Chinti Janta Party: पार्टी के संस्थापक अनूप राघव ने कहा कि आने वाले दिनों में जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन का कार्यक्रम भी आयोजित किया जा सकता है. साथ ही उन्होंने यूपी चुनाव 2027 लड़ने की भी बात कही.
मेरठ में एक नई राजनीतिक पार्टी के गठन की घोषणा की गई है. पूर्व बीजेपी नेता अनूप राघव ने ‘चींटी जनता पार्टी’ नाम से संगठन की शुरुआत की है. उन्होंने दावा किया है कि यह पार्टी आम लोगों की समस्याओं और जमीनी मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी.
पार्टी के संस्थापक अनूप राघव ने कहा कि चींटी को मेहनत, अनुशासन, एकजुटता और निरंतर संघर्ष का प्रतीक माना जाता है. इसी विचार से प्रेरित होकर पार्टी का नाम ‘चींटी जनता पार्टी’ रखा गया है. उनका कहना है कि समाज के कमजोर, वंचित और आम वर्ग की आवाज को मजबूत मंच देने के उद्देश्य से इस राजनीतिक दल का गठन किया गया है.
‘सीधे संवाद पर रहेगा जोर’
राघव ने बताया कि उनकी पार्टी स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनता से सीधे संवाद स्थापित करने पर जोर देगी. उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक व्यवस्था में कई जनसमस्याएं अब भी समाधान की प्रतीक्षा कर रही हैं और उनकी पार्टी ऐसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का काम करेगी.
3 दशक तक बीजेपी से जुड़े रहे राघव
अनूप राघव पिछले तीन दशकों से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे हैं और संगठन में कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारियां निभा चुके हैं. उनका कहना है कि जब उन्हें महसूस हुआ कि पार्टी के भीतर रहकर वे भ्रष्टाचार और आम आदमी से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से नहीं उठा पा रहे हैं, तब उन्होंने नई पार्टी के गठन का निर्णय लिया.
‘यूपी चुनाव 2027 लड़ेगी पार्टी’
उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में भी उनकी पार्टी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी. राघव का कहना है कि उनका उद्देश्य सरकार का विरोध करना नहीं, बल्कि जनहित के मुद्दों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है. उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले दिनों में जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन का कार्यक्रम भी आयोजित किया जा सकता है. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे किसी भी कार्यक्रम में देश-विरोधी तत्वों या तथाकथित ‘डफली गैंग’ के लिए कोई स्थान नहीं होगा.



