छत्तीसगढ़ में धमतरी जिले के विवेकानंद वार्ड में 11 साल की बच्ची की फांसी के फंदे पर झूलती लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. मिली जानकारी के मुताबिक घटना के वक्त बच्ची और उसकी छोटी बहन घर में अकेली थी. बता दें कि बीते 26 मई की शाम को जब मां और बच्ची (मृतक) की बड़ी बहन घर पर पहुंची तो वह पंखे पर लटकी हुई थी. मृत बच्ची के पिता ने बताया कि जिस पंखे से बच्ची लटकी हुई मिली वो पंखा बीते एक साल से खराब था. इसलिए बच्ची ने पंखे में झूला बना लिया था और वहां अक्सर खेलती रहती थी.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक घटना से कुछ समय पहले पड़ोसियों ने बच्ची को घर में पानी भरते और साफ-सफाई करते देखा था. उस दौरान उसने अपनी छोटे बहन को गंदगी फैलाने पर डांट भी लगाई थी और घर से बाहर भेज दिया था.
बहरहाल, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पातल भेज दिया है. साथ घटना के पीछ वजह को तलाशने में जुट गई है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या झूले से खेलने में बच्ची को फांसी लग गई. फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
भारतीय रेलवे के इतिहास में पहली बार रायपुर रेल मंडल द्वारा एक साथ तीन माल गाड़ियों को जोड़कर चलाया गया. रेलवे द्वारा इस ट्रिपल लांग हाल एनाकोंडा नाम दिया गया है. एक लोको पायलट, एक सहायक लोको पायलट और एक गार्ड द्वारा पूरे ट्रिपल लांग हाल को चलाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया गया है. आपको बता दें कि इस माल गाड़ी में 177 वैगनों को जोड़कर 2 किलोमीटर लंबी रैक बनाकर इसे चलाया गया, जिसे भिलाई मार्शलिंग यार्ड (बीएमवाय) से सोमवार शाम साढ़े 5 बजे रवाना किया गया और फिर ये गाड़ी बिलासपुर होते हुए रात 11 बजे कोरबा पहुंची. बताते हैं कि रायपुर रेल मंडल में पहली बार ऐसा प्रयोग किया गया है, जिससे ना सिर्फ क्रू सेट की बचत होगी बल्कि आने वाले समय में रेलवे ट्रैक का भी सही इस्तेमाल हो पायेगा.
मिली जानकारी के मुताबिक इस लॉन्ग हौल रैक में तीन लोकोमोटिव एक गार्ड के डब्बे के साथ लगभग 177 वैगनों को जोड़कर चलाया गया है. इस डीजल क्रू में केवल एक ही लोकोमोटिव में एक लोको पायलट और एक सहायक लोको पायलट मौजूद रहेंगे. दोनों लोकोमोटिव चालू रहे, लेकिन उसमे ऑपरेशन के लिए लोको पायलट, असिस्टेंट लोको पायलट की जरूरत नहीं थी, इसलिए तीनों मालगाड़ियों को जोड़कर एक ही लोको पायलट और सहायक लोको पायलट, गार्ड की सहायता से इसे चलाया गया.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बतौर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, विधायक और सीएम बनने तक अपने व्यवहार और सहजता से लगातार लोगों का दिल जीत रहे हैं. इसी क्रम में बीते सोमवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री बघेल का सहज अंदाज देख लोग कायल हो गए.
दरअसल, मौका पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि का था, कांग्रेस भवन में नेहरू पर व्याख्यानमाला आयोजित की गई थी. इस दौरान मुख्यमंत्री बघेल ने करीब 14 मिनट तक नेहरू के विचारों, दर्शन और उनके सोच पर व्याख्यान दिया. सीएम ने तालियों के बीच खुद ही जेएनयू के पूर्व प्रोफेसर पुरुषोत्तम अग्रवाल को आमंत्रण दिया. पुरुषोत्तम अग्रवाल जैसे ही मंच की तरफ बढ़े, तो भूपेश बघेल मंच से नीचे उतरकर सीधे आमलोगों के बीच जाकर बैठ गए.
