Home छत्तीसगढ़ महापौर ने ली निगम, पुलिस व खाद्य विभाग की संयुक्त बैठक :...

महापौर ने ली निगम, पुलिस व खाद्य विभाग की संयुक्त बैठक : मांस दुकानों व होटलों की जांच के लिए बनी रणनीति, शाम को टीम ने दी दबिश

1
0

राजनांदगांव। शहर में अतिक्रमण कर और अवैध रूप से मांस का व्यवसाय करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए नगर निगम, पुलिस और खाद्य विभाग ने संयुक्त रूप से मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को महापौर श्री मधुसूदन यादव ने नगर निगम, पुलिस, खाद्य एवं खाद्य व औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर अवैध मांस विक्रेताओं, होटलों और ठेलों में लाइसेंस, स्वच्छता तथा खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच के लिए सख्त निर्देश दिए।

गौरी नगर की घटना के बाद प्रशासन सख्त
बैठक में महापौर श्री यादव ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व गौरी नगर में अवैध रूप से मांस विक्रय की शिकायत मिली थी, जिस पर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की और नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाकर ठेला जब्त किया गया। इसी कड़ी में शहर के सभी मांस विक्रेताओं को तीन दिनों के भीतर लाइसेंस और खाद्य सुरक्षा विभाग की अनुमति संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया जा रहा है।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संयुक्त टीम बनाकर मांस विक्रेताओं के लाइसेंस, व्यावसायिक गैस सिलेंडर के उपयोग, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और दुकानों में साफ-सफाई की सघन जांच की जाए, ताकि अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

शाम को ही शहर में निकली संयुक्त टीम, 4 घरेलू सिलेंडर जब्त
महापौर के निर्देश के तुरंत बाद शनिवार शाम को ही नगर निगम, पुलिस और खाद्य व औषधि विभाग की संयुक्त टीम जांच के लिए मैदान में उतरी। टीम ने नया बस स्टैंड, टाउन हॉल के सामने, फ्लाईओवर के नीचे, पोस्ट ऑफिस के पास और पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में संचालित मांस दुकानों, होटलों और ठेलों पर दबिश दी।

जांच के दौरान टीम ने फूड लाइसेंस, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की पड़ताल की। इस दौरान व्यावसायिक गतिविधियों में नियमविरुद्ध घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग पाए जाने पर 4 घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संयुक्त टीम की यह जांच कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में निगम आयुक्त श्री जी.आर. मरकाम, प्रशिक्षु आईपीएस व नगर पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य कुमार, डीएसपी श्री एस.पी. तिवारी, टीआई श्री उपेन्द्र साहू, खाद्य व औषधि विभाग के अभिहित अधिकारी श्री तरूण बिरला और सहायक खाद्य अधिकारी श्री द्रोण कामड़े प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।