Home Blog Page 174

संभागायुक्त एवं रोल आब्जर्वर दुर्ग संभाग की उपस्थिति में विशेष गहन पुनरीक्षण अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित

0

राजनांदगांव। संभागायुक्त एवं रोल आब्जर्वर दुर्ग संभाग श्री सत्यनारायण राठौर की उपस्थिति में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जितेन्द्र यादव उपस्थित रहे। आयुक्त एवं रोल आब्जर्वर दुर्ग संभाग श्री सत्यनारायण राठौर ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अंतर्गत किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम नहीं छूटना चाहिए। इसके लिए नियमानुसार सुनवाई एवं सत्यापन का कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि 23 दिसम्बर 2025 से 14 फरवरी 2026 तक सुनवाई और सत्यापन (नोटिस चरण) के लिए तिथि निर्धारित है। उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। दावा आपत्ति का अधिकार प्रत्येक व्यक्ति को प्राप्त है। सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) आवेदन की सत्यता की जांच करेंगे, उसके पश्चात ही निर्णय लिए जाएंगे। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना सूचना के किसी भी मतदाता का नाम नहीं कटेगा। इसके लिए अपील करने का प्रावधान भी किया गया है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जितेन्द्र यादव ने कहा कि 23 दिसम्बर 2025 तक मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया एवं प्रथम चरण का कार्य पूर्ण हुआ है। द्वितीय चरण में ऐसे नागरिक जिनका नाम सूची में छूट गया है, सुनवाई के बाद वे अपना नाम जुड़वा सकेंगे। भारत निर्वाचन आयोग एवं सर्वोच्च न्यायालय द्वारा लॉजिकल एरर की श्रेणी में ऐसे आवेदनों का निराकरण करने के लिए निर्देशित किया गया है। ऐसे प्रकरणों में बीएलओ को आवेदन दे सकते है एवं जिसकी सुनवाई एईआरओ द्वारा की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन में चार विधानसभा अंतर्गत 74-डोंरगगढ़, 75-राजनांदगांव, 76-डोंगरगांव एवं 77-खुज्जी के 1075 मतदान केन्द्रों में 7 लाख 80 हजार 205 मतदाता है। ऐसे नागरिक जिनका वर्ष 2003 में नाम मैपिंग में नहीं थे, वे भी दस्तावेज देकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते है। लॉजिकल एरर होने पर अपने दस्तावेज बीएलओ के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं एवं सत्यापन उपरांत इसका निराकरण हो सकता है। उन्होंने बताया कि दावा आपत्ति एवं सुनवाई के लिए जिले में प्रतिदिन लगभग 700 प्रकरणों की सुनवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा। निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुरूप आवेदनों की सुनवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दावा आपत्ति का अधिकार प्रत्येक नागरिक को है तथा एईआरओ सत्यापन एवं जांच करेंगे। उन्होंने कहा कि 14 फरवरी 2026 तक सुनवाई का मौका दिया जाएगा। संवैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए सुनवाई एवं निराकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे नागरिक जो विवाह कर जिले में आए है या अन्य स्थानों पर चले गए है। उन्हें भी मतदाता सूची में अपना नाम अपडेट कराना चाहिए। फॉर्म 6 अंतर्गत नये मतदाता के लिए आवेदन फॉर्म, 6-ए अंतर्गत विदेश में रहने वाले मतदाता द्वारा निर्वाचक नामावली में नाम जोडऩे के लिए आवेदन, फॉर्म 7 अंतर्गत मौजूदा निर्वाचक नामावली में नाम हटाने के प्रस्ताव पर आपत्ति के लिए वोटर एप्लीकेशन फॉर्म एवं फॉर्म 8 अंतर्गत निवास बदलने, मौजूदा निर्वाचक नामावली में एण्ट्री में सुधार, ईपीआईसी बदलने, पीडब्ल्यूडी मार्क करने के लिए वोटर एप्लीकेशन फॉर्म भरना होगा। उन्होंने प्रथम चरण में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान सहयोग देने के लिए सभी राजनीतिक दलों को धन्यवाद दिया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रकाश टंडन ने बताया कि नागरिक अपना नाम वोटर लिस्ट में देखने के लिए बूथ लेवल ऑफिसर के पास उपलब्ध ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से देख सकते है। इसके साथ ही ईसीआई मोबाईल एप तथा voters.eci.gov.in के माध्य से देेख सकते है। उन्होंने बताया कि लॉजिकल एरर एवं नो मैपिंग वाले लगभग 78 प्रतिशत आवेदनों का निराकरण कर लिया गया है एवं 22 प्रतिशत आवेदनों की सुनवाई शेष है। इस अवसर पर विधायक खुज्जी श्री भोलाराम साहू, भारतीय जनता पार्टी से श्री कोमल सिंह राजपूत, श्री मूलचंद लोधी, श्री दादुराम सोनकर, श्री रघुवीर सिंह वाधवा, श्री अरूण शुक्ला तथा इण्डियन नेशनल कांग्रेस से श्री विपिन यादव, श्री कमलजीत पिन्टू, श्री रूपेश दुबे एवं अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि विशेष गहन पुनरीक्षण अंतर्गत 4 नवम्बर से 18 दिसम्बर 2025 तक गणना पत्रक वितरण एवं वापसी की गई। मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 23 दिसम्बर 2025 को किया गया। दावा और आपत्ति की अवधि 23 दिसम्बर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक थी। सुनवाई और सत्यापन (नोटिस चरण) का कार्य 23 दिसम्बर 2025 से 14 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा। प्रारंभिक प्रकाशन में चार विधानसभा अंतर्गत 74-डोंरगगढ़, 75-राजनांदगांव, 76-डोंगरगांव एवं 77-खुज्जी के 1075 मतदान केन्द्रों में 7 लाख 80 हजार 205 मतदाता है। जिसमें 3 लाख 90 हजार 728 पुरूष, 3 लाख 89 हजार 472 महिला एवं 5 अन्य मतदाता है।