ऐसे में मुख्यमंत्री का अचानक इस तरह लोगों के बीच में जाकर बैठना बेहद हैरान कर देने वाला था. तभी मीडिया के कैमरे भी उन्हीं की तरफ टिक गए. इस दौरान लोगों का व्याख्यान से ध्यान हटकर मुख्यमंत्री पर केंद्रित हो गया. व्याख्यान में रुकावट देख प्रोफेसर पुरुषोत्तम ने मंच से ही कहा, “मुख्यमंत्रीजी से मेरा अनुरोध है वो पूरे व्याख्यान तक मौजूद रहें. वरना जहां मुख्यमंत्री या अन्य बड़ी शख्सियत मौजूद होती है, उनके जाते ही पूरा व्याख्यान उन्हीं के साथ चला जाता है.”
इतना सुनकर मुख्यमंत्री ने मुस्कुराकर आश्वस्त किया कि वो पूरे वक्त मौजूद रहेंगे. बता दें कि मुख्यमंत्री बघेल का कार्यक्रम चुरहट जाने का था. बावजूद इसके वो पूरे कार्यक्रम में मौजूद रहे.
इसके बाद पुरुषोत्तम अग्रवाल ने सीएम बघेल को मंच पर बुला लिया. इसके बाद खुद ही मुख्यमंत्री बघेल ने मीडिया से अनुरोध किया कि वो व्याख्यान पर सुनने दें और लोगों को असुविधा का ख्याल रखें. उन्होंने कहा कि वो पुरुषोत्तम अग्रवाल के विचारों को सुनना चाहते हैं, इसलिए यहां बैठे हैं.
छत्तीसगढ़ के निलंबित आईपीएस मुकेश गुप्ता की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है. बहुचर्चित फोन टेपिंग मामले में मुकेश गुप्ता के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरु हो गई है. जानकारी के मुताबिक 7 मई को मुकेश गुप्ता को डीजीपी डीएम अवस्थी के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए गए है. इस दौरान फोन टेपिंग मामले में मुकेश गुप्ता का बयान लिया जाएगा. बता दें कि मुकेश गुप्ता पर पद का दुरुपयोग करते हुए अवैध रुप से फोन टेपिंग कराए जाने का आरोप है. इस पूरे मामले को लेकर पहले ही ईओडबल्यू द्वारा जांच की जा रही है और अब विभागीय जांच भी शुरु हो गई है. फोन टेपिंग मामले में ईओडबल्यू ने आईपीएस रजनेश सिंह के बाद निलंबित आईपीएस मुकेश गुप्ता से पूछताछ की थी. हालांकि मुकेश गुप्ता को 21 मई को EOW के समक्ष पेश होना थे लेकिन उन्होने अपनी बेटी की तबियत अचानक खराब हो जाने का हवाला देते हुए अधिकारियों के सामने पेश नहीं हुए थे. अब इस मामले में 6 या 7 जून को मुकेश गुप्ता को दोबारा बयान दर्ज कराने के लिए ईओडबल्यू के समक्ष पेश होना है.
क्या है पूरा मामला
छत्तीसगढ़ में सत्ता परिवर्तन के बाद नान घोटाले पर जांच के आदेश दिए गए. तब ये खुलासा हुआ था कि छापे के पहले नान के अफसरों और कर्मचारियों का फोन टेप हो रहा था. इसके पुख्ता सबूत मिलने के बाद ईओडब्लू ने तत्कालीन डीजी मुकेश गुप्ता, एसपी रजनेश सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया. इस मामले में ईओडब्लू के ही डीएसपी आरके दुबे ने डीजी और एसपी के खिलाफ बयान दिया था कि उनके दबाव में उन्होंने अफसरों के फोन अवैध रूप से टेप करवाने का आदेश जारी किया। हालांकि बाद में दुबे का बयान विवादों में पड़ गया.
बयान देने के बाद आरके दुबे ने हाईकोर्ट में हलफनामा दे दिया कि उन पर दबाव डालकर बयान लिखवाया गया था. पर कुछ दिनों बाद उन्होंने फिर हाईकोर्ट में नया हलफनामा देकर अपने पिछले शपथपत्र को गलत ठहराया. उन्होने आरोप लगाया कि मुकेश गुप्ता और रजनेश सिंह के कहने पर ही उन्होंने अवैध तरीके से अफसरों का फोन टेप किय. इसी केस में सवाल जवाब के लिए मुकेश गुप्ता को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया गया था.
बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड ने अमूल और मदर डेयरी के मुकाबले 4 रुपये प्रति लीटर सस्ता टोंड दूध लॉन्च किया है. इससे पहले पतंजलि उत्तराखंड, दिल्ली-एनसीआर, जयपुर, महाराष्ट्र में गाय के दूध की बिक्री कर रही थी. पतंजलि टोंड दूध की कीमत 40 रुपए प्रति लीटर है, जो अमूल और मदर डेयरी जैसी कंपनियों की तुलना में 4 रुपए लीटर सस्ता है. जबकि, अमूल और मदर डेयरी ने हाल ही में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की है.
