Home छत्तीसगढ़ गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं, समय-सीमा में पूरा करें अर्जुनी कॉलेज भवन...

गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं, समय-सीमा में पूरा करें अर्जुनी कॉलेज भवन का काम : मुकेश बंसल

1
0

राजनांदगांव। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने गुरुवार को डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम अर्जुनी में निर्माणाधीन नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों तथा निर्माण एजेंसी को कड़े निर्देश दिए कि कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए इसे निर्धारित समयावधि में अनिवार्य रूप से पूरा कराया जाए।

सचिव श्री बंसल ने महाविद्यालय परिसर की लगभग 10 एकड़ भूमि को अतिक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए इसका विधिवत सीमांकन कराने और चारों ओर पिलर (सीमा-चिन्ह) स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने कॉलेज की भूमि और पहुंच मार्ग से संबंधित राजस्व अभिलेखों (रेवेन्यू रिकॉर्ड) को तत्काल अद्यतन (अपडेट) कराने को कहा।

दिव्यांगों के लिए रैम्प और जल निकासी के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
दो मंजिला निर्माणाधीन भवन के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन करते हुए सचिव ने मुख्य प्रवेश द्वार एवं मुख्य सड़क के स्तर में अंतर को सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए परिसर में उपयुक्त रैम्प निर्माण की संभावनाओं पर काम करने को कहा।

इसके अलावा, उन्होंने भवन में फ्लोरिंग, प्लास्टर और अन्य फिनिशिंग कार्यों को निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुसार कराने के निर्देश दिए। बारिश के पानी की निकासी के लिए डाउन-पाइप की सही व्यवस्था करने और पाइपों को नुकसान से बचाने के लिए सुरक्षा उपाय अपनाने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद:
निरीक्षण के अवसर पर लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, दुर्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एन.के. जयंत, अधीक्षण अभियंता श्रीमती अपर्णा चौरपगार और कार्यपालन अभियंता सुश्री रितु खरे सहित विभागीय अमला उपस्थित रहा।