ छोड़ देंगे. अन्नामलाई शुक्रवार (5 जून) को भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन को इस्तीफा दे सकते हैं.
अन्नामलाई जल्द ही दिल्ली से तमिलनाडु के लिए रवाना होंगे. वे इसके बाद शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. अहम बात यह भी है कि अन्नामलाई को बीजेपी नेतृत्व की ओर से अभी तक जवाब नहीं मिला है. तमिलनाडु में विजय की पार्टी टीवीके (तमिलगा वेत्री कजगम) की जीत के बाद राजनीतिक गलियारे में काफी हलचल देखी गई. भाजपा को तमिलनाडु चुनाव में निराशा हाथ लगी थी. इसी के बाद अन्नामलाई ने इस्तीफे का मन बना लिया.
अन्नामलाई ने भाजपा के शीर्ष नेताओं से की मुलाकात
तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अन्नामलाई ने मंगलवार को नई दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ कई बैठकें कीं. ये बैठकें भाजपा में उनकी भविष्य की भूमिका को लेकर जारी अटकलों और राज्य इकाई में हाल के घटनाक्रमों से उनकी असंतुष्टि की खबरों के बीच हुईं.
अन्नामलाई ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की.इन मुलाकातों में कथित तौर पर तमिलनाडु की राजनीतिक स्थिति और पार्टी के भीतर अन्नामलाई के भविष्य के मार्ग पर चर्चा हुई.
इस साल की शुरुआत में तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद अन्नामलाई की भविष्य की भूमिका को लेकर बढ़ती राजनीतिक अटकलों के बीच इन बैठकों का महत्व बढ़ गया है. हालांकि, हाल के दिनों में उनकी असंतुष्टि की अफवाहें तेज हो गई हैं, लेकिन न तो अन्नामलाई और न ही भाजपा नेतृत्व ने चर्चाओं के विवरण पर कोई सार्वजनिक बयान दिया है.