9 को नगर निगम की सामान्य सभा, 13 विषयों पर होगी चर्चा

0

राजनांदगांव। नगर पालिक निगम की सामान्य सभा की बैठक 9 फरवरी 2026, सोमवार को पूर्वान्ह 11 बजे से नगर निगम के सभागृह में आहुत की गई है। बैठक में 13 विषयों पर चर्चा कर विचार-विमर्श उपरांत निर्णय लिया जायेगा।
उक्ताशय की जानकारी देते हुए निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा ने बताया कि सामान्य सभा की बैठक के प्रारंभ में लोक सेवा केन्द्र से प्राप्त सामाजिक सुरक्षा पेंशन के आवेदन की स्वीकृति एवं अनुमोदन के किये जाने के संबंध में चर्चा उपरांत निर्णय लिया जावेगा। इसी प्रकार चौक-चौराहा के नामकरण की कड़ी में पुष्प वाटिका का नाम वेद्मूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्रीराम आचार्य जी के नाम से किये जाने, डोंगरगांव रोड में ब्रम्हकुमारी प्रवेश द्वार के चौक का नाम ब्रम्हकुमारी चौक, केशन नगर स्थित चौराहें का नाम कालीबाड़ी चौक, महामाया चौक बसंतपुर का नाम संत शिरोमणी सेन जी महाराज, कौरिनभाठा स्थित चौराहे का नाम चित्रांश चौराहा, सिंधी कालोनी वार्ड नं. 23 के संत कंरराम चौराहा से झुलेलाल घाट जाने वाले मार्ग का नाम संत बाबा आसूदाराम मार्ग, वार्ड नं. 23 सिंधी कालोनी हेमू कालाणी चौक के पास स्थित गार्डन का नाम शदाणी उद्यान एवं फरहद चौक का नामा शहीद वीर नारायण सिंह चौक के नाम पर किये जाने चर्चा उपरांत निर्णय लिया जावेगा।
निगम अध्यक्ष पारस वर्मा ने बताया कि विषय क्रमांक 3 में जाति प्रमाण पत्र बनाये जाने, विषय क्रमांक 4 बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान अंतर्गत राजनांदगांव निगम सीमाक्षेत्र में बाल विवाह मुक्त होने की जानकारी प्रेषित किये जाने की स्वीकृति के संबंध में चर्चा उपरांत निर्णय लिया जावेगा। उन्होंने बताया कि विषय क्रमांक 5 नगर निगम राजनांदगांव में स्वास्थ्य विभाग के फिल्ड अधिकारी-कर्मचारी (वार्ड प्रभारी, सफाई दरोगा, स्वच्छता निरीक्षक) को पेट्रोल भत्ता रçाश 1000.00 रूपये प्रदाय किये जाने व विषय क्रमांक 6 में नगर निगम राजनांदगांव के सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ द्वारा संघ की विभिन्न गतिविधियों का संचालन हेतु 50 हजार रूपये की मांग की स्वीकृति तथा विषय क्रमांक 7 दिल्ली दरवाजा व्यवसायिक परिसर स्थित प्रथम तल की 02 दुकाने, पुत्रीशाला व्यवसायिक परिसर की दुकान क्रमांक 17 व सर्वेश्वरदास स्कूल के सामने निर्मित व्यवसायिक परिसर के दुकानों की नीलामी में प्राप्त उच्चतम बोली की स्वीकृति के संबंध में चर्चा उपरांत निर्णय लिया जायेगा।
निगम अध्यक्ष पारस वर्मा ने बताया कि विषय क्रमांक 8 में नगर पालिक निगम राजनांदगांव में मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना अंतर्गत गंज चौक से कन्हारपुरी तक सड़क चौडीकरण एंव उन्नयन कार्य हेतु लागत राशि 1439.90 लाख रूपये की निविदा आमंत्रण किये जाने की स्वीकृति, विषय क्रमांक 9 अधोसंरचना मद अंतर्गत शासन स्वीकृति अनुसार 350.00 लाख रूप्ये से नार कन्हैया नाला से जिला अस्पताल तक नाला निर्माण किये जाने हेतु जारी की गई निविदा की पुष्टि-अनुमोदन, विषय क्रमांक 10 नगर पालिक निगम राजनांदगांव में मुख्यमंत्री नगोत्थान योजनांतर्गत आडिटोरियम निर्माण हेतु लागत राशि 1592.06 लाख रूपये की निविदा आमंत्रण किये जाने की स्वीकृति, विषय क्रमंाक 11 अधोसंरचना मद अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर में नाली, रोड, लाईट व पानी की व्यवस्था हेतु राशि रूपये 490.04 लाख के सिस्टम टेण्डल नं. 178067 आहूत निविदा की पुष्टि-अनुमोदन एवं प्राप्त न्यूनतम दर की स्वीकृति, विषय क्रमांक 12 मोहारा फिल्टर प्लांट से गंज चौक तक एवं नंदई चौक से इंदिरा नगर टंकी तक 600 एमएम राईजिंग मेन पाईप लाईन विस्तार कार्य हेतु न्युनतम दर की स्वीकृति के अलावा अंतिम विषय में संपत्तिकर, युक्तिकरण की स्वीकृति के संबंध में चर्चा उपरांत निर्णय लिया जायेगा।
उन्होंने सामान्य सभा की बैठक में महापौर सहित महापौर परिषद के प्रभारी सदस्यों, पार्षदों, सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि व पत्रकारों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों से उपस्थिति की अपील की है।

