राजनांदगांव। जिले में अतिवृष्टि के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। खेतों में पानी भरने और फसलों के खराब होने से किसान गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। ऐसी विषम परिस्थितियों में भाजपा किसान मोर्चा किसानों के साथ मजबूती से खड़ा है और उनके नुकसान की भरपाई के लिए प्रशासन से प्रभावी पहल की मांग करता है।
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष दादूराम सोनकर ने प्रशासन से मांग की है कि अतिवृष्टि से प्रभावित गांवों में तत्काल फसल क्षति का सर्वे कराया जाए और वास्तविक नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा की प्राथमिकता किसानों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाना और उन्हें शासन की राहत एवं सहायता का लाभ दिलाना है। फसल बीमा के मामलों में किसानों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित बीमा कंपनियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं तथा पात्र किसानों के बीमा दावों का शीघ्र निराकरण कर भुगतान कराया जाए।
दादूराम सोनकर ने कहा कि शासन द्वारा प्राकृतिक आपदा एवं फसल क्षति के लिए निर्धारित प्रावधानों के तहत किसानों को मिलने वाली क्षतिपूर्ति राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। किसान मोर्चा इस विषय को लेकर प्रशासन के समक्ष लगातार किसानों की आवाज उठाएगा और जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाकर निराकरण के लिए पहल करेगा।
उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि से किसानों को केवल फसल का नुकसान नहीं हुआ है, बल्कि उनकी पूरी कृषि व्यवस्था और आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है। ऐसे समय में किसानों को तत्काल राहत, फसल बीमा का लाभ और शासन की क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराना जरूरी है।
भाजपा किसान मोर्चा किसानों के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर उनकी आवाज बुलंद करेगा और प्रभावित किसानों को उनका अधिकार एवं उचित राहत दिलाने के लिए प्रशासन से निरंतर संवाद करेगा।



