Home Blog Page 410

महापौर ने 18 एकड़ वासियों से की मुलाकात, पानी सप्लाई की समस्या के समाधान के दिए निर्देश

0

राजनांदगांव। महापौर श्री मधुसूदन यादव ने बुधवार को वार्ड नं. 19 के पुलिस लाईन 18 एकड़ क्षेत्र में वासियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री किशुन यदु, जल विभाग के प्रभारी सदस्य श्री सुनील साहू, और वार्ड पार्षद श्रीमती रेखा अभय पारख भी उपस्थित थे।

वासियों ने महापौर से मुख्य रूप से पानी की समस्या को लेकर शिकायत की। उनका कहना था कि इस क्षेत्र में पानी की सप्लाई के लिए दो टंकी बनाई गई हैं, लेकिन एक टंकी छोटी होने के कारण पर्याप्त पानी सप्लाई नहीं हो पा रहा है। महापौर ने इस मुद्दे पर चर्चा करते हुए जल विभाग के अधिकारियों से समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने को कहा।

प्र. कार्यपालन अभियंता श्री प्रणय मेश्राम ने जानकारी दी कि 18 एकड़ क्षेत्र में नगर निगम की ओर से दो टंकियों के माध्यम से पानी सप्लाई की जा रही है, और सम्पवेल के जरिए पानी टंकी में भरकर घरों तक भेजा जाता है।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों सम्पवेल टंकियों को आपस में कनेक्ट किया जाए, जिससे बड़ी टंकी का ओवरफ्लो पानी छोटी टंकी में भी पहुंचे और सप्लाई बढ़ सके। इसके अलावा, उन्होंने बोर खनन की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की बात कही, ताकि पंप के जरिए टंकी को भरने की व्यवस्था की जा सके, जिससे पानी की सप्लाई में सुधार हो सके।

महापौर ने यह भी कहा कि गर्मी से पहले पेयजल संकट वाले क्षेत्रों में सुरक्षित और सुचारू पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जाए।

निरीक्षण के दौरान उप अभियंता श्री अनुप पांडे, श्री तिलक राज ध्रुव और फिटर श्री सोमनाथ सहित 18 एकड़ वासी उपस्थित थे।

खुबाटोला में इमारती लकड़ी का अवैध परिवहन पकड़ाया, वन विभाग को सौंपा

0

राजनांदगांव। जिले में अवैध परिवहन रोकने के लिए कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के तहत राजस्व विभाग की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।

तहसीलदार लाल बहादुर नगर अमीय श्रीवास्तव ने बताया कि ग्राम खुबाटोला में इमारती लकड़ी का अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। लकड़ी के साथ कोई दस्तावेज नहीं होने पर इसे जप्त कर कार्रवाई हेतु वन विभाग को सुपुर्द किया गया।

कलेक्टर ने कहा है कि जिले में अवैध लकड़ी परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और इस तरह की गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता: छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब, सीबीएसई सेमीफाइनल में

0

राजनांदगांव। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देश एवं स्कूल शिक्षा विभाग के आयोजन में 11 से 15 जनवरी तक दिग्विजय स्टेडियम राजनांदगांव में चल रही 69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में देश भर के 27 राज्य और 9 शैक्षणिक संस्थान की 36 बास्केटबॉल टीमों (बालक-बालिका, 17 वर्ष) ने भाग लिया।

प्रतियोगिता के तीसरे और चौथे दिन खेले गए प्री-क्वार्टर और क्वार्टर फाइनल मैचों में मेजबान छत्तीसगढ़ सहित मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, सीबीएसई, दिल्ली, पंजाब, सीबीएससीडब्लूएसओ, तमिलनाडू और चंडीगढ़ की टीमें अगली राउंड में पहुंच गईं। खास बात यह रही कि छत्तीसगढ़ की बालक और बालिका दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।

तीसरे दिन संध्या में प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में बालिका वर्ग में उत्तर प्रदेश ने केवीएस को 49-41, केरल ने पश्चिम बंगाल को 52-36, सीबीएसई ने झारखंड को 45-15 और मध्यप्रदेश ने राजस्थान को 55-46 अंकों से पराजित किया। वहीं, बालक वर्ग में तमिलनाडू ने तेलंगाना को 89-49, दिल्ली ने चंडीगढ़ को 64-29, केवीएस ने गुजरात को 60-48, मध्यप्रदेश ने उत्तर प्रदेश को 42-14, सीबीएससीडब्लूएसओ ने राजस्थान को 47-38 और महाराष्ट्र ने सीआईएसई को 47-46 अंकों से हराया।

क्वार्टर फाइनल मैच 14 जनवरी को सुबह खेले गए। बालिका वर्ग में सीबीएसई ने मध्यप्रदेश को 45-20, महाराष्ट्र ने केरल को 54-28, दिल्ली ने उत्तर प्रदेश को 55-31 और छत्तीसगढ़ ने चंडीगढ़ को 74-60 अंकों से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। बालक वर्ग में दिल्ली ने महाराष्ट्र को 64-29, पंजाब ने तमिलनाडू को 69-66 और छत्तीसगढ़ ने मध्यप्रदेश को 35-19 अंकों से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 15 जनवरी को सुबह 7:35 बजे दिग्विजय स्टेडियम में खेला जाएगा।

नेशनल मिशन ऑन एडीबल ऑयल-ऑयल पॉम योजना : किसानों को ऑयल पाम खेती पर अतिरिक्त अनुदान

0

राजनांदगांव। जिले में खाद्य तेलों की आत्मनिर्भरता और किसानों की आय बढ़ाने के लिए भारत सरकार एवं राज्य शासन द्वारा संचालित नेशनल मिशन ऑन एडीबल ऑयल-ऑयल पॉम योजना के तहत किसानों को ऑयल पाम खेती को अपनाने पर विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। केंद्र सरकार के अनुदान के साथ ही राज्य शासन द्वारा टॉप-अप अनुदान भी प्रदान किया जा रहा है।

सहायक संचालक उद्यान ने बताया कि ऑयल पाम दीर्घकालीन, कम श्रम और अधिक उत्पादकता वाली फसल है। रोपण के चौथे वर्ष से उत्पादन शुरू होकर 25-30 वर्षों तक लगातार उपज मिलती है। पारंपरिक तिलहन फसलों की तुलना में यह प्रति हेक्टेयर 4 से 6 गुना अधिक तेल उत्पादन देती है, जिससे किसानों को स्थायी आर्थिक लाभ होता है।

राज्य शासन ने प्रारंभिक लागत और 3-4 वर्ष की गेस्टेशन अवधि को ध्यान में रखते हुए किसानों को 1,30,000 रुपए प्रति हेक्टेयर अनुदान के अलावा टॉप-अप अनुदान देने का प्रावधान किया है। इसमें रखरखाव मद के लिए पूर्व निर्धारित 5,250 रुपए में 1,500 रुपए की वृद्धि कर 6,750 रुपए, अंतरवर्तीय फसलों के लिए बढ़ाकर 10,250 रुपए, ड्रिप सिंचाई अपनाने पर अतिरिक्त राशि सहित 22,765 रुपए, और पौधों व फसलों की सुरक्षा हेतु फेंसिंग के लिए 54,485 रुपए प्रति हेक्टेयर अनुदान शामिल है। कुल मिलाकर राज्य सरकार 69,620 रुपए तक अतिरिक्त सहायता प्रदान कर रही है।

किसान योजना के तहत तकनीकी मार्गदर्शन, रोपण सहायता और विस्तृत जानकारी के लिए उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों और अधिकृत कंपनी प्रतिनिधियों से संपर्क कर सकते हैं।

सड़क सुरक्षा माह में नाटक के माध्यम से यातायात जागरूकता अभियान

0

राजनांदगांव। सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर आज 14 जनवरी 2026 को राजनांदगांव में नाटकीय माध्यम से यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र नायक के मार्गदर्शन में यह अभियान नेशनल हाईवे एवं शहर के महावीर चौक पर आयोजित किया गया।
अभियान में यातायात टीम के साथ यमराज और चित्रगुप्त नाटकीय किरदारों एवं संवादों के माध्यम से आम जनता को वाहन चलाते समय हेलमेट न लगाने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट न लगाने और दुपहिया वाहन में तीन सवारी करने जैसी खतरनाक आदतों से बचने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान विनोद गौतम और टेकराम ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
यातायात पुलिस ने कहा कि वाहन चालकों को नियमों का पालन करने के लिए लगातार हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की कि अपने परिवार और स्वयं की सुरक्षा के लिए दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें, दुपहिया वाहन में तीन सवारी न करें, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करें, तेज गति से वाहन न चलाएं, चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाएं, नशे की हालत में वाहन न चलाएं एवं नियंत्रित गति में वाहन चलाएं।
राजनांदगांव यातायात पुलिस ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा और लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति प्रेरित किया जाएगा।

डोंगरगढ़ में ऑटो चालक पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार

0

राजनांदगांव। डोंगरगढ़ बस स्टैंड के पास 3 जनवरी 2026 को हुए ऑटो चालक पर चाकू से हमले का आरोपी मनीष गेडाम को पुलिस ने 14 जून 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना किराए को लेकर हुए विवाद में हुई थी।
पुलिस के अनुसार रविदास नगर निवासी ऑटो चालक दिनेश कुर्रे अपने ऑटो में सवारी लेकर जा रहे थे। इसी दौरान चंद्रपुर (महाराष्ट्र) निवासी मनीष गेडाम (26) चिचोला जाने के लिए ऑटो में बैठा और 100 रुपये किराया देने की जिद करने लगा। मना करने पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए आवेश में आ गया और अपने पास रखे चाकू से दिनेश के कमर पर वार कर उसे घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष जायसवाल ने अपनी टीम के साथ आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार प्रयास के बाद आरोपी मनीष गेडाम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 118 (1), 351 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक संतोष जायसवाल, उप निरीक्षक रोहित खूंटे, आरक्षक अजय पाटले, दीपेश, हीरा सिंह दीवान, किशन कुमार चंद्रा और लीलाधर मंडलोई की सराहनीय भूमिका रही।

नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया

0

राजनांदगांव। नाबालिग से दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में छुरिया पुलिस ने बसंतपुर थाना के सहयोग से आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर शादी का झांसा देकर नाबालिग से लगातार शारीरिक संबंध बनाने और उसे गर्भवती करने का आरोप है।
मामला 12 जनवरी 2026 का है, जब थाना बसंतपुर को जिला अस्पताल राजनांदगांव से एक अस्पताली मेमो प्राप्त हुआ। इसमें बताया गया कि 15 वर्षीय नाबालिग पीड़िता की डिलीवरी हुई है और वह इलाजरत है। जांच के दौरान पीड़िता के पिता ने लिखित आवेदन देकर बताया कि आरोपी कोमल साहू ने उसकी नाबालिग बेटी को शादी का प्रलोभन देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण किया] जिससे वह गर्भवती हो गई और एक पुत्री को जन्म दिया।
शिकायत पर प्रथम दृष्टया आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 (2) (एम),, 65 (1) बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत अपराध पाया गया। प्रारंभ में थाना बसंतपुर में बिना नंबरी अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। चूंकि मूल घटना स्थल थाना छुरिया क्षेत्र का था, इसलिए केस डायरी थाना छुरिया भेजी गई, जहां असल नंबरी अपराध दर्ज कर आगे की जांच की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ आशीष कुंजाम के मार्गदर्शन में छुरिया पुलिस ने बसंतपुर थाना के सहयोग से आरोपी की तलाश शुरू की।
पूछताछ में अपराध स्वीकार होने पर 14 जनवरी 2026 को आरोपी कोमल साहू पिता पंचू साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम आटरा, थाना छुरिया, जिला राजनांदगांव को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना आगे भी जारी है।

खपराभाठ चौक से अवैध शराब बेचते आरोपी गिरफ्तार, शराब व नगदी जब्त

0

राजनांदगांव। नशे की लत ने मानव मानसिकता को गिरा दिया है, जिसके चलते लाखों घर-परिवार बर्बादी की कगार पर पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ग्राम खपराभाठ चौक से एक आरोपी को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
थाना गैंदाटोला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खपराभाठ चौक के पास एक दुकान में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से रोमियों देशी मदिरा मसाला के 9 पौवा (प्रत्येक 180 एमएल) कुल कीमत 900 रुपए, रोमियों देशी मदिरा प्लेन के 5 पौवा (प्रत्येक 180 एमएल) कुल कीमत 400 रुपए, शराब बिक्री की नगदी रकम 600 रुपए जब्त की गई।
आरोपी की पहचान दरबार सिंह साहू पिता पल्टूराम साहू, उम्र 52 वर्ष, निवासी खपराभाठ, थाना गैंदाटोला, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगढ़ श्रीमती मंजुलता बाज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में जुआ, शराब, चोरी, गुम इंसान पतासाजी व अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार पैनी नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने बताया कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

धर्मनगरी डोंगरगढ़-डोंगरगांव में अवैध शराब का कारोबार : आबकारी विभाग की निष्कि्रयता से कोचियागिरी का साम्राज्य

0

राजनांदगांव। धर्मनगरी डोंगरगढ़ और उसके आसपास के इलाकों में अवैध शराब का कारोबार दिन-प्रतिदिन अपने पैर पसारता जा रहा है। प्रतिबंध और कड़ी कार्रवाई के दावों के बावजूद गांव-गांव में अवैध शराब की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि आबकारी विभाग की उदासीनता और कुछ अधिकारियों की शह पर यह कारोबार फल-फूल रहा है।
सूत्रों के अनुसार, साहिल वर्मा उर्फ तोमेश्वर वर्मा, जो कि आबकारी विभाग में लोकेशन अफसर के तौर पर तैनात हैं, के आने के बाद जिले में कोचियागिरी बढ़ी है। आरोप है कि वह अपने पद का दुरुपयोग करते हुए दुकानों पर दबाव बना कर अवैध वसूली कर रहे हैं। यही नहीं, वे सुपरवाइजरों पर भी दबाव डालकर अवैध शराब के कारोबार में उनकी सहभागिता सुनिश्चित कर रहे हैं। कई दुकानदारों का आरोप है कि साहिल वर्मा उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दे रहे हैं और कुछ प्रीमियम दुकानों में जबरन ट्रांसफर करा रहे हैं।
सूत्रों का कहना है कि साहिल वर्मा पहले से ही गार्ड एजेंसी और मैनपावर एजेंसी से जुड़े हुए हैं। यही कारण है कि उनका एक साथ दो पदों पर तैनात होना कई सवालों को जन्म दे रहा है। इन आरोपों के बावजूद प्रशासन की चुप्पी पर अब सवाल उठने लगे हैं।
अवैध शराब के कारोबार के बारे में बात करें तो बेलगांव, डोंगरगांव, अर्जुनी, बागनदी, मेड़ा, चिखली और रेवाडीह जैसे क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति लगातार हो रही है। यहां के लोगों का कहना है कि आबकारी विभाग के एक कर्मचारी की शह पर यह सब हो रहा है। वे आरोप लगा रहे हैं कि विभाग के कर्मचारी पूरे जिले के कोचियों और सुपरवाइजरों को संरक्षण दे रहे हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार साहिल वर्मा को गलत कार्यों के कारण पूर्व में बागनदी शराब दुकान से सुपरवाइजर के पद से निकाला गया था और पूरे राजनांदगाव की शराब दुकानों से बेन कर दिया गया था, अब साहिल वर्मा को कौन और किसके कहने से वापस लाया गया है ये भी विचारणीय है।
पुलिस अधीक्षक के सख्त दावों के बावजूद कोचियागिरी पर कोई प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। ऐसे में यह सवाल उठता है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी इस अवैध कारोबार पर अंकुश लगाएंगे या धर्मनगरी यूं ही नशे के कारोबार की चपेट में रहेगा?

कमला कॉलेज में महिला प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला : ‘मेस्ट्रल हेल्थ एंड हाईजिन’ पर जोर

0

राजनांदगांव। शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव में महिला प्रकोष्ठ द्वारा मेस्ट्रल हेल्थ एंड हाईजिन पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्राचार्या डॉ. अंजली अवधिया की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अतिथि डॉ. सुरभि महोबे, स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. अंबालिका ठाकुर स्त्री रोग विशेषज्ञ ने छात्राओं को माहवारी के दौरान होने वाली समस्याओं और उससे संबंधित रोगों के बारे में गहन जानकारी दी।
डॉ. सुरभि महोबे ने समाज में स्त्री रोगों से संबंधित मिथकों का खंडन करते हुए उन्हें नष्ट करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। वहीं, डॉ. अंबालिका ठाकुर ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम हेतु एचपीवी वैक्सीनेशन के महत्व को बताया और छात्राओं एवं महिला प्राध्यापकों को इस दिशा में कदम उठाने के लिए प्रेरित किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रतिनिधियों ने भी इस कार्यशाला के दौरान बाल विवाह की रोकथाम के लिए उपस्थित सभी को शपथ दिलाई।
महिला प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. युगेश्वरी साहू ने कार्यशाला के बहुआयामी उद्देश्यों पर प्रकाश डाला, जबकि कार्यक्रम का संचालन श्रीमती नीलम राम धनसाय द्वारा किया गया। छात्राओं ने इस अवसर पर अपने स्वास्थ्य संबंधित सवालों का समाधान विशेषज्ञों से प्राप्त किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के अन्य शिक्षकगण एवं छात्राएं भी उपस्थित थीं, जिनमें डॉ. बृजबाला उड़के, डॉ. नीता एस नायर, डॉ. उपा सोनवानी, डॉ. चेतना गुप्ता, डॉ. दुर्गा शर्मा, श्रीमती खुशबू राजपूत, श्रीमती कामिनी देवांगन, कु. प्रिया तलरेजा, कु. गीता साहू, कु. हर्षा कुशवाहा, श्रीमती शैलजा तिवारी एवं श्रीमती सानवी पंजवानी सहित कई लोग शामिल थे।
कार्यक्रम के अंत में श्रीमती नीलम राम धनसाय ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमूह का धन्यवाद ज्ञापित किया।
यह कार्यशाला छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई, जो महिला स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने में सहायक बनी।