बाबा रामदेव ने टोंड दूध को पेश करते हुए बताया कि पतंजलि ने डेयरी एवं अन्य फ्रेश प्रोडक्ट्स के क्षेत्र में सितंबर 2018 में कदम रखा था. दिल्ली-एनसीआर में गाय के दूध के बाजार में पतंजलि ने 20 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल कर ली है.
बाबा रामदेव ने बताया कि कंपनी नए दूध के प्रचार प्रसार पर खर्च नहीं बढ़ा रही है. इसीलिए ये दूध अन्य कंपनियों के मुकाबले सस्ता है.
6 माह तक खराब नहीं होगा ट्रेटा पैक रामदेव ने कहा कि टेट्रा पैक वाले दूध को पूर्वोत्तर क्षेत्र समेत देशभर में उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा गोवंश की रक्षा करने की है. रामदेव ने कहा कि पतंजलि का टेट्रा पैक काउ मिल्क की शेल्फ लाइफ 6 महीने है.
यह बहुत गाढ़ा है. टोंड दूध पीने के आदी लोग इसमें 50% पानी मिलाकर पी सकते हैं. उन्होंने कहा कि लोग पतंजलि दूध का टेट्रा पैक यात्रा के दौरान भी अपने साथ ले जा सकते हैं. इसका भाव 60 रुपये प्रति लीटर है.
लॉन्च किया एक और प्रोडक्ट पतंजलि आयुर्वेद ने एक नया उत्पाद काऊ टेबल बटर को भी पेश किया है. यह बटर गाय के शुद्ध दूध से बनाया गया है और इसमें किसी भी प्रकार के रंग का उपयोग नहीं किया गया है. इसमें सेंधा नमक का उपयोग किया गया है. इस वजह से पतंजलि बटर अन्य ब्रांड के बटर से अधिक स्वादिष्ट और पौष्टिक है.
हर्बल दूध भी लाने की तैयारी पतंजलि के फाउंडर रामदेव ने कहा कि पतंजलि मक्खन दूसरी कंपनियों से 4 रुपए महंगा है क्योंकि यह गाय का शुद्ध मक्खन है. इसमें रंग की मिलावट नहीं है. अमूल और मदर डेयरी की टक्कर में आइसक्रीम लॉन्च करने के सवाल पर रामदेव ने कहा कि इसकी कोई योजना नहीं है. लेकिन हर्बल मिल्क लॉन्च करने के संकेत दिए. उन्होंने कहा कि जल्द जड़ी बूटियों वाल दूध भी मिलना शुरू हो जाएगा.
रामदेव ने बताया कि पतंजलि के मेन प्लांट्स महाराष्ट्र के नेवासा, उत्तर प्रदेश मेरठ और हाथरस जबकि जयपुर में दो प्लांट्स हैं. पतंजलि का सारा मक्खन नेवासा में बनता है.
उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में सबसे ज्यादा दूध उत्पादन होता है. हालांकि, जयपुर, हरिद्वार और एनसीआर आदि इलाके में भेजे जाने वाले दूध का ज्यादातर कलेक्शन बीकानेर, झुंझनू और जयपुर से होता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पतंजलि दूध का प्रसंस्करण अपने ही प्लांट्स में करती है, किसी थर्ड पार्टी का सहारा नहीं लिया जाता है.
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ पिछली सरकार के एक फैसले को पलटने की तैयारी में हैं. सिमी सदस्यों के एनकाउंटर की घटना के बाद बीजेपी सरकार ने जेलों में बाहरी सामान पर पूरी तरीके से प्रतिबंध लगा दिया था. अब कमलनाथ सरकार इस प्रतिबंध को हटाने जा रही है. इस मसले को लेकर बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने हैं.
बता दें कि भोपाल मध्य से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने हाल ही में रोजा इफ्तारी को लेकर ये मामला उठाया था. उन्होंने जेल डीजी संजय चौधरी को ज्ञापन भी सौंपा था. मसूद का कहना था कि जेल में क़ैदियों की इफ्तारी की व्यवस्था नहीं है. इस मसले पर उन्होंने बैठक में सीएम कमलनाथ को भी चुनौती दे दी थी. मसूद के उस ज्ञापन को डीजी ने राज्य सरकार के पास भेज दिया. प्रदेश के गृहमंत्री बाला बच्चन का कहना है कि कैदियों के परिवार वालों ने भी प्रतिबंध हटाने मांग की है. मुख्यमंत्री से चर्चा करने के बाद रास्ता निकाला जाएगा
ये है मामला…?
