Home छत्तीसगढ़ वोट चोरी के खिलाफ महारैली में शामिल होने दिल्ली रवाना हो रहे...

वोट चोरी के खिलाफ महारैली में शामिल होने दिल्ली रवाना हो रहे विपिन यादव

5
0

राजनांदगांव। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित होने वाली महारैली में शामिल होने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी, राजनांदगांव के जिलाध्यक्ष विपिन यादव आज गोंडवाना एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं कांग्रेस पार्टी के आह्वान पर आयोजित इस महारैली में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं जिले के सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता भी विभिन्न साधनों से दिल्ली पहुँचकर अपनी भागीदारी निभाएंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अनीस खान द्वारा जारी बयान में जिलाध्यक्ष विपिन यादव ने कहा कि यह महारैली संविधान, लोकतंत्र और आम मतदाताओं के मताधिकार की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है। आज देश में चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता, मतदाता सूची की विश्वसनीयता और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। लोकतंत्र में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए इन सवालों का जवाब मिलना और व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित होना आवश्यक है।
विपिन यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार वोट चोरी के आरोपों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों को उठा रही है। स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं। यदि आम मतदाता के मन में अपने मताधिकार की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठते हैं, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। संविधान और लोकतंत्र की रक्षा किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। इसी उद्देश्य से दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित महारैली में देशभर से कांग्रेसजन एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता लोकतंत्र की मजबूती के लिए अनिवार्य है। संस्थाओं की साख बनाए रखने के लिए उनकी जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित होनी चाहिए। वोट चोरी के खिलाफ आवाज उठाना और प्रत्येक मतदाता के मताधिकार की रक्षा की मांग करना लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रवक्ता अनीस खान ने बताया कि जिलाध्यक्ष विपिन यादव आज गोंडवाना एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं। वहीं, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं जिले के सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता भी अलग-अलग साधनों से दिल्ली पहुँचकर 1 नवंबर को रामलीला मैदान में आयोजित महारैली में सम्मिलित होंगे और संविधान, लोकतंत्र तथा मताधिकार की रक्षा के संकल्प को मजबूती प्रदान करेंगे।