DRDO Recruitment 2026: डीआरडीओ में नौकरी करने का कैंडिडेट्स के पास शानदार मौका है. कैंडिडेट्स आधिकारिक साइट पर जाकर 19 जून से पहले आवेदन कर सकते हैं.
DRDO Recruitment 2026: रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) में साइंटिस्ट बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. डीआरडीओ के रिक्रूटमेंट एंड असेसमेंट सेंटर (RAC) ने साइंटिस्ट C, साइंटिस्ट D और साइंटिस्ट E के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 33 रिक्त पदों को भरा जाएगा. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार ऑनलाइन तरीके से अप्लाई कर सकते हैं.
इस भर्ती अभियान के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 19 जून 2026 तक आवेदन जमा कर सकते हैं. आवेदन केवल ऑनलाइन मोड में स्वीकार किए जाएंगे. अभ्यर्थी डीआरडीओ आरएसी की आधिकारिक वेबसाइट rac.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.
कुल कितने पदों पर होगी भर्ती?
डीआरडीओ की इस भर्ती के माध्यम से कुल 33 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इनमें साइंटिस्ट E के 2 पद, साइंटिस्ट D के 11 पद और साइंटिस्ट C के 20 पद शामिल हैं. चयनित उम्मीदवारों को रक्षा अनुसंधान और तकनीकी विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर काम करने का अवसर मिलेगा.
क्या है जरूरी शैक्षणिक योग्यता?
भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से इंजीनियरिंग या टेक्नोलॉजी की डिग्री होनी चाहिए. संबंधित पदों के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग सहित निर्धारित विषयों में प्रथम श्रेणी से डिग्री प्राप्त होना जरूरी है. इसके अलावा उम्मीदवारों के पास पद के अनुसार निर्धारित कार्य अनुभव भी होना चाहिए. अलग-अलग पदों के लिए अनुभव की अवधि और योग्यता अलग हो सकती है.
आयु सीमा
डीआरडीओ भर्ती में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की अधिकतम आयु पद के अनुसार निर्धारित की गई है. साइंटिस्ट C, D और E पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष से 45 वर्ष के बीच रखी गई है. वहीं आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी.
आवेदन शुल्क कितना देना होगा?
सामान्य (General), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क के रूप में 100 रुपये का भुगतान करना होगा. वहीं अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और दिव्यांग (PH) वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है.
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार सबसे पहले डीआरडीओ आरएसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. इसके बाद नए उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी. रजिस्ट्रेशन के बाद लॉगिन करके आवेदन पत्र में मांगी गई सभी जानकारी दर्ज करें. इसके बाद आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और यदि शुल्क लागू हो तो उसका भुगतान करें. आवेदन पत्र जमा करने के बाद उसका प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रख लें.



