Home छत्तीसगढ़ प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ...

प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी…

1
0

छत्तीसगढ़ में शनिवार को भी कई स्थानों पर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

छत्तीसगढ़ मौसम का हाल

छत्तीसगढ़ में शनिवार को भी कई स्थानों पर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। राजधानी रायपुर में बादल छाए रहने के साथ बारिश के एक-दो दौर होने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई।

इस दौरान रायपुर शहर में 40 मिमी , माना एयरपोर्ट में 20 मिमी और लाभांडी में 40 मिमी बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार को बारिश थमने के बाद राजनांदगांव का अधिकतम तापमान बढ़कर 32 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह प्रदेश में शुक्रवार को दर्ज सर्वाधिक अधिकतम तापमान रहा। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रारोड में 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में मानसून सीजन की कुल बारिश फिलहाल सामान्य के करीब बनी हुई है। 1 जून से 3 सितंबर तक छत्तीसगढ़ में औसत 944.7 मिमी (37.19 इंच) बारिश हुई है, जबकि इस अवधि की सामान्य बारिश 962.6 मिमी (37.90 इंच) है। इस तरह राज्य में सामान्य से 17.9 मिमी (0.70 इंच), यानी 2 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

बलरामपुर में सबसे ज्यादा बारिश

हालांकि जिलेवार वर्षा के आंकड़ों में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। 1 जून से 4 सितंबर तक सबसे अधिक बारिश बलरामपुर में 1433.1 मिमी (56.42 इंच) दर्ज की गई है, जो सामान्य से 75 प्रतिशत ज्यादा है। इसके विपरीत बेमेतरा में 536.7 मिमी (21.13 इंच) बारिश हुई है, जो सामान्य से 39 प्रतिशत कम है। दोनों जिलों के वर्षा आंकड़ों के बीच करीब 896.4 मिमी (35.29 इंच) का अंतर है।

7 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश

प्रदेश के 33 जिलों में सात जिलों में सामान्य से 20 प्रतिशत या उससे ज्यादा बारिश हुई है, जबकि चार जिलों में सामान्य से 20 प्रतिशत से ज्यादा कम वर्षा दर्ज की गई है। शेष 22 जिले सामान्य वर्षा की श्रेणी में हैं। इस तरह प्रदेश का समग्र मानसूनी आंकड़ा सामान्य के आसपास है, लेकिन जिलेवार बारिश के वितरण में काफी असमानता बनी हुई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।