Home छत्तीसगढ़ राजनांदगांव में निकली भव्य सेवा ज्योति यात्रा : कृषि उपज मंडी में...

राजनांदगांव में निकली भव्य सेवा ज्योति यात्रा : कृषि उपज मंडी में हुई संकल्प सभा, हजारों कार्यकर्ताओं ने लिया 2047 तक विकसित भारत का संकल्प

3
0

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को राजनांदगांव में भाजपा की सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। जिले के सभी 16 मंडलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इसमें शामिल हुए। युवाओं और मातृशक्ति की भी विशेष भागीदारी रही।

यात्रा से पहले कृषि उपज मंडी परिसर में संकल्प सभा आयोजित की गई। सभा को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, संगठन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा का उल्लेख किया गया।

विकसित भारत के निर्माण का लिया संकल्प

सभा को संबोधित करते हुए सांसद संतोष पांडे ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य पर विचार रखे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया।

इस अवसर पर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मधुसूदन यादव, जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रामजी भारती, वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख, संतोष अग्रवाल, दिनेश गांधी, सचिन बघेल, योगेश दत्त मिश्रा, एमडी ठाकुर, भरत वर्मा, रमेश पटेल, किरण वैष्णव, रमन डोंगरे, विनोद खांडेकर, शशिकांत द्विवेदी, चंद्रिका डडसेना, गीता घासी साहू, पूर्णिमा साहू, रुपचंद भीमनानी, राजेंद्र गोलछा, किरण साहू, निगम सभापति पारस वर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पुराने रेस्ट हाउस चौक का नाम सेवा ज्योति चौक करने की घोषणा

सेवा ज्योति यात्रा के प्रभारी दिनेश गांधी ने बताया कि कृषि उपज मंडी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद संतोष पांडे, महापौर मधुसूदन यादव, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह और वरिष्ठ नेताओं ने पुराने रेस्ट हाउस चौक का नाम सेवा ज्योति चौक करने की घोषणा की।

संकल्प सभा के बाद ज्योति कलश प्रज्वलित कर यात्रा की शुरुआत की गई। यात्रा गंज चौक, दुर्गा चौक और बसंतपुर थाना होते हुए उदयाचल पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगाए।

बाइक रैली से पहुंचे कार्यकर्ता

सेवा ज्योति यात्रा के आयोजन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। जिले के विभिन्न मंडलों के कार्यकर्ता बाइक रैली के माध्यम से कृषि उपज मंडी पहुंचे। कार्यक्रम का संचालन यात्रा प्रभारी दिनेश गांधी ने किया। आयोजन में सेवा, संगठन और विकसित भारत के संकल्प को केंद्र में रखा गया।