राजनांदगांव। सन सिटी कॉलोनी में सीनियर सिटीजन युवा वरिष्ठजन संगठन की ओर से स्व. इंदु भूषण ठाकुर की जन्मशताब्दी के अवसर पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रदीप शर्मा को सम्मानित किया गया। इस दौरान वरिष्ठजनों ने अपने अनुभव साझा करते हुए समाजसेवा और सामाजिक जागरूकता के महत्व पर चर्चा की।
संगठन के राकेश ठाकुर ने बताया कि संस्कारधानी में प्रत्येक रविवार को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को मंच प्रदान कर सम्मानित किया जाता है। इसी कड़ी में प्रदीप शर्मा को समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, विधि-विज्ञान, पत्रकारिता और वित्तीय क्षेत्र सहित विभिन्न गतिविधियों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
उन्होंने बताया कि प्रदीप शर्मा को पूर्व में राज्यपाल द्वारा छत्तीसगढ़ बेस्ट वालंटियर पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर प्रभारी मंत्री तथा यूनिसेफ से जुड़ी गतिविधियों और अन्य सामाजिक कार्यों के लिए भी उन्हें सम्मान मिल चुका है। शर्मा लंबे समय से महिला सशक्तीकरण, युवा नेतृत्व, स्वयंसेवा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय हैं।
सम्मान समारोह में प्रदीप शर्मा ने अपने सामाजिक जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि समाजसेवा केवल किसी संस्था से जुड़ने तक सीमित नहीं है। जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए निस्वार्थ भाव से अपने समय, श्रम, ज्ञान और क्षमताओं का उपयोग करना ही सच्ची सेवा है।
उन्होंने कहा कि एक अच्छे स्वयंसेवक में सेवा भावना के साथ अनुशासन, जिम्मेदारी, टीम भावना, सकारात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता होना जरूरी है। महिला सशक्तीकरण और युवा नेतृत्व के क्षेत्र में कार्य करने के साथ वरिष्ठजनों के अनुभवों से मार्गदर्शन लेना भी आवश्यक है। उन्होंने वरिष्ठजनों के अनुभव और आशीर्वाद को सामाजिक कार्यों की प्रेरणा बताते हुए आभार जताया।
कार्यक्रम में हरीश गांधी ने भजन प्रस्तुत किए। वहीं, इंजीनियरिंग के क्षेत्र में राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त नरेंद्र कोटडिया जैन ने अपने अनुभव साझा किए। उपस्थित वरिष्ठजनों ने सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विचार रखे।
इस अवसर पर गोपाल खंडेलवाल, जीआई, राजू सर, मिश्रीलाल गोलछा, गोवर्धन लोहिया, हरीश गांधी, सुरेश भंसाली, श्याम राव टोटालेड, पूर्व सैन्यकर्मी रामराव कोटल, बृजमोहन खंडेलवाल, सारंग मुदलियार, सुभाष खंडेलवाल, प्रदीप गांधी, पीपी सिंह, नरेंद्र कोटडिया जैन और विजय पटेल सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



