आईबी ग्रुप ने 22 जून को अपने प्रबंध निदेशक (एमडी) बहादुर अली के जन्मदिवस को “इंस्पिरेशन डे” के रूप में उत्साह और गरिमा के साथ मनाया। इस अवसर पर कृषि, पोषण, कर्मचारी कल्याण, हरित ऊर्जा और खेल प्रोत्साहन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं, जो समाज और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाली साबित होंगी।
कार्यक्रम के दौरान आईबी ग्रुप और छत्तीसगढ़ शासन के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य खरीफ फसलों में पानी की बढ़ती समस्या को ध्यान में रखते हुए किसानों को कम पानी में उगाई जाने वाली फसलों के लिए प्रोत्साहित करना है। आईबी ग्रुप ऐसी फसलों की किसानों से बेहतर एवं लाभकारी मूल्य पर खरीद करेगा, जिससे किसानों की आय और मुनाफे में वृद्धि होगी तथा जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
भारत प्रोटीन मिशन की शुरुआत
इंस्पिरेशन डे के अवसर पर आईबी ग्रुप ने “भारत प्रोटीन मिशन” की भी शुरुआत की। इस महत्वाकांक्षी अभियान के तहत देशभर के लगभग 400 गांवों में पूरे वर्ष यानी 365 दिनों तक प्रोटीन जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। प्रत्येक क्षेत्र के अग्रणी किसान इस मिशन के ब्रांड एंबेसडर के रूप में कार्य करेंगे और अपने क्षेत्र की महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को प्रोटीन के महत्व के प्रति जागरूक करेंगे।
आईबी ग्रुप की लगभग 400 शाखाओं से जुड़े 25 से 30 हजार किसान इस अभियान का हिस्सा बनेंगे। मिशन का उद्देश्य चिकन को एक सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण प्रोटीन स्रोत के रूप में स्थापित करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण संबंधी जागरूकता को बढ़ाना है।
कर्मचारियों के लिए तीन नई कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा
आईबी ग्रुप ने अपने कर्मचारियों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए तीन महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ किया, जिन पर कंपनी लगभग 12 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
- श्रमिक प्रगति योजना
इस योजना के अंतर्गत अगले दो वर्षों में कर्मचारियों को लगभग 400 मोटरसाइकिलें उपलब्ध कराई जाएंगी। कर्मचारियों को यह सुविधा 15 प्रतिशत सब्सिडी के साथ प्रदान की जाएगी, जिससे उनकी आवागमन संबंधी जरूरतें आसान हो सकें।
- कर्मचारी उत्थान योजना
इस योजना के तहत 20 हजार रुपये तक मासिक वेतन प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की खरीद के लिए विशेष आर्थिक सहायता एवं सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हो सके।
- आईबी ग्रीन एनर्जी योजना
कर्मचारी में सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई इस योजना के अंतर्गत सोलर एवं अन्य ऊर्जा परियोजनाओं पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी के अतिरिक्त आईबी ग्रुप 10 प्रतिशत अतिरिक्त सब्सिडी प्रदान करेगा। आवश्यकता पड़ने पर कंपनी लाभार्थियों को वित्तीय सहयोग भी उपलब्ध कराएगी।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच
कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत आईबी ग्रुप ने “अज़ीज़ फुटबॉल क्लब” की शुरुआत की। इस पहल के माध्यम से अंडर-14 आयु वर्ग के बच्चों को फुटबॉल प्रतियोगिताओं एवं प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को उचित मंच मिल सके और कई अन्य फुटबॉल क्लब के खेलने के अवसर प्रदान कर उन्हें खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया जा सके।
सैंड आर्ट के जरिए दिखाई आईबी ग्रुप की प्रेरणादायक यात्रा
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण इंडियाज गॉट टैलेंट फेम प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट नितीश भारती रहे। उन्होंने अपनी अद्भुत सैंड आर्ट के माध्यम से आईबी ग्रुप की स्थापना से लेकर वर्तमान उपलब्धियों तक की पूरी प्रेरणादायक यात्रा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। उनकी कला ने उपस्थित लोगों को भावुक करने के साथ-साथ कंपनी की विकासगाथा को एक नई अभिव्यक्ति दी।
इस अवसर पर आईबी ग्रुप के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (CMD) सुल्तान अली, डायरेक्टर जोया अफरीन आलम, डायरेक्टर जीशान अली एवं डायरेक्टर तनाज अज़ीज़ सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए एमडी बहादुर अली ने कहा कि आईबी ग्रुप द्वारा शुरू की गई सभी योजनाएं और मिशन तभी सफल होंगे, जब समाज स्वस्थ होने के साथ-साथ भारत प्रोटीन युक्त स्वस्थ जीवनशैली को भी अपनाएगा। उन्होंने कहा कि प्रोटीन शरीर के समुचित विकास और बेहतर स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। प्रोटीन चाहे शाकाहारी स्रोतों से प्राप्त हो या मांसाहारी स्रोतों से, लोगों को अपने दैनिक आहार में उसका नियमित सेवन अवश्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत प्रोटीन मिशन का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि देश को प्रोटीन संपन्न बनाने की दिशा में एक जन आंदोलन खड़ा करना है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि इंस्पिरेशन डे केवल जन्मदिवस का आयोजन नहीं, बल्कि किसानों, कर्मचारियों और समाज के समग्र विकास के लिए आईबी ग्रुप की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। कृषि, पोषण, हरित ऊर्जा, कर्मचारी कल्याण और खेल विकास से जुड़ी ये पहलें आने वाले समय में हजारों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करेंगी।



