Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ का प्रथम अस्पताल, जिसे मिला 5-स्टार ईट राइट कैंपस का गौरव…

छत्तीसगढ़ का प्रथम अस्पताल, जिसे मिला 5-स्टार ईट राइट कैंपस का गौरव…

2
0

जिला अस्पताल राजनांदगांव को मिला एफएसएसएआई का 5-स्टार ईट राइट कैंपस प्रमाण-पत्र…

राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से जिला अस्पताल राजनांदगांव ने एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा जिला अस्पताल राजनांदगांव को प्रतिष्ठित ईट राइट कैंपस का 5-स्टार प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया है।

कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के नेतृत्व एवं निर्देशन में जिला अस्पताल में स्वच्छ, सुरक्षित, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप जिला अस्पताल को यह प्रतिष्ठित प्रमाण-पत्र प्राप्त हुआ है।

यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष एवं ऐतिहासिक है कि जिला अस्पताल राजनांदगांव छत्तीसगढ़ राज्य का प्रथम अस्पताल है, जिसे एफएसएसएआई द्वारा 5-स्टार ईट राइट कैंपस का प्रमाण-पत्र प्राप्त हुआ है। यह प्रमाण-पत्र 2 सितंबर 2026 से 1 सितंबर 2028 तक की अवधि के लिए मान्य है।

यह सम्मान अस्पताल में स्वच्छ, सुरक्षित, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का प्रमाण है। साथ ही, यह मरीजों, उनके परिजनों एवं अस्पताल के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों के लिए स्वस्थ जीवनशैली एवं सुरक्षित भोजन के प्रति अस्पताल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के पीछे अस्पताल प्रशासन की प्रतिबद्धता तथा चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल स्टाफ, खाद्य प्रबंधन से जुड़े कर्मियों एवं समस्त कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास और समर्पण का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

सुरक्षित भोजन-स्वस्थ जीवन-स्वस्थ समाज की भावना के साथ जिला अस्पताल राजनांदगांव ने स्वस्थ एवं सुरक्षित भोजन के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है। यह उपलब्धि केवल एक प्रमाण-पत्र नहीं, बल्कि सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य व्यवस्था के प्रति जिला अस्पताल की प्रतिबद्धता का गौरवपूर्ण प्रतीक है।