वर्ष 2016 में सिमी से ताल्लुक रखने वाले कैदी भोपाल सेंट्रल जेल से फरार हो गए थे. पुलिस ने सभी कैदियों का एनकाउंटर कर दिया था. जांच में खुलासा हुआ था कि इन कैदियों को जेल में बेरोक-टोक बाहरी खान-पान और अन्य सामान की सप्लाई हो रही थी. इसे शिवराज सरकार ने गंभीरता से लिया और प्रदेश की सभी जेलों में बाहरी सामान लाने पर पूरी तरीके से प्रतिबंध लगा दिया था. भोपाल सेंट्रल जेल में अभी भी सिमी से जुड़े कई कैदी बंद हैं. इनके लिए अंडाकार सेल भी बनाई जा रही है. सुरक्षा के लिहाज़ से बाहरी सामान पर प्रतिबंध लगाया गया था.
महाराष्ट्र के पुणे में मुर्गे की बांग से परेशान होकर एक महिला थाने पहुंच गई. मुर्गे की बांग महिला को इस हद तक नागवार गुजरी कि वह पक्षी और उसके मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाने चली गई.
एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि सोमवार पेठ इलाके में रहने वाली महिला ने शुक्रवार को समर्थ थाने में शिकायत दी. महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि उसके घर के सामने वाले घर में रोजाना सुबह मुर्गा बांग देता है जिससे उनकी नींद में खलल पड़ता है.
अधिकारी ने बताया, हमें महिला की शिकायत मिली है. जब हमने जांच की तो पता चला कि वह उस घर में नहीं रहती है. यह घर उसकी बहन का है. वह अपनी बहन के घर कुछ दिनों के लिए आई थी और शिकायत देने के बाद वहां से चली गई.
उन्होंने बताया कि इस बारे में अबतक उन्हें कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है.
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में चार पूर्व छात्रों के मेडिकल परीक्षा के दौरान उनकी गर्लफ्रेंड्स को नक़ल कराने का मामला सामने आया है. इन चारों पूर्व छात्रों ने अपनी चार गर्लफ्रेंड्स को नक़ल कराने के लिए यूनिवर्सिटी कर्मचारी को रिश्वत भी दी.
क्या है मामला?
बता दें कि ये चारों लड़कियां एएमयू की एमबीए प्रवेश परीक्षा की तैयार कर रहीं थी. इनके बॉयफ्रेंड्स ने अपना रुतबा दिखाने के लिए ये वादा कर दिया कि उन्हें मेडिकल की प्रवेश परीक्षा में पास करा देंगे. अब जब गर्लफ्रेंड से वादा कर दिया तो उसे पूरा भी करना था. लेकिन एएमयू में किसी को इस तरह से पास कराना मुमकिन नहीं है. इसके लिए चारों ने योजना बनाई कि पेपर ही ली करा लिया जाए. इसके लिए उन्होंने एएमयू के संविदा कर्मचारी की मदद भी ली.
इन लड़कों ने कर्मचारी को 4 हजार रुपये का लालच दिया था. लड़कों ने कर्मचारी से कहा कि वह बंडल में से एक पेपर निकल दे. बाद में उसे वापस बंडल में ही रख देंगे. कर्मचारी ने ऐसा ही किया. पेपर हाथ में आते ही उसकी फोटोकॉपी कराई गई. पेपर वापस कर्मचारी को दिया कि वह उसे बंडल में रख दे. लेकिन किन्ही कारणों के चलते कर्मचारी ऐसा नहीं कर पाया. उसने पेपर को फाड़कर डिपार्टमेंट की छत पर फेंक दिया. दूसरी ओर चारों छात्रों ने उस पेपर को सॉल्व कराया. सॉल्व कॉपी व्हाट्सअप से चारों गर्लफ्रेंड को भेज दी.
