Home छत्तीसगढ़ बारिश पूर्व सड़क मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्यों में तेजी – शहर के...

बारिश पूर्व सड़क मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्यों में तेजी – शहर के उद्यानों और सार्वजनिक स्थलों के उन्नयन की तैयारी…

1
0

राजनांदगांव: नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा मानसून के आगमन से पूर्व शहर की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर मरम्मत एवं संधारण कार्य किए जा रहे हैं। नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहर की सड़कों पर गढ्डों को भरने तथा पेचवर्क का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। गौरव पथ के किनारे निर्मित चबूतरे लंबे समय से उपयोग में होने के कारण कुछ स्थानों पर प्लास्टर उखडऩे की समस्या सामने आयी है। साथ ही वाहनों की टक्कर से भी कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हुए हैं। इन चबूतरों के मरम्मत एवं रंग-रोगन का कार्य प्रस्तावित है, जिससे गौरव पथ का सौंदर्य और आकर्षण बढ़ेगा।

इसी प्रकार कलेक्ट्रेट परिसर की बाउंड्रीवाल के आवश्यक मरम्मत कार्य भी संबंधित विभाग द्वारा कराए जाएंगे। वहीं सर्विस लेन के किनारे विकसित उद्यानों के पुराने हो जाने के कारण उनके उन्नयन एवं संधारण तथा शहर के सभी उद्यानों एवं हरित क्षेत्रों के समग्र मरम्मत और संधारण के लिए बजट प्रावधान संबंधी प्रस्ताव शासन को भेजा जा रहा है। स्वीकृति प्राप्त होने के पश्चात चरणबद्ध तरीके से आवश्यक कार्य कराए जाएंगे। इन प्रयासों से शहर की सुंदरता, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा आमजन को बेहतर सार्वजनिक अधोसंरचना का लाभ मिलेगा।