Home Blog Page 438

बाबा घासीदास जी के दिखाए मार्ग पर चलें : हर्षिता स्वामी बघेल

0

डोंगरगढ़। विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने ग्राम पंचायत महरूमखुर्द में आयोजित बाबा गुरु घासीदास जी की 269वीं जयंती समारोह में भाग लेकर श्रद्धालुओं को बाबा के दिखाए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम की शुरुआत विधायक हर्षिता ने पारंपरिक ढंग से जैतखाम की पूजा-अर्चना से की और सभी के सुख.समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने सतनामी समाज के लोगों से मुलाकात कर बाबा गुरु घासीदास जी के योगदान को याद किया।
विधायक हर्षिता ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास ने सदियों पहले मनखे-मनखे एक समान का शाश्वत संदेश दिया, जिसने समाज में फैली छूआछूत और असमानता को दूर करने का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने बताया कि बाबा ने सत्य, अहिंसा और भाईचारे पर आधारित जीवन दर्शन दिया। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर एक समरस और मजबूत समाज का निर्माण करना है।
विधायक ने ग्रामीणों से क्षेत्र के विकास कार्यों पर चर्चा की और उनकी मांगों को भी सुना। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे क्षेत्र के समग्र विकास के लिए हमेशा प्रतिबद्ध हैं।

संस्कार सिटी स्कूल में खेल और संस्कृति का उत्सव : दो दिन चला वार्षिक खेलकूद, प्रतिभावान खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

0

राजनांदगांव। संस्कार सिटी इंटरनेशनल स्कूल, राजनांदगांव के प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद एवं पुरस्कार वितरण समारोह उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों ने खेलों में दमखम दिखाया तो सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन भी किया।
पहले दिन कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई। प्रबंधन व छात्र प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का अभिनंदन किया। बच्चों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि जिला खेल अधिकारी अनिल गौतम, विशिष्ट अतिथि अंतर्राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी व विक्रम अवार्डी रेखा पदम तथा खेल नोडल अधिकारी देवेंद्र ठाकुर ने मशाल प्रज्वलन कर व रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर खेल महोत्सव का शुभारंभ किया।
सत्य, धर्म, विनय और धैर्य हाउस के विद्यार्थियों ने अनुशासित मार्च पास्ट करते हुए मुख्य अतिथियों को सलामी दी। प्राचार्य रेखा तिवारी ने स्वागत भाषण में विद्यालय की खेल उपलब्धियों की जानकारी दी।
दूसरे दिन के मुख्य अतिथि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित के अध्यक्ष व वरिष्ठ भाजपा नेता सचिन बघेल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ओलंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता मुक्केबाज राजेंद्र प्रसाद ने की।
दोनों दिनों में संस्था के अध्यक्ष ललित अग्रवाल, सचिव अतुल देशलहरा, अदित्य अग्रवाल, राखी देशलहरा, वुहा अग्रवाल, प्राचार्य रेखा तिवारी, अशोक पारख और विकास जोशी विशेष रूप से मौजूद रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
खेलों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहे। पीटी डंबल, छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य, मराठी नृत्य, संपूर्ण भारतीय लोक नृत्य और कंतारा नृत्य ने समां बांध दिया। वहीं ऑपरेशन सिंदूर, झांसी की रानी के शौर्य प्रदर्शन, बॉलीवुड डांस और विश्व कप विजेता विमेन्स क्रिकेट टीम की झलक को नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
वर्ष 2025-26 में राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर स्कूल का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने पदक व प्रमाणपत्र देकर उनका हौसला बढ़ाया। अनुशासन और खेल भावना के आधार पर ब्लू हाउस (धर्म) को बेस्ट हाउस घोषित किया गया।
मुख्य अतिथियों ने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं। संस्कार सिटी इंटरनेशनल स्कूल शिक्षा के साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

चिखली-खैरागढ़ सड़क निर्माण में नाली नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश

0

राजनांदगांव। चिखली से खैरागढ़ तक हो रहे सड़क निर्माण कार्य में ग्रामों के भीतर नाली निर्माण नहीं किए जाने से क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी असंतोष देखने को मिल रहा है। जनपद क्षेत्र तिलई, पदुमतरा, खपरी, चवेली एवं बोरी सहित अन्य ग्रामों के जनप्रतिनिधियों ने इस गंभीर समस्या को लेकर जिलाधीश जितेन्द्र यादव को ज्ञापन सौंपते हुए सड़क के साथ नाली निर्माण की स्वीकृति की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में जिन गांवों से सड़क गुजर रही है, वहां नाली निर्माण का प्रावधान नहीं किया गया है। इससे भविष्य में बरसात के मौसम में जलभराव, गंदगी और आवागमन में परेशानी की गंभीर समस्या उत्पन्न होगी। ग्रामीणों का कहना है कि बिना नाली के सड़क निर्माण अधूरा और अव्यवहारिक है। जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि स्थल की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्टीमेंट (प्राक्कलन) में सुधार कर नाली निर्माण की स्वीकृति दी जाए तथा नाली निर्माण पूर्ण होने के पश्चात ही सड़क निर्माण कार्य कराया जाए। इस संबंध में कलेक