केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों का बेसब्री से इंतजार है। हालांकि, वेतन में बढ़ोतरी का असली फायदा मिलने में अभी लंबा समय लग सकता है। ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेपी मॉर्गन के अनुमान के मुताबिक, कर्मचारियों को बढ़ी हुई सैलरी का पेमेंट नवंबर 2027 से शुरू हो सकता है।
यानी वेतन आयोग की रिपोर्ट आने के करीब छह महीने बाद कर्मचारियों के खाते में बढ़ी हुई सैलरी आनी शुरू हो सकती है।
जेपी मॉर्गन ने 26 नवंबर को जारी अपनी इंडिया इक्विटी स्ट्रेटेजी आउटलुक 2027 रिपोर्ट में ये बड़े अनुमान जताए हैं। ब्रोकरेज के मुताबिक, 8वें वेतन आयोग के लागू होने से सरकारी खजाने पर हर साल करीब 2.2 लाख करोड़ रुपये यानी 24 अरब डॉलर का अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। वित्त वर्ष 2027-28 में नवंबर 2027 से पेमेंट शुरू होने की स्थिति में सरकार पर करीब 90 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा।
हर महीने औसतन 15,400 रुपये बढ़ सकती है सैलरी!
जेपी मॉर्गन के अनुमान के मुताबिक, 8वें वेतन आयोग की नई सिफारिशें लागू होने के बाद कर्मचारियों की सैलरी में औसतन 15,400 रुपये प्रति महीने की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके अलावा कर्मचारियों को जनवरी 2026 से नई सैलरी लागू होने की स्थिति में बकाया एरियर भी मिलेगा। हालांकि, नवंबर 2027 से भुगतान शुरू होने की तारीख सरकार की ओर से घोषित नहीं की गई है और यह सिर्फ जेपी मॉर्गन का अनुमान है। केंद्र सरकार ने अभी तक आयोग की सिफारिशें लागू करने की तारीख स्पष्ट नहीं की है।
इन तीन तारीखों पर रहेगी कर्मचारियों की नजर
ब्रोकरेज ने तीन ऐसे अहम पड़ाव बताए हैं, जिनसे 8वें वेतन आयोग के लागू होने और बढ़ी हुई सैलरी मिलने की समयसीमा तय होगी। पहला बड़ा पड़ाव 1 फरवरी 2027 का बजट होगा, जिससे यह पता चलेगा कि सरकार ने वित्त वर्ष 2027-28 में वेतन संशोधन के लिए कितना बजट रखा है। दूसरा अहम पड़ाव मई 2027 में आयोग की रिपोर्ट है, जब आयोग अपनी सिफारिशें सौंप सकता है और इसमें फिटमेंट फैक्टर, पे मैट्रिक्स व भत्तों से जुड़ी जानकारी सामने आएगी।
तीसरा निर्णायक पड़ाव कैबिनेट की मंजूरी और एरियर का फैसला होगा। रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद केंद्रीय कैबिनेट सिफारिशों पर फैसला लेगी, जिसके बाद एरियर के भुगतान की समयसीमा और तरीका तय होगा। जेपी मॉर्गन के मुताबिक, अगर रिपोर्ट आने के बाद प्रक्रिया में देरी होती है और भुगतान फरवरी 2028 से शुरू होता है, तब भी वित्त वर्ष 2027-28 में कर्मचारियों को बढ़ी हुई सैलरी का कुछ फायदा मिल सकता है। लेकिन मार्च 2028 के बाद भुगतान टलने पर पूरा अतिरिक्त खर्च अगले वित्त वर्ष में चला जाएगा।
जनवरी 2026 से मिल सकता है एरियर!
8वें वेतन आयोग में सबसे अहम मुद्दा एरियर का है। आयोग की सिफारिशें जनवरी 2026 से प्रभावी माने जाने की स्थिति में कर्मचारियों को वास्तविक भुगतान शुरू होने तक का पूरा बकाया मिल सकता है। जेपी मॉर्गन ने जनवरी 2026 से अक्टूबर 2027 तक के कुल एरियर का अनुमान करीब 4 लाख करोड़ रुपये लगाया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, प्रति लाभार्थी औसतन करीब 3.4 लाख रुपये का एरियर बन सकता है।
कर्मचारी संगठनों का भी साफ कहना है कि 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें 1 जनवरी 2026 से ही लागू होनी चाहिए। नेशनल काउंसिल जेसीएम की स्टाफ साइड के सचिव शिव गोपाल मिश्रा ने एनडीटीवी प्रॉफिट से बातचीत में कहा था कि एरियर जनवरी 2026 से ही दिया जाना चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि 8वें वेतन आयोग को पिछली तारीख से ही लागू किया जाएगा।
कर्मचारी संगठनों ने की 3.83 फिटमेंट फैक्टर की मांग
कर्मचारी संगठनों ने 8वें वेतन आयोग के सामने अपनी प्रमुख मांगें भी रखी हैं। इनमें 3.83 फिटमेंट फैक्टर और सालाना इंक्रीमेंट को मौजूदा 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 6 प्रतिशत करने की मांग शामिल है। शिव गोपाल मिश्रा के मुताबिक, आयोग ने कर्मचारी संगठनों की मांगों को गंभीरता से सुना है और उनके सुझावों को नोट किया है। हालांकि, आयोग अपनी अंतिम रिपोर्ट में क्या सिफारिश करेगा, इस बारे में अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
3 नवंबर 2025 को हुआ था 8वें वेतन आयोग का गठन
गौरतलब है कि 8वें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया था। सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रिटायर्ड रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता वाले इस आयोग को अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। जेपी मॉर्गन का मानना है कि 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने से देश में खपत और बाजार की मांग को भी जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा। ब्रोकरेज के अनुसार, 2027 के आखिर में कर्मचारियों को बढ़ी हुई सैलरी मिलने से दोपहिया वाहनों, घरेलू उपकरणों और ज्वेलरी जैसे मिड-टिकट प्रोडक्ट्स की खरीदारी बढ़ सकती है, जिससे आने वाले समय में कंज्यूमर डिमांड को बड़ा सपोर्ट मिलेगा।



