Home छत्तीसगढ़ प्रदीप शर्मा ने युवाओं को वालेंटियर सेवा से जुड़ने किया प्रेरित

प्रदीप शर्मा ने युवाओं को वालेंटियर सेवा से जुड़ने किया प्रेरित

1
0

डोंगरगांव। विश्व पशु दिवस के अवसर पर श्री नंदेश्वर जन युवा समिति द्वारा संचालित नंदेश्वर गौशाला में सेवा कार्यों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बैठक एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें राज्यपाल द्वारा सम्मानित छत्तीसगढ़ बेस्ट वालेंटियर पुरस्कार से सम्मानित समाजसेवी प्रदीप शर्मा ने सहभागिता कर युवाओं और कार्यकर्ताओं को वालेंटियर सेवा, कुशल नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

प्रदीप शर्मा ने कहा कि समाजसेवा केवल किसी संस्था से जुड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि निःस्वार्थ भाव से जरूरतमंदों के लिए समय, श्रम और अपनी क्षमता का उपयोग करना ही सच्ची सेवा है। एक अच्छे वालेंटियर में सेवा भावना के साथ अनुशासन, जिम्मेदारी, टीम भावना, सकारात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता होना आवश्यक है।

उन्होंने रेडक्रॉस सोसायटी से जुड़कर किए जा रहे अपने सामाजिक सेवा कार्यों के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि योजनाबद्ध तरीके से सामूहिक प्रयास कर समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाया जा सकता है। बैठक में गौशाला से जुड़े लगभग 300 लोगों को वालेंटियर सेवा से जुड़ने, टीम भावना के साथ काम करने और स्थानीय स्तर पर नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

शर्मा ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जरूरतमंदों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाएं और वालेंटियर योजनाओं की सही जानकारी लोगों तक पहुंचाकर समाज के अंतिम व्यक्ति को भी उनका लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रदीप शर्मा ने नंदेश्वर गौशाला का अवलोकन किया। वर्तमान में यहां लगभग 40 गौमाताओं की देखभाल और सेवा की जा रही है। उन्होंने गौशाला में संचालित सेवा कार्यों की सराहना करते हुए संस्था के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि शर्मा के मार्गदर्शन और अनुभवों से उन्हें समाजहित में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिली है। अंत में सभी ने निःस्वार्थ सेवा, गौसेवा और सामाजिक कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।