Home Blog Page 431

शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वार्षिक खेल प्रतियोगिता संपन्न

0

राजनांदगांव। शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव के क्रीड़ा विभाग द्वारा दिनांक 05.01.2026 एवं 06.01.2026 को इंडोर एवं आउटडोर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इंडोर प्रतियोगिता के अंतर्गत टेबल टेनिस, बैडमिंटन, कैरम एवं शतरंज की प्रतियोगिता एवं आउटडोर प्रतियोगिता के अंतर्गत 100 मी. दौड़, गोली चम्मच दौड़, तीन तंगड़ी दौड़, रिले रेस, स्लो साईकिल रेस, गोला फेंक, चक्र फेंक, लंबी कूद एवं प्राचार्य इलेवन विरुद्ध छात्राओं के बीच क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अंजली अवधिया ने छात्राओं को शासन द्वारा दिए गए खेल सुविधाओं से अवगत कराया। साथ ही छात्राओं को अधिक से अधिक खेलों में भाग लेने हेतु प्रोत्साहित किया एवं छात्राओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ्य रहने हेतु खेलकूद में हिस्सा लेने एवं प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने हेतु शुभकामनाएं दी।
इंडोर प्रतियोगिता का परिणामों में टेबल टेनिस में प्रथम भारती कंवर (बीएससी तृतीय वर्ष), द्वितीय दिव्या शर्मा (बीएससी तृतीय सेमे.), तृतीय योगिता (बीएससी तृतीय सेमे.), बैडमिंटन में प्रथम प्रीति तारम (बीएससी तृतीय वर्ष), द्वितीय माही तुलावी (बी.कॉम प्रथम सेमे.), तृतीय देविका साहू (बीएससी तृतीय वर्ष), कैरम में प्रथम देविका साहू (बीएससी तृतीय वर्ष), द्वितीय चन्द्रा बंजारे (बीएससी तृतीय सेमे.), तृतीय संजना साहू (बीएससी तृतीय वर्ष), शतरंज में प्रथम प्रज्ञा बाम्बेश्वर (बीए तृतीय सेमे.), द्वितीय रूचिका साहू (बीएससी प्रथम सेमे.), तृतीय दिव्या शर्मा (बीएससी तृतीय सेमे.), 100 मीटर दौड़ में प्रथम अंजली निपाद (बीएससी तृतीय वर्ष), द्वितीय मंजू धुर्वे (बीएससी प्रथम सेमे.), तृतीय धनेश्वरी (बीए तृतीय सेमे.), गोली चम्मच दौड़ में प्रथम अहिल्या (बीएससी प्रथम सेमे.), द्वितीय दिव्या शर्मा (बीएससी तृतीय सेमे.), तृतीय मिली कोरी (बीएससी तृतीय वर्ष), स्लो साईकल रेस सोना साहू (बीए प्रथम सेमे.), द्वितीय भारती साहू (बीए प्रथम सेमे.), तृतीय भारती कंवर (बीएससी तृतीय वर्ष), तीन तंगड़ी दौड़ में प्रथम वेदिका पाल (बीएससी प्रथम सेमे.) एवं ललिता (बीएससी प्रथम सेमे.), द्वितीय लोकेश्वरी (बीए तृतीय वर्ष) एवं पुनम यादव (बीएससी तृतीय वर्ष), तृतीय प्रिया पटेल (बीएससी तृतीय सेमे.) एवं अंजली निपाद (बीएससी तृतीय सेमे.), लंबी कूद में प्रथम कावेरी यादव (बीए प्रथम सेमे.), द्वितीय निलेश्वरी (बीएससी तृतीय सेमे.), तृतीय धनेश्वरी (बीए तृतीय सेमे.), गोला फेंक में प्रथम चांदनी (बीए तृतीय वर्ष), द्वितीय लोकेश्वरी (बीए तृतीय वर्ष), तृतीय कावेरी यादव (बीए प्रथम सेमे.), रिले रेस में प्रथम निकिता-सोना-भारती-कावेरी, द्वितीय लोकेश्वरी-अंजली-पूनम-प्रिया तृतीय जागृति-देविका-रोशनी-पिंकी, चक्र फेंक में प्रथम चांदनी घावड़े (बीए तृतीय वर्ष), द्वितीय रीना यादव (बीए तृतीय वर्ष) एवं तृतीय पूनम यादव (बीए तृतीय वर्ष) है।
सभी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त छात्राओं को मेडल एवं सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। प्राचार्य इलेवन एवं छात्राओं के बीच हुए रोमाचंक क्रिकेट मैच में प्राचार्य इलेवन की टीम विजयी रही।
वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता में महाविद्यालय की डॉ. निवेदिता ए. लाल, डॉ. ओंकार लाल श्रीवास्तव, डॉ. बसंत कुमार सोनबेर, आलोक कुमार जोशी, अमरनाथ निषाद, खिलेन्द्र सोनी एवं अन्य सहायक प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता, जनभागीदारी प्राध्यापक, स्ववित्तीय शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थी। प्रतियोगिता के सफल संचालन में विशेष रूप से आलोक कुमार जोशी एवं समस्त सहायक प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता, ज.भा.शि., स्ववित्तीय शिक्षक एवं कर्मचारियों ने सहयोग किया।
महाविद्यालय की क्रीड़ा अधिकारी डॉ. नीता एस. नायर ने प्रतियोगिता के अंत में सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