अटल मानिटरिंग पोर्टल के अंतर्गत सभी विभाग विभिन्न मापदण्डों में करें उत्कृष्ट प्रदर्शन : कलेक्टर

0

राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि जिले में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों के दृष्टिगत बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देते हुए कार्य करें। पढ़ाई की गुणवत्ता के लिए अतिरिक्त कक्षाएं देते हुए बच्चों की पढ़ाई की मानिटरिंग करें। बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए ईमानदारी एवं प्रतिबद्धतापूर्वक कार्य करें। उन्होंने बच्चों के आधार अपडेशन कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि हाई रिस्क वाली गर्भवती महिलाओं को सुविधाएं प्रदान करें एवं उनके स्वास्थ्य पर ध्यान देते हुए उपचार एवं दवाईयां समय पर उपलब्ध कराएं। अटल मानिटरिेंग पोर्टल के अंतर्गत सभी विभाग विभिन्न मापदण्डों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की मानकों के तहत समीक्षा की। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से कहा कि समय पर कार्यालय में उपस्थित रहें। बायोमैट्रिक उपस्थिति के लिए समय पर कार्यालय पर पहंुचकर अपनी उपस्थिति दें। उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, पीजीएन, पीजी पोर्टल एवं टीएल के लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग जनमानस की समस्याओं का संवेदनशीलतापूर्वक शीघ्र निराकरण करें।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कहा कि उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारी एवं कर्मचारी जो सेवानिवृत हो गए हैं। उनके पेंशन प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करें। सभी विभाग ई- ऑफिस का अधिक से अधिक उपयोग करें। डिजिटल कार्य प्रणाली से कार्य करने पर कार्यों में गति आएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि सभी विभागों में कर्मचारियों के कार्यों में परिवर्तन करें एवं ट्रांसफर करें। डेस्क चेंज होने पर कार्यों में ईमानदारी एवं परिवर्तन आएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि शासन की महती योजना है। इस योजना अंतर्गत अधिक से अधिक किसानों को लाभान्वित कराएं। उन्होंने एग्रीस्टेक पोर्टल अंतर्गत अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग में यूटीलिटी शिफ्टिंग एवं लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने कहा कि पोट्ठ लईका अंतर्गत निरंतर पालक चौपाल का आयोजन करते रहे तथा वजन त्यौहार के माध्यम से बच्चों के सुपोषण की मानिटरिंग करें। पीएम श्री स्कूलों में अधोसंरचना, परीक्षा परिणामों की समीक्षा तथा स्वीकृत कार्यों को पूर्ण कराने के लिए कहा। इस अवसर पर वन मंडलाधिकारी आयुष जैन, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम गौतम पाटिल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान अन्य एसडीएम एवं तहसीलदार वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कोतवाली, चिखली व सुरगी चौकी की क्राइम मीटिंग ली

