Home छत्तीसगढ़ नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प, खैरागढ़ में युवाओं को दिलाई गई...

नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प, खैरागढ़ में युवाओं को दिलाई गई नशे से दूर रहने की शपथ

2
0

खैरागढ़। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा ‘पड़ोस युवा संसद 2026-27’ के तहत ‘नशामुक्त युवा’ थीम पर आधारित एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्थानीय पीएमश्री डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्कूल के विज्ञान भवन परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग ने विद्यार्थियों को नशे के घातक दुष्परिणामों से अवगत कराया और उन्हें जीवनभर नशे से दूर रहने तथा एक स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्री घम्मन साहू ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक सशक्त समाज और परिवार के सर्वांगीण विकास के लिए नशामुक्त होना अत्यंत आवश्यक है। नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को दीमक की तरह खोखला करता है, बल्कि परिवार की खुशहाली और समाज की प्रगति में भी बड़ी बाधा उत्पन्न करता है।

उन्होंने युवाओं से महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में उतारने, अच्छे संस्कारों को अपनाने और अनुशासन को प्राथमिकता देने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला पंचायत सदस्य श्री दिनेश साहू, विशेष अतिथि भाजपा नेता श्री गोरेलाल वर्मा, रानी रश्मि देवी महाविद्यालय के प्राध्यापक श्री यशपाल जंघेल और समाज कल्याण विभाग के श्री विनोद वर्मा ने भी अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण विभाग के श्री विनोद वर्मा और प्राध्यापक श्री यशपाल जंघेल ने विद्यार्थियों को नशे के विभिन्न रूपों और इसके दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने बताया कि नशे की लत किस प्रकार पारिवारिक और सामाजिक ताने-बाने को प्रभावित करती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं सतर्क रहें तथा अपने परिजनों व मित्रों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि श्री घम्मन साहू ने सभी उपस्थित युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी श्री शुभजीत, स्वयंसेवक टिकेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।