अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ का काफी बज बना हुआ है। 2 अक्टूबर को रिलीज होने से पहले ही इसे लेकर काफी उत्साह है। मेकर्स ने शुक्रवार को ऐलान करते हुए बताया कि एडवांस बुकिंग 27 सितंबर से शुरू होगी।
पैनोरमा स्टूडियोज ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का नया पोस्टर शेयर करते हुए कन्फर्म किया कि प्री-बुकिंग रविवार से शुरू हो जाएगी। कैप्शन में लिखा था- “आखिरी हिस्से की शुरुआत के लिए पहले से तैयार रहें! बुकिंग 27 सितंबर को खुलेगी।
#DrishyamTheConclusion 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में। #DrishyamDay #2ndOct।”
एडवांस बुकिंग शुरू होने से पता चलेगा कि दर्शक इस फ्रैंचाइजी के आखिरी चैप्टर पर कैसी प्रतिक्रिया देते हैं। पिछली फिल्मों की मजबूत फैन-फॉलोइंग को देखते हुए थिएटर में रिलीज से पहले एडवांस बुकिंग के आंकड़ों पर सबकी नजर रहेगी।
इस बीच ‘दृश्यम द कन्क्लूज़न’ के डिस्ट्रीब्यूशन के मामले में भी एक बड़ी बात सामने आई है। पैनोरमा स्टूडियोज और जी स्टूडियोज ने फिल्म के ओवरसीज (विदेशों में) थिएटर डिस्ट्रीब्यूशन के लिए हाथ मिलाया है। इस सहयोग का मकसद अजय देवगन की इस फिल्म को बड़े अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाना है और मेकर्स इसे दुनिया भर में 8,000 से ज्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज करने की योजना बना रहे हैं।
इस फ्रैंचाइजी ने पिछले कुछ सालों में दर्शकों के बीच अपनी मजबूत जगह बनाई है और इसकी पिछली फिल्म सिनेमाघरों में बहुत सफल रही थी। तीसरी फिल्म में विजय सलगांवकर और उनके परिवार की कहानी आगे बढ़ेगी, जिसमें अजय देवगन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी ‘दृश्यम: द कन्क्लूज़न’ में कई कलाकार शामिल हैं। अजय के अलावा इसमें तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, जयदीप अहलावत, प्रकाश राज, कमलेश सावंत, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव जैसे नाम शामिल हैं।
इस फिल्म को स्टार स्टूडियो18 ने पेश किया है और पैनोरमा स्टूडियोज ने प्रोड्यूस किया है। अभिषेक पाठक ने इस फिल्म का निर्देशन किया है और आमिल कीयन खान व परवेज शेख के साथ मिलकर इसकी कहानी भी लिखी है। इसे आलोक जैन, अजीत अंधारे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक ने प्रोड्यूस किया है। ‘दृश्यम: द कन्क्लूज़न’ 2 अक्टूबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।