0

राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक कार्यालय राजनांदगांव के सभागार में पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने थाना कोतवाली, पुलिस चौकी चिखली एवं पुलिस चौकी सुरगी के प्रभारी अधिकारियों की क्राइम मीटिंग आयोजित की। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए आबकारी एक्ट एवं नारकोटिक्स एक्ट के तहत अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा। साथ ही गुंडा-बदमाश, निगरानी बदमाश एवं समाज विरोधी तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए उनकी सतत निगरानी के निर्देश दिए गए।
उन्होंने क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम हेतु सक्रिय पुलिसिंग, जनसुनवाई में संवेदनशीलता बरतने तथा अपराधों के शीघ्र निराकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही क्षेत्र में पुलिस की दृश्य उपस्थिति बढ़ाने पर भी जोर दिया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन, नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर कीरो, प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी श्रीमती सुमन जायसवाल, थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, चौकी चिखली प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद मरई एवं चौकी सुरगी प्रभारी निरीक्षक ढाल सिंह साहू उपस्थित रहे।

वृद्ध महिला को कुचलकर फरार बाइक चालक गिरफ्तार

0

राजनांदगांव। पखवाड़ेभर पहले वृद्ध महिला को कुचलकर भागने वाले बाइक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मामला खैरागढ़ जिले के गंडई थाना क्षेत्र का है। 16 जनवरी को आरोपी एक्सीडेंट के बाद फरार हो गया था। फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार 16 जनवरी को सुबह लगभग 7.40 बजे ललिता साहू, ग्राम मरदकठेरा, थाना गंडई अपने घरसे खेत में बोये चना-गेहूं की निंदाई व रखवाली करने के लिए मरदकठेरा खार के लिए पैदल खाना डिब्बा लेकर निकली थी। करीब 8 बजे ग्राम धोधा चौक के आगे कालेगोंदी रोड से गुजर रही थी कि कालेगोंदी की ओर से आ रहे अज्ञात लाल रंग के पल्सर मोटर साइकिल के चालक द्वारा तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन को चलाकर जोरदार ठोकर मारकर एक्सीडेट कर भाग गया। एक्सीडेट से ललिता साहू के सिर में चोट लगने से मौके पर मृत्यु हो गई। अज्ञात आरोपी लाल रंग के पल्सर मोटर साइकिल के चालक द्वारा तेज व लापरवाही वाहन चलाकर मृत्यु कारित करना पाए जाने से अपराध धारा 281, 106 (1) बीएनएस का घटित करना पाए जाने से अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
केसीजी पुलिस द्वारा अज्ञात मोटर साइकिल के चालक का सीसीटीवी फुटेज तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मोटर साइकिल का हेड लाईट वाईजर को बनवाने सहसपुर लोहारा रामा बजाज शोरूम ले गया था, जहां से आरोपी का पता चलने पर पल्सर मोटर साइकिल के चालक शैलेन्द्र निर्मलकर ग्राम ईरिमकसा थाना गंडई का होना पाए जाने से तलब कर पूछताछ करने पर घटना कारित करना स्वीकार किया गया।
प्रकरण में धारा 105 बीएनएस जोडी गई है। घटना में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय पेश किया गया है।

