Home छत्तीसगढ़ गौरी नगर में शासकीय जमीन पर चला बुलडोजर, अवैध निर्माण ढहाया

गौरी नगर में शासकीय जमीन पर चला बुलडोजर, अवैध निर्माण ढहाया

2
0

राजनांदगांव। राजनांदगांव नगर निगम सीमा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 13 गौरी नगर में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए अवैध निर्माण पर आखिरकार प्रशासन का बुलडोजर चल गया। निगम द्वारा जारी नोटिस के बाद भी जवाब न मिलने पर गुरुवार को प्रशासन और नगर निगम के अमले ने जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को पूरी तरह ढहा दिया। यह कार्रवाई अवैध कारोबार और जनआक्रोश को देखते हुए की गई है।

पुलिस जांच में सामने आया था अतिक्रमण का मामला
कुछ दिन पहले गौरी नगर में अवैध कारोबार की सूचना पर पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई की थी। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि अलीम खान पिता लतीफ खान द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध रूप से मकान बनाकर अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था। मामले को संज्ञान में लेते हुए महापौर मधुसूदन यादव के निर्देश पर नगर निगम ने अतिक्रमणकारी को निर्माण हटाने के लिए नोटिस जारी किया था। निर्धारित समय में कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर आज सुबह प्रशासन और निगम की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

उल्लेखनीय है कि आरोपी अलीम खान का अवैध रूप से मांस विक्रय करने के कारण पहले भी ठेला हटाया जा चुका है।

महापौर ने दिए सख्त निर्देश: आवंटन और पट्टा होगा निरस्त
शहर में अवैध रूप से मांस विक्रय के बढ़ते मामलों को लेकर सर्वधर्म सभा द्वारा प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की गई थी। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए महापौर मधुसूदन यादव ने निगम के स्वास्थ्य अमले को निर्देश दिए हैं कि अवैध मांस विक्रेताओं को नोटिस जारी कर उनके लाइसेंस और दस्तावेजों की जांच की जाए।

महापौर ने दो टूक कहा है कि यदि निगम द्वारा आवंटित दुकानों या पट्टाधारी भूमि पर भी अवैध रूप से मांस का कारोबार किया गया, तो संबंधितों का आवंटन और पट्टा तुरंत निरस्त कर दिया जाएगा। जनभावनाओं के अनुरूप शहर में किसी भी प्रकार के अवैध मांस विक्रय के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दौर जारी रहेगा।

कार्रवाई के दौरान ये प्रमुख अधिकारी रहे मौजूद:
इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम, एसडीएम गौतम पाटिल, डीएसपी एस.पी. तिवारी और तहसीलदार प्यारेलाल नाग सहित पुलिस और निगम प्रशासन के तमाम अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।