महापौर एवं कलेक्टर ने लिया मोहारा जल संयंत्र का जायजा, गर्मी से पहले की तैयारियों पर फोकस

0

राजनांदगांव। महापौर श्री मधुसूदन यादव और कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज मोहारा जल संयंत्रगृह का निरीक्षण किया और पेयजल आपूर्ति में किसी भी तरह की बाधा न आने देने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान महापौर ने ग्रीष्म ऋतु से पहले संयंत्र का संधारण सुनिश्चित करने और जरूरी सामग्री का भंडारण करने के निर्देश दिए, जबकि कलेक्टर ने जल शोधन प्रक्रिया का निरीक्षण करते हुए शिवनाथ नदी से रॉ वाटर के संग्रहण की जानकारी ली।

महापौर ने दी सफाई और रखरखाव की निर्देश
महापौर श्री यादव ने मोहारा जल संयंत्र के तीनों प्लांट का निरीक्षण कर कर्मचारियों से जानकारी ली। उन्होंने ग्रीष्म ऋतु के पूर्व एलम, ब्लीचिंग पाउडर, क्लोरिन गैस और अन्य आवश्यक सामग्रियों का पर्याप्त भंडारण करने का निर्देश दिया। साथ ही, पंप और मोटरों की दुरुस्ती पर भी ध्यान देने की बात कही, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में इनका उपयोग किया जा सके। महापौर ने सीएफएल और फिल्टर बेड की सफाई करने के निर्देश दिए, जिससे गर्मी के मौसम में शहरवासियों को सुचारू रूप से पेयजल उपलब्ध हो सके।

कलेक्टर ने जल शोधन प्रक्रिया की समीक्षा की
कलेक्टर श्री यादव ने जल शोधन की प्रक्रिया का अवलोकन किया और एलम की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने तीनों प्लांट के संचालन और जल शोधन की प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया। आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि मोहारा स्थित शिवनाथ नदी से रॉ वाटर लेकर 27 एमएलडी, 10 एमएलडी और अमृत मिशन द्वारा निर्मित 17 एमएलडी फिल्टर प्लांट में जल शुद्धिकरण की प्रक्रिया की जाती है। इसके बाद, फिटकरी और क्लोरिन डालकर पानी को किटाणु रहित किया जाता है।

आयुक्त ने आगे बताया कि फिल्टर बेड का उपयोग तरल पदार्थ से ठोस पदार्थों को अलग करने के लिए किया जाता है। शुद्धिकरण के बाद, पानी 15 टंकी में भरा जाता है और फिर पाइपलाइन के जरिए शहर में सप्लाई किया जाता है।

गर्मी से पहले जलापूर्ति के लिए विशेष दिशा-निर्देश
कलेक्टर श्री यादव ने निरीक्षण के दौरान फिल्टर प्लांट के लैब का भी निरीक्षण किया और पानी की गुणवत्ता परखने के लिए विभिन्न टेस्ट देखे। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन लिकेज और गंदे पानी की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए और किसी भी प्रकार की खराबी की स्थिति में आम जनता को सूचित किया जाए। साथ ही, उन्होंने शिवनाथ नदी में रॉ वाटर के संग्रहण की जानकारी ली और गर्मी के दौरान पानी की कमी की स्थिति से निपटने के लिए जल्दी से प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