यातायात अव्यवस्था पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन

0

राजनांदगांव। नगर में लगातार बिगड़ती जा रही यातायात व्यवस्था को लेकर जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने गंभीर चिंता जताई है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा से मुलाकात कर नगर की यातायात समस्याओं से अवगत कराते हुए समाधान की मांग का ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि नगर में बेरोकटोक भारी वाहनों की आवाजाही, बसों के मनमाने स्टापेज, चौक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की अनुपस्थिति और बेतरतीब पार्किंग के चलते आम नागरिकों को भारी दबाव और जाम की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। चार पहिया और तीन पहिया वाहनों की आवाजाही सबसे अधिक प्रभावित हो रही है, जिससे दैनिक जीवन और व्यापारिक गतिविधियां बाधित हो रही हैं। इसके साथ ही नेशनल हाइवे में बंद पड़ी हाईमास्ट लाइटों के कारण रात के समय दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।
इस अवसर पर जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि नगर की यातायात व्यवस्था में सुधार की व्यापक गुंजाइश है, लेकिन इसके लिए जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम प्रशासन को संयुक्त रूप से कार्ययोजना बनाकर अमल करना होगा। केवल एक विभाग के प्रयास से स्थिति नहीं सुधर सकती।
मुदलियार ने स्पष्ट कहा कि यातायात सुधार के नाम पर आम नागरिकों और व्यापारियों को परेशान करना स्वीकार्य नहीं है। व्यवस्था इस तरह बनाई जाए कि सर्विस लेन और प्रमुख चौक-चौराहों पर आवागमन सुगम हो, भारी वाहनों के दबाव को नियंत्रित किया जाए और बसों को तय स्टापेज पर ही रोका जाए।
जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इन समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेते हुए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि राजनांदगांव की जनता को जाम, अव्यवस्थित ट्रैफिक और अनावश्यक परेशानी से राहत मिल सके। मुदलियार ने कहा कि जनता से जुड़ी इन समस्याओं पर अगर 15 दिनों में सुधार लागू नहीं हुए तो पुलिस अधिक्षक कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
इस दौरान रुपेश दुबे, कमलजीत सिंह पिंटू, सूर्यकांत जैन, एनी माखिजा, अशोक पंजवानी, विनय झा, राजेश चंपू गुप्ता, मनीष गौतम, डॉ अरुण देवांगन, मोहनीश धनकर, शुभम पांडे, मोहम्मद इब्राहिम, राजिक सोलंकी, नितिन बत्रा, कुलदीप कुरंजेकर, आफताब अहमद, अभिमन्यु मिश्रा, संदीप सोनी, जय जयसवाल, खूबचंद यादव, विष्णु सिन्हा, कादिर कुरैशी, वीरेंद्र चंद्राकर, राकेश चंद्राकर, गजेंद्र सिंह राजपूत, देवेश वैष्णव, लक्की चंद्राकर, आशीष साहू, राजा यादव, नरेश साहू, चंपा चंद्राकर, चेतन चंद्राकर, नीलेश ठावरे, शैलेष साहू, गोलू नायक, आशीष साहू, शेखर मालेकर, नीशू गुप्ता, बाबा राठौर, कृष्णा भारती, नरेन्द्र भारती, चेतन चंद्राकर, हेमचंद यादव, तेजराम साहू, नीतेश मारकंडे, देवचंद डिंडे, कमलेश साहू, रिषभ निर्मलकर, चुम्मन निषाद, निलेश ठावरे, शैलेश ठावरे, राजा यादव, सीताराम निषाद, मानसिंग साहू, शेख आशिफ, चैतराम साहू सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।

जोगी कांग्रेस नेता शमसूल आलम ने दुर्ग संभाग आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई की मांग

0

राजनांदगांव। अजीत जोगी युवा मोर्चा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शमसूल आलम ने आज दुर्ग संभाग आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपते हुए राजनांदगांव, दुर्ग और बालोद जिलों में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे अवैध प्लॉटिंग के कारोबार पर तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है। शमसूल आलम ने कहा कि इन जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में बिना वैध दस्तावेजों और रेरा रजिस्ट्रेशन के प्लॉटिंग का खेल तेजी से बढ़ रहा है, जिससे आम जनता को नुकसान हो रहा है और भूमि की कीमतों में अव्यवस्थित वृद्धि हो रही है।
ज्ञापन में शमसूल आलम ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं की जाती, तो अजीत जोगी युवा मोर्चा मुख्यमंत्री निवास के सामने प्रदर्शन करेगा। साथ ही उन्होंने बताया कि वे जल्द ही तीनों जिलों के कलेक्टर, रजिस्ट्रार, निगम कमिश्नर और एसडीएम से मुलाकात करेंगे और रेरा के तहत न रजिस्टर्ड प्लॉटों की जानकारी लेकर ठोस कार्रवाई की मांग करेंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान शमसूल आलम के साथ दुर्ग संभाग अध्यक्ष अनिरुद्ध वर्मा, नमन पटेल, आरिफ अहमद खान, मनोज पटेल, मनोज कुर्रे सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
जोगी कांग्रेस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और सरकार से अवैध प्लॉटिंग की समस्या पर कड़ी कार्रवाई की अपील की है।

इस स्टॉक पर एक साथ 2 खुशखबरी! स्टॉक स्प्लिट और बोनस का ऐलान, भागे शेयर, जानें कब है रिकॉर्ड डेट…

0

माइक्रो कैप कंपनी Delphi World Money Limited के शेयर फिर से फोकस में हैं. कंपनी के बोर्ड द्वारा 1:5 स्टॉक स्प्लिट और 2:1 बोनस इश्यू के लिए रिकॉर्ड डेट तय करने के बाद शेयर में करीब 6 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली.

कंपनी का मार्केट कैप करीब 369.54 करोड़ रुपये है. शेयर इंट्रा डे में 227.85 रुपये के हाई तक पहुंच गया, जो प्रीवियस क्लोजिंग प्राइस 215.20 रुपये से करीब 5.88 प्रतिशत ऊपर था. बाद में हल्की मुनाफावसूली आई और शेयर फिलहाल करीब 226 रुपये के आसपास ट्रेड करता दिखा.

क्या है पूरा मामला

Delphi World Money Limited के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने स्टॉक स्प्लिट और बोनस शेयर अलॉटमेंट के लिए शनिवार 14 फरवरी 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है. वहीं सोमवार 16 फरवरी 2026 को बोनस और सब डिविजन यानी स्प्लिट शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा.

1:5 Stock Split का मतलब क्या है

कंपनी ने 1:5 के रेशियो में स्टॉक स्प्लिट का फैसला लिया है. इसका मतलब है कि अभी जिन शेयरों का फेस वैल्यू 10 रुपये है, वह टूटकर 2 रुपये फेस वैल्यू वाले पांच शेयरों में बदल जाएगा. उदाहरण के तौर पर, अगर किसी निवेशक के पास अभी 1000 शेयर हैं जिनका फेस वैल्यू 10 रुपये है, तो स्प्लिट के बाद उसके पास 5000 शेयर हो जाएंगे, जिनका फेस वैल्यू 2 रुपये होगा. हालांकि कुल निवेश की वैल्यू में कोई बदलाव नहीं होगा.

2:1 Bonus Issue से कितने शेयर मिलेंगे

स्टॉक स्प्लिट के बाद कंपनी ने 2:1 बोनस इश्यू का भी ऐलान किया है. यानी निवेशक को हर एक मौजूदा शेयर पर दो नए शेयर फ्री मिलेंगे. मान लीजिए किसी निवेशक के पास स्प्लिट के बाद 5000 शेयर हैं, तो बोनस के जरिए उसे 10000 अतिरिक्त शेयर मिलेंगे. इस तरह कुल होल्डिंग बढ़कर 15000 शेयर हो जाएगी.

कंपनी का कारोबार

Delphi World Money Limited की शुरुआत साल 1985 में हुई थी और इसका हेडक्वार्टर मुंबई में है. यह कंपनी फॉरेन एक्सचेंज सर्विस प्रोवाइडर के तौर पर जानी जाती है. पहले इसका नाम Weizmann Forex और बाद में EbixCash World Money India Limited था, जिसे साल 2021 में बदलकर Delphi रखा गया. कंपनी मनी चेंजिंग, फॉरेक्स खरीद बिक्री, प्रीपेड फॉरेक्स कार्ड, इनवर्ड और आउटवर्ड रेमिटेंस, Western Union सर्विस, कैश टू मास्टर सॉल्यूशन और ट्रैवल इंश्योरेंस जैसी सेवाएं देती है. देशभर में इसके 165 से ज्यादा ब्रांच और 260 से ज्यादा एक्सटेंशन काउंटर हैं, जो करीब 6000 से ज्यादा पार्टनर्स से जुड़े हुए हैं.

वित्तीय प्रदर्शन

तिमाही नतीजों की बात करें तो Q2 FY26 में कंपनी की इनकम में जोरदार उछाल देखने को मिला. रेवेन्यू Q2 FY25 के 14.29 करोड़ रुपये से बढ़कर Q2 FY26 में 49.66 करोड़ रुपये पहुंच गया, यानी करीब 247.52 प्रतिशत की ग्रोथ.

अमेरिका में धुरंधर हैं ये 42 भारतीय कंपनियां, ट्रेड डील ने दिया गोल्डन चांस, USA से 100% तक कमाई, शेयरों पर रखें नजर…

0

भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से इंतजार की जा रही ट्रेड डील के बाद भारतीय निवेशकों, उद्योगपतियों और कॉरपोरेट कंपनियों की नजरें एक बार फिर अमेरिकी बाजार पर टिक गई हैं.

