रायपुर पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 50 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने के मामले में बड़ा खुलासा किया है।
पुलिस ने पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने गैंगस्टर के नाम का इस्तेमाल कर अपने ही परिवार से रकम वसूलने की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले पूर्व महापौर एजाज ढेबर और उनके परिवार को विदेशी नंबर से धमकी भरे कॉल आए थे। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और 50 करोड़ रुपए की मांग की थी। रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर पुलिस ने साइबर टीम और तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल गतिविधियों और अन्य सबूतों की पड़ताल की गई। पुलिस का दावा है कि जांच की कड़ियां शोएब ढेबर तक पहुंचीं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शोएब ढेबर को हिरासत में लिया। अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि इस पूरी साजिश में उसके साथ और कौन लोग शामिल थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देने के अन्य मामलों से भी आरोपी का कनेक्शन जांचा जा रहा है। रायपुर के कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को कथित तौर पर 25 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने वाले मामले में भी इसी नाम की भूमिका सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि पुलिस की जांच अभी जारी है और सभी तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह मामला किसी बड़े गैंग की बजाय स्थानीय स्तर पर रची गई साजिश से जुड़ा नजर आ रहा है। आरोपी ने कथित तौर पर गैंगस्टर के नाम का सहारा लेकर डर का माहौल बनाने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि क्या इस तरह की धमकियां अन्य कारोबारियों या लोगों को भी दी गई हैं।