अमृत मिशन से जुड़े ठेकेदार को भी दी चेतावनी
कलेक्टर ने अमृत मिशन के ठेकेदार से कहा कि शुद्ध पेयजल की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। यदि कोई समस्या आती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी ठेकेदार की होगी।

निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे अन्य अधिकारी
इस निरीक्षण के दौरान निगम अध्यक्ष श्री टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य श्री सुनील साहू, पार्षद श्री सतीश साहू, श्री अरुण साहू, श्री चंद्रकृत साहू, प्र.कार्यपालन अभियंता श्री प्रणय मेश्राम, उप अभियंता श्री अनुप पाण्डे, प्र.स्वास्थ्य अधिकारी श्री राजेश मिश्रा और अमृत मिशन प्रभारी श्री नितिन पाटिल भी उपस्थित थे।

महापौर और कलेक्टर के इस निरीक्षण से यह स्पष्ट हो गया है कि गर्मी के मौसम में जल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए सभी जरूरी कदम समय रहते उठाए जा रहे हैं।

राजनांदगांव में फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र का मामला : विकास लाटा की नियुक्ति पर उठे सवाल, डीईओ की भूमिका संदिग्ध

0

राजनांदगांव। जिले में फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र के सहारे शासकीय नौकरी प्राप्त करने का गंभीर मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ दिव्यांग सेवा संघ, जिला राजनांदगांव ने कलेक्टर को लिखित आवेदन सौंपकर सहायक शिक्षक विकास लाटा पर कथित रूप से फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र के आधार पर नियुक्ति लेने का आरोप लगाया है। मामले में जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।

संघ के अनुसार विकास लाटा की नियुक्ति दिव्यांग कोटे के अंतर्गत की गई, जबकि शिकायतकर्ताओं का दावा है कि वह दिव्यांग की श्रेणी में नहीं आता। आरोप है कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार शिकायतें की गईं, किंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

आवेदन में उल्लेख किया गया है कि विकास लाटा द्वारा प्रस्तुत दिव्यांगता प्रमाण पत्र की वैधता संदेहास्पद है। संघ का कहना है कि जिला चिकित्सा बोर्ड की रिपोर्ट, दिव्यांगता प्रतिशत निर्धारण तथा प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं प्रतीत होती हैं। इसके बावजूद न तो नियुक्ति को निरस्त किया गया और न ही विभागीय जांच को तार्किक निष्कर्ष तक पहुँचाया गया।

छत्तीसगढ़ दिव्यांग सेवा संघ ने आरोप लगाया है कि पूरे प्रकरण में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा लापरवाही बरती गई तथा शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया। संघ ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, विकास लाटा का पुनः मेडिकल बोर्ड से परीक्षण कराया जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो नियुक्ति निरस्त कर संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाए।

संघ का यह भी कहना है कि फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र के सहारे नौकरी प्राप्त करना वास्तविक दिव्यांग अभ्यर्थियों के अधिकारों के साथ सीधा अन्याय है। मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल है और अब सभी की निगाहें कलेक्टर की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

अशांति फैलाने वाले दो युवक गिरफ्तार, प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई कर भेजे गए जेल

0

राजनांदगांव। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना लालबाग पुलिस ने अशांति फैलाने और मारपीट पर उतारू दो युवकों को प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 5 जनवरी 2026 को ग्राम पेंड्री से मोबाइल के माध्यम से सूचना मिली कि एक महिला के साथ गाली-गलौज और विवाद हो रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी लालबाग निरीक्षक राजेश कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मौके पर पाया गया कि जय नेताम उर्फ जया (22 वर्ष) और विजय नेताम (26 वर्ष), दोनों निवासी अटल आवास पेंड्री, आवेदिका नीतू मरकाम के साथ वाद-विवाद कर मारपीट पर उतारू थे।

पुलिस और आसपास के लोगों द्वारा समझाने के प्रयास के बावजूद दोनों युवक शांत नहीं हुए और और अधिक उग्र हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धारा 170 बीएनएसएस के तहत दोनों को गिरफ्तार किया। इसके बाद उनके खिलाफ धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें माननीय अनुविभागीय दंडाधिकारी, राजनांदगांव के समक्ष पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों युवकों के खिलाफ थाना लालबाग में पूर्व से मारपीट के मामले दर्ज हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश ठाकुर एवं नगर पुलिस अधीक्षक (भापुसे) वैषाली जैन के मार्गदर्शन में की गई।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुण्डा-बदमाशों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियानात्मक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