इस डील से नए व्यापारिक अवसर खुलने की उम्मीद है, लेकिन इसी बीच एक अहम सवाल भी उठ रहा है. क्या भारतीय कंपनियां अमेरिका पर जरूरत से ज्यादा निर्भर हो चुकी हैं?

EY Parthenon में मैनेजर और चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) Ankur Aggarwal ने अपने लिंक्डइन अकाउंट पर एक डेटा साझा किया है. इसके अनुसार, कई बड़ी भारतीय कंपनियों की आय का बड़ा हिस्सा अमेरिका से आता है. खासकर आईटी (Software Services) और फार्मा सेक्टर की कंपनियां अमेरिकी बाजार पर काफी हद तक निर्भर हैं. जैसे-जैसे इन कंपनियों का कारोबार बढ़ता है उसी तरह इनके शेयरों में भी हलचल दिख सकता है. इसलिए निवेशकों को इनके शेयरों पर नजर रखनी चाहिए.

IT कंपनियों की सबसे ज्यादा निर्भरता

आईटी सेक्टर इस लिस्ट में सबसे आगे है. Birlasoft की करीब 86% कमाई अमेरिका से होती है, वहीं MphasiS की 81% और eClerx Services की लगभग 76% आय अमेरिकी क्लाइंट्स से आती है. इससे साफ है कि भारत की आईटी इंडस्ट्री के लिए अमेरिका सिर्फ एक बाजार नहीं, बल्कि कमाई की रीढ़ बन चुका है. अगर अमेरिकी अर्थव्यवस्था में सुस्ती आती है, तो इसका सीधा असर इन कंपनियों पर पड़ सकता है.

कंपनी   USA से रेवेन्यू (%)

  • KPIT Technologies- 20.58
  • Newgen Software- Tech 21.64
  • Oracle Financial Services- 27
  • Tata Elxsi- 30.9
  • Tech Mahindra- 50.8
  • Coforge- 56
  • Wipro- 62.68
  • HCL Technologies- 65.5
  • Firstsource Solutions- 66.3
  • Zensar Technologies- 67.3
  • eClerx Services-76
  • Mphasis- 81.43
  • Birlasoft- 85.7

फार्मा सेक्टर भी पीछे नहीं

दवा बनाने वाली भारतीय कंपनियां भी अमेरिका पर काफी निर्भर हैं. Granules India की करीब 77% आय, Dr. Reddy’s Lab की लगभग 46% और Zydus Lifesciences की करीब 45% कमाई अमेरिका से आती है. अमेरिका का हेल्थकेयर बाजार बड़ा है और यहां से मिलने वाला मुनाफा भारतीय फार्मा कंपनियों को रिसर्च और विस्तार का मौका देता है, लेकिन ज्यादा निर्भरता जोखिम भी बढ़ाती है.

कंपनी USA से रेवेन्यू (%)

  • Ipca Laboratories- 17.83
  • Divi’s Lab- 18.25
  • Ajanta Pharma- 19.55
  • Alkem Laboratories- 28.88
  • Sun Pharma Industries- 33.26
  • Lupin- 38
  • Neuland Laboratories- 39.54
  • Biocon- 43.75
  • Zydus Lifesciences- 44.89
  • Aurobindo Pharma- 45.3
  • Dr. Reddy’s Lab- 48.66
  • Marksans Pharma- 51.8
  • Gland Pharma- 52.69
  • Natco Pharma- 70.49
  • Granules India- 77

आईटी-फार्मा के अलावा भी अमेरिका का असर

सिर्फ आईटी और फार्मा ही नहीं, बल्कि केमिकल्स, एफएमसीजी और ऑटो पार्ट्स जैसे सेक्टर भी अमेरिकी बाजार से जुड़े हैं. Clean Science, Tata Chemicals, LT Foods और Avanti Feeds जैसी कंपनियों की आय का अच्छा-खासा हिस्सा अमेरिका से आता है. इससे पता चलता है कि भारत की अर्थव्यवस्था किस तरह वैश्विक बाजारों से जुड़ चुकी है. साथ ही अमेरिकी बाजार पर काफी निर्भर है.

