Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में मानसून, सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से...

छत्तीसगढ़ में मानसून, सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना…

2
0

छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है। सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में अब तक 650.9 मिमी (25.6 इंच) बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 5 प्रतिशत कम है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार राज्य में बारिश की स्थिति सामान्य श्रेणी में है

प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि मुंगेली और रायपुर जिले में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। मुंगेली के लोरमी ब्लॉक में भारी बारिश के कारण पसरहा पारा टापू में बदल गया। यहां करीब 200 ग्रामीण 24 घंटे तक फंसे रहे। एडीआरएफ ने नावों की मदद से 10 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी ग्रामीणों को सुरक्षित राहत शिविर पहुंचाया।

मुंगेली जिले में राजीव गांधी जलाशय (खुड़िया बांध) भी लबालब भर गया है। इसके वेस्ट वेयर से 6 फीट पानी बह रहा है, जिससे मनियारी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। वर्ष 2020 के बाद पहली बार इतनी मात्रा में पानी छोड़ा गया है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।

बारिश के कारण बिलासपुर–रतनपुर–पेंड्रा रोड–गौरेला को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-45 पर भी यातायात प्रभावित हुआ। कीचड़ और गड्ढों के कारण भारी वाहन फंसने से मार्ग पर लंबा जाम लग गया।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में शनिवार शाम भारी बारिश के बीच गौरेला शहर के वार्ड नंबर 8 में एक जर्जर मकान ढह गया। मकान की दीवारों में पहले ही दरारें आ गई थीं। समय रहते घर खाली करा लिए जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया।

महासमुंद जिले में लगातार बारिश से कोडार डैम 100  प्रतिशत भर गया है। जल संसाधन विभाग की 9 अगस्त की रिपोर्ट के अनुसार जलस्तर 295.62 मीटर पहुंच गया है, जो एफआरएल  295.35 मीटर से 0.27 मीटर अधिक है। इसके बाद डैम से पानी छोड़ा जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार आज 10 अगस्त को रायपुर में बादल छाए रह सकते हैं। एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रायपुर में 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 22.4 डिग्री सेल्सियस  रहा।

प्रदेश में अब तक 650.9 मिमी (25.6 इंच) बारिश हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 686.6 मिमी (27.0 इंच) होनी चाहिए थी। इस तरह राज्य में बारिश सामान्य से 5 प्रतिशत कम है। हालांकि मौसम विभाग की श्रेणी में प्रदेश में बारिश सामान्य मानी गई है।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी है।

मौसम विभाग के अनुसार, निम्न दबाव क्षेत्र के साथ जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किमी की ऊंचाई तक फैला है। मानसून द्रोणिका भी निम्न दबाव क्षेत्र से होकर गुजर रही है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।