राजनांदगांव। शहर के नया बस स्टैंड स्थित शहीद स्मारक स्थल के पास बुधवार को 18 नवंबर 1962 के ऐतिहासिक रेजांगला युद्ध में देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले 114 अहीर वीरों की स्मृति में अहीर शौर्य दिवस पूरी श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर यादव समाज के प्रतिनिधियों और शहरवासियों ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की, कैंडल जलाए और दो मिनट का मौन रखकर उनके बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यादव समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री हरीश यादव ने कहा कि रेजांगला का युद्ध भारतीय सैन्य इतिहास में वीरता का अनूठा प्रतीक है। 18 नवंबर का यह दिन अहीर समाज के गौरव, त्याग और अदम्य साहस की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक युद्ध में हमारे वीर अहीर सैनिकों ने जिस असीम वीरता के साथ मातृभूमि की रक्षा की, वह हर आने वाली पीढ़ी के लिए साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा है।
श्री यादव ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी अहीर जवानों ने जिस मुस्तैदी से दुश्मन का डटकर मुकाबला किया, वह हर देशवासी का सीना गर्व से चौड़ा करता है। समाज को अपने इन वीर शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखते हुए आपसी एकजुटता और राष्ट्रभाव को मजबूत करना चाहिए। इस दौरान कार्यक्रम में समाज की ओर से ‘अहीर रेजिमेंट’ के गठन की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
इस गरिमामयी आयोजन में बड़ी संख्या में यादव समाज के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने वीर शहीदों के प्रति कृतज्ञता जताते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने और राष्ट्र सेवा में योगदान देने का संकल्प लिया।