Chemicals Sector

 कंपनी USA से रेवेन्यू (%)

  • Clean Science- 18
  • Gujarat Fluorochemicals- 19.35
  • Tata Chemicals- 35.06

Auto Ancillary

कंपनी USA से रेवेन्यू (%)

  • Samvardhana Motherson- 20
  • Consumer Durables / Manufacturing

कंपनी सेक्टर USA से रेवेन्यू (%)

  • Sundram Fasteners- Consumer Durables- 22.36
  • Elgi Equipments- Pumps- 23.24
  • Hindalco- Metals -23.08
  • Bharat Forge- Forging & Casting- 44.33

FMCG / Food

कंपनी USA से रेवेन्यू (%)

  • LT Foods- 38.53
  • Avanti Feeds- 69

Textiles

कंपनी USA से रेवेन्यू (%)

  • Trident- 39.28

पूरी तरह अमेरिका पर निर्भर कंपनी

Sagility India एक ऐसा उदाहरण है, जिसकी 100% कमाई अमेरिका से आती है. यह एक तरफ बड़ा मौका है, लेकिन दूसरी तरफ बहुत बड़ा जोखिम भी. अगर किसी वजह से अमेरिकी बाजार में दिक्कत आती है, तो ऐसी कंपनियों के लिए हालात चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं.

कंपनी USA से रेवेन्यू (%)

  • Syngene International- 64.66
  • Sagility India- 100

कितना सही है एक देश पर निर्भरता?

भारत-अमेरिका ट्रेड डील से नए मौके जरूर बनेंगे और अमेरिकी बाजार भारतीय कंपनियों के लिए आगे भी अहम बना रहेगा. लेकिन कंपनियों को अपनी रणनीति में बदलाव करना होगा. यूरोप, मिडिल ईस्ट, अफ्रीका और एशिया जैसे वैकल्पिक बाजारों में भी विस्तार जरूरी है, ताकि किसी एक देश पर अत्यधिक निर्भरता कम की जा सके.

पैसा रखें तैयार! ये NBFC ला रही ₹1,010 करोड़ का IPO, प्राइस बैंड तय, अगले हफ्ते से दांव लगाने का मौका…

0

आईपीओ में निवेश के इच्‍छुक लोगों के लिए कमाई का एक और मौका आने वाला है. दरअसल गुरुग्राम स्थित नॉन बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी यानी NBFC, Aye Finance अब शेयर बाजार में दस्तक देने जा रही है.

अगले हफ्ते इसका आईपीओ सब्‍सक्रिप्‍शन के लिए खुलेगा. ग्लोबल निवेशकों के समर्थन वाली इस NBFC ने अपने ₹1,010 करोड़ के IPO के लिए प्राइस बैंड तय कर दिया है.

लॉट और प्राइस बैंड

कंपनी ने शेयर का दाम ₹122 से ₹129 प्रति शेयर रखा है, जबकि फेस वैल्यू ₹2 प्रति शेयर है. निवेशक 116 शेयरों के लॉट में और उसके बाद मल्टीपल में बोली लगा सकेंगे. प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर कंपनी का वैल्यूएशन करीब ₹3,184 करोड़ बैठता है. IPO 9 फरवरी को खुलेगा और 11 फरवरी को बंद होगा.

इश्‍यू डिटेल

इस इश्यू में ₹710 करोड़ का फ्रेश इश्यू होगा, जिससे कंपनी को सीधे फंड मिलेगा. वहीं ₹300 करोड़ का ऑफर फॉर सेल यानी OFS रहेगा, जिसमें मौजूदा निवेशक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे. इश्यू का 75% हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 15% नॉन इंस्टीट्यूशनल निवेशकों के लिए और 10% रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित रखा गया है. यानी छोटे निवेशकों को भी इसमें भाग लेने का मौका मिलेगा.

ये दिग्‍गज हैं निवेशक

कंपनी में बड़े नामी निवेशक शामिल हैं. Elevation Capital की 16.03% हिस्सेदारी है, LGT Capital के पास 13.99% और Alphabet की CapitalG के पास 13.14% हिस्सेदारी है. Alpha Wave India और British International Investment जैसे निवेशक भी प्रमुख शेयरहोल्डर हैं.

जल्‍द खत्‍म होगा NSE IPO का इंतजार, मार्च आखिर तक DRHP फाइल होने की उम्‍मीद, OFS से बेची जाएगी 4.5% हिस्‍सेदारी

वित्‍तीय स्थिति

वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो मार्च 2025 में खत्म हुए साल में कंपनी का मुनाफा बढ़कर ₹175.3 करोड़ हो गया, जो पिछले साल से 2% ज्यादा है. वहीं नेट इंटरेस्ट इनकम 37.9% उछलकर ₹858 करोड़ पहुंच गई, जो मजबूत बिजनेस ग्रोथ का संकेत है.

कौन है बुक लीड मैनेजर?

Axis Capital, IIFL Capital, JM Financial और Nuvama Wealth इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं. शेयर अलॉटमेंट 12 फरवरी को फाइनल होगा और 16 फरवरी को कंपनी के शेयर बाजार में लिस्ट होने की उम्मीद है.