ऐसे फंसे चारों दरअसल इन चारों लड़कों को भरोसा नहीं था कि इनकी गर्लफ्रेंड्स सॉल्व पेपर के जरिए भी प्रवेश परीक्षा पास कर पाएंगी. इसी के चलते उन्होंने सॉल्व कॉपी की छोटी-छोटी पर्चियां बनाईं. पर्चियां फिर से उसी कर्मचारी को दे दीं. साथ ही कहा कि ये पर्ची फलॉ-फलॉ लड़कियों को एग्जाम के दौरान अंदर दे देना. कर्मचारी ने भी ऐसा ही किया. लेकिन जब परीक्षा के दौरान बंडल खुला तो एक पेपर कम होने से हड़कंप मच गया. शक होने पर जब कर्मचारी से पूछताछ हुई तो उसने सारा भेद खोल दिया. जिसके बाद चारों पूर्व छात्रों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) सहित पूरे उत्तर भारत के लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग की माने तो इस पूरे हफ्ते लोगों को झुलसना पड़ सकता है. दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती गर्मी के पीछे अल नीनो के प्रभाव को जिम्मेदार बताया जा रहा है. वहीं, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में गर्मी की वजह से लोग हिल स्टेशनों का रुख कर रहे हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह के दौरान दिल्ली के लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है और न ही मौसम में बदलाव की वजह से बारिश होने की संभावना है. अगले एक सप्ताह के दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार से शुरू हुई गर्मी में लगातार वृद्धि होगी और पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. सोमवार को न्यूनतम तामपान 26.9 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रहा. आसमान साफ होने से गर्मी और ज्यादा हो रही है. मंगलवार को मौसम साफ रहने की उम्मीद है. मंगलवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है. बता दें कि दिल्ली-एनसीआर के अलावा उत्तर प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में भी भीषण गर्मी का अनुमान जताया गया है. साथ ही इन क्षेत्रों में लू चलने का भी पुर्वानुमान है.
पिछले कुछ दिनों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते कई बार हल्की बारिश के साथ आंधी-तूफान आ चुके हैं. इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई थी. लेकिन, आने वाले कुछ दिनों तक इसके कोई आसार नहीं हैं. इसके चलते मौसम िविभाग ने अनुमान जताया है िकि मई के अंत तक तापमान 45 डिग्री के पार जा सकता है. जून महीने में इसमें और वृद्धि होने की बात कही गई है.
बढ़ते तापमान के बीच वैज्ञानिकों का कहना है कि अल नीनो के प्रभाव से मानसून प्रभावित हो रहा है. बताया जा रहा है कि इस साल अल नीनो के असर के चलते तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में अप्रैल महीने से ही लू चल रही है.
अपने पहले कार्यकाल में विदेश यात्राओं के लिए खबरों में रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दूसरा कार्यकाल भी काफी व्यस्त रहने वाला है. पहले 7 महीनों में प्रधाममंत्री कम से कम 7 विदेश यात्राएं करेंगे. शुरुआत एक बार फिर दक्षिण एशियाई देश मालदीव से होगी. अपने पहले कार्यकाल के पहले दौरे में प्रधानमंत्री भूटान गए थे.
विदेश दौरे का कार्यक्रम-
>> मालदीव की यात्रा पर प्रधानमंत्री 7-8 जून को रहेंगे. >>इसके बाद 13 जून को किर्गिस्तान में शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन की बैठक में हिस्सा लेंगे. इस बैठक पर सबकी नजर इसलिए है क्योंकि यहां पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान भी रहेंगे और सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि क्या दोनों नेता मुलाकात करते हैं.
>> 28 जून को जापान के ओसाका में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में भी प्रधानमंत्री हिस्सा लेंगे. दुनिया के अन्य राष्ट्राध्यक्षों के साथ नरेंद्र मोदी इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी मुलाकात करेंगे. >> अगस्त में होने वाले G7 समिट के लिए मोदी पेरिस जाएंगे >> 4-6 सितंबर के बीच ईस्टर्न ईकोनॉमिक फोरम की बैठकमें हिस्सा लेने मोदी रूस में होंगे. इस दौरान रूसी राष्टपति पुतिन से मोदी की मुलाकात होगी.
>> सितंबर में ही संयुक्त राष्ट्र का महासम्मेलन न्यूयॉर्क में होगा. हालांकि अब तक प्रधानमंत्री के जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. >> इसके बाद नवंबर में ईस्ट एशिया समिट बैंकॉक में और ब्रिक्स समिट में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जाएंगे.
पहले कार्यकाल में की 60 देशों की यात्रा अपने पहले कार्यकाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 60 देशों की यात्रा की थी. अमेरिका से रूस और जापान तक दुनिया भर में भारत की छवि मजबूत देश के रूप में उभरी है. अब इसे अगले स्तर पर ले जाने का वक्त आ गया है.