*शदाणी शिरोमणि संत युधिष्ठिर लाल होंगे मुख्य अतिथि, सुषमा जेठानी एवं खुबचंद पारख विशेष अतिथि*
राजनांदगांव: पूज्य सिंधी पंचायत हेमु कालाणी नगर द्वारा प्रतिवर्षानुसार समाज के मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन एवं प्रतिभा सम्मान करने के उद्देश्य से 6 सितंबर रविवार को मेधावी छात्र अभिनंदन समारोह का आयोजन स्थानीय सिंधु भवन मे संध्या 7 बजे से किया जा रहा है।
समारोह में समाज के सम्मानित शिक्षक एवं विभिन्न कक्षाओं एवं परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 203 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। सम्मान का यह आयोजन समाज के प्रेरणाश्रोत रहे स्व.सुरेश डुलानी की स्मृति मे किया जा रहा है।
समारोह में शदाणी दरबार रायपुर के शिरोमणि संत युधिष्ठिरलाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं छ.ग. शासन सिंधी साहित्य अकादमी की अध्यक्ष श्रीमति सुषमा जेठानी तथा पूर्व केबिनेट मंत्री खुबचंद पारख विशेष अतिथि के रूप में समारोह की गरिमा बढ़ाएंगे।
पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष मन्नुमल मोटलानी,सलाहकार आवतराम तेजवानी ने बताया कि समाज की नई पीढ़ी को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरणा देगा तथा अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत और उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करेगा।
पंचायत के महासचिव हरीश मोटलानी ने समाज के सभी परिवारों, अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों से समारोह में उपस्थित होकर मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया है।