परवींडीह की दुर्गम पहाड़ियों में पुलिस-आईटीबीपी की बड़ी कार्रवाई, 11 क्लेमोर माइन का डम्प बरामद

0

मोहला। जिले को नक्सल-मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे निरंतर नक्सल विरोधी अभियानों में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस और आईटीबीपी की संयुक्त कार्रवाई में परवींडीह की घने जंगलों और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों से युक्त पहाड़ियों में छुपाकर रखे गए 11 क्लेमोर माइन (पाइप बम) बरामद किए गए हैं।

इस इलाके में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को नुकसान पहुँचाने की मंशा से विस्फोटक सामग्री का डम्प छुपाया था, जिसे समय रहते सुरक्षा बलों ने ढूंढ निकाला और नक्सलियों की साजिश को नाकाम कर दिया। डीआरजी और आईटीबीपी की 40वीं वाहिनी के जवानों ने परवींडीह पहाड़ी क्षेत्र में संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके दौरान यह खतरनाक विस्फोटक बरामद किए गए।

नक्सलियों की साजिश नाकाम
सुरक्षाबलों की सूझ-बूझ और सटीक कार्यवाही से नक्सलियों द्वारा सुरक्षाबलों पर हमले के लिए तैयार किए गए 11 क्लेमोर माइन बरामद किए गए, जो किसी बड़ी वारदात के संकेत थे। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय नक्सली संगठनों में भय और भगदड़ मच गई है।

सुरक्षा व्यवस्था और शांति बनी रहेगी
यह महत्वपूर्ण सफलता राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह के नेतृत्व में प्राप्त हुई है। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह ने कहा कि इस सफलता से यह साबित हो गया है कि पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और नक्सल उन्मूलन अभियान को पूरी सख्ती और सतर्कता के साथ जारी रखा जाएगा।

इस साहसिक कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि पुलिस अब और अधिक मजबूत और प्रभावी तरीके से नक्सलियों का सफाया करेगी, ताकि जिले को स्थायी रूप से नक्सल-मुक्त बनाया जा सके।

डोंगरगांव पुलिस की सफलता : 24 घंटे में नाबालिक बालिका बरामद, आरोपी गिरफ्तार

0

राजनांदगांव। डोंगरगांव थाना ने तेज कार्रवाई करते हुए गुमशुदा नाबालिक बालिका को 24 घंटे के भीतर बरामद किया। पुलिस ने बालिका को भगाकर दुष्कर्म करने वाले नाबालिक आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा।
24 दिसंबर 2025 को प्रार्थी ने थाना डोंगरगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिक बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसला कर ले गया है। बालिका एवं महिलाओं की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने तुरंत टीम बनाकर बालिका की सुरक्षा और वैधानिक कार्रवाई का निर्देश दिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश ठाकुर और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगांव दिलीप सिसोदिया के दिशा-निर्देश में थाना प्रभारी डोंगरगांव निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर ने टीम गठित की। पुलिस ने बालिका को 25 दिसंबर 2025 को बरामद किया। पीड़िता ने दुष्कर्म की जानकारी दी, जिसके बाद आरोपी की तलाश के लिए टीम रायपुर रवाना की गई। घेराबंदी कर विधि से संघर्षरत नाबालिक आरोपी को गिरफ्तार कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, उप निरीक्षक वीरेन्द्र मनहर और जीतेश साहू की अहम भूमिका रही। पुलिस की तेज और समन्वित कार्रवाई के कारण मामला मात्र 24 घंटे में सुलझ गया।

चलित थाना संवाद : पुलिस ने स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को किया जागरूक

0

राजनांदगांव। थाना डोंगरगांव, थाना गेंदाटोला और पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र में चलित थाना संवाद कार्यक्रम आयोजित कर स्कूलों के छात्र-छात्राओं और ग्रामीण नागरिकों को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों पर जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को कानूनी अधिकारों, साइबर अपराध से सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशा उन्मूलन, यातायात नियमों का पालन और पुलिस-जन सहयोग के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और छात्रों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनी और त्वरित समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया। ग्रामीणों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस ने बताया कि इस चलित थाना संवाद का मुख्य उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच विश्वास व सहयोग को मजबूत करना और समाज में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

सोमनी पुलिस की बड़ी कार्यवाही : चोरी का सामान बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

