राजनांदगांव। शिक्षा के प्रति उत्साह और सामाजिक सहभागिता का प्रेरक उदाहरण बुधवार को प्राथमिक शाला फरहद में देखने को मिला। शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर नवप्रवेशी नौनिहालों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद बच्चों को पेन, कॉपी, रबर, कलर बॉक्स सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। स्नेहपूर्ण स्वागत और उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान साफ झलक रही थी।
भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक दीपक कुमार सिन्हा एवं शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय के अध्यक्ष तथा वार्ड क्रमांक 39 के पार्षद रवि सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में रवि सिन्हा ने कहा कि “हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाना समाज और शासन दोनों की साझा जिम्मेदारी है। शाला प्रवेश उत्सव केवल प्रवेश का कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के सुनहरे भविष्य का संकल्प है। शिक्षित और संस्कारित पीढ़ी ही विकसित भारत का मजबूत आधार बनेगी।”
भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक दीपक कुमार सिन्हा ने कहा कि बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और उनकी आवश्यकताओं में सहयोग करना समाज का नैतिक दायित्व है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और विद्यालय से उनका भावनात्मक जुड़ाव मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में ग्राम सरपंच लोकेश्वर देवांगन, मोतीलाल देवांगन, ताराचंद साहू, रमेश सोनवानी, संकुल समन्वयक ठाकुर सर, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और संस्कारों के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



