Home छत्तीसगढ़ विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर विशेष व्याख्यान, रैली और नुक्कड़ नाटक से...

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर विशेष व्याख्यान, रैली और नुक्कड़ नाटक से ग्रामीणों को किया जागरूक

1
0

राजनांदगांव। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा कॉन्फ्लुएंस कॉलेज ऑफ हायर एजुकेशन में विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ. बीके बनर्जी ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि मानसिक बीमारी किसी व्यक्ति की कमजोरी नहीं, बल्कि एक चिकित्सीय स्थिति है, जिसका उपचार संभव है। मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है।

कार्यक्रम में बीएड के विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, परीक्षा के तनाव, अवसाद, आत्महत्या की रोकथाम और सकारात्मक जीवनशैली से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने अपने अनुभव भी साझा किए।

व्याख्यान के बाद जिला मानसिक स्वास्थ्य टीम और कॉन्फ्लुएंस कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पार्रिकला में जागरूकता रैली निकाली गई। विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर ग्रामीणों को मानसिक स्वास्थ्य का महत्व समझाया। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के प्रति भेदभाव नहीं करने और उन्हें सहयोग देने का संदेश दिया।

इस दौरान ग्रामीणों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से प्रभावित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार करने और उनका सहयोग करने की शपथ दिलाई गई।

जागरूकता अभियान के तहत विद्यार्थियों और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में घर-घर जाकर टेली-मानस के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 के पाम्पलेट वितरित किए। ग्रामीणों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं सहायता के लिए उपलब्ध इस सेवा की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में जिला मानसिक स्वास्थ्य टीम के सदस्य, कॉन्फ्लुएंस कॉलेज के प्राध्यापक, कर्मचारी, विद्यार्थी तथा ग्रामीणजन उपस्थित रहे।