0

राजनांदगांव। सोमनी पुलिस ने चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी के मामले में एक विधि से संघर्षरत नाबालिक बालक और 22 वर्षीय मितेश मारकण्डे को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में चोरी की 6 नग सोने की पत्तियां (करीब 5 ग्राम) और चोरी के पैसे से खरीदा गया सामान बरामद किया गया।
श्रीमती सुशीला कोठारी, निवासी ठाकुरटोला, ने 29 दिसंबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 दिसंबर से 29 दिसंबर के बीच अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुसकर आलमारी से सोने की पत्तियां और 15,000 रुपये चोरी कर ले गया। मामले में थाना सोमनी ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश ठाकुर और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव ने टीम गठित कर आरोपियों का पता लगाया। तकनीकी सहायता के आधार पर नाबालिक बालक ने चोरी की वारदात को स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी की रकम में से 5000 रुपये मितेश मारकण्डे के साथ राजनांदगांव जाकर कपड़े खरीदने में खर्च किए और बाकी रकम से खाने-पीने और अन्य सामान खरीदा।
पुलिस ने मितेश मारकण्डे को गिरफ्तार कर चोरी की 6 नग सोने की पत्तियां बरामद की। वहीं नाबालिक बालक के द्वारा चोरी के पैसों से खरीदी गई सामग्री जैसे कपड़े और जूते भी जब्त किए गए। बालक का सामाजिक पृष्ठभूमि तैयार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस मामले में निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव, सउनि राजू मेश्राम, प्रधान आरक्षक राजश्री सिंह, आरक्षक जी शंकर राव, बिरेन्द्र मण्डावी और पूरे थाना स्टाफ सोमनी की अहम भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी का मामला सुलझाया गया और आरोपी गिरफ्तार किए गए।

सड़क सुरक्षा माह : छठवें दिन ऑटो व ई-रिक्शा चालकों को यातायात नियमों की दी गई समझाइश

0

राजनांदगांव। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सड़क सुरक्षा माह के छठवें दिन राजनांदगांव यातायात पुलिस द्वारा ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों को यातायात नियमों की समझाइश दी गई।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में, प्रशिक्षु आईपीएस एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के मार्गदर्शन तथा प्रभारी यातायात निरीक्षक नवरतन कश्यप के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। यातायात पुलिस की टीम ने शहर के नया बस स्टैंड चौक, महावीर चौक, रेलवे ऑटो स्टैंड एवं पुराना बस स्टैंड में ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को यातायात जनजागरूकता पाम्पलेट वितरित किए।
इस दौरान चालकों को सड़क दुर्घटना में पीड़ित व्यक्तियों को शासन द्वारा दी जाने वाली सहायता एवं मुआवजा योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाने वाले नेक व्यक्ति को शासन की ओर से सम्मान पत्र और प्रोत्साहन राशि प्रदान किए जाने का प्रावधान है। अभियान के तहत लगभग 100 ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को जागरूक किया गया।
राजनांदगांव यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन न चलाएं, तीन सवारी न बैठाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करें, तेज गति से वाहन न चलाएं। चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट अवश्य लगाएं तथा नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें।
यातायात पुलिस ने बताया कि यातायात रथ एवं अन्य विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

पीड़िता के साथ छेड़छाड़ करने वाला आरोपी नेतराम यादव गिरफ्तार, भेजा गया जेल

0

राजनांदगांव। डोंगरगढ़ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बस कंडक्टर द्वारा दो लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नेतराम यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 जनवरी 2026 को सुबह करीब 10.15 बजे पीड़िता और उसकी सहेली बेलगांव से डोंगरगढ़ कॉलेज के लिए बस में सवार हो रही थीं। यह घटना तब घटी जब बस ग्राम धुसेरा से अछोली के बीच पहुंची थी। बस कंडक्टर ने बुरी नियत से पीड़िता और उसकी सहेलियों के साथ छेड़छाड़ की। पीड़िता ने मामले की रिपोर्ट थाना में दर्ज कराई, जिस पर अपराध क्रमांक 04/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश ठाकुर और एसडीओपी आशीष कुंजाम ने मामले की विवेचना के लिए दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने आरोपी नेतराम यादव (39 वर्ष), जो ग्राम बम्हनी पुलिस चौकी सुकुलदैहान, थाना-लालबाग का निवासी है, को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
नेतराम यादव के खिलाफ धारा 75 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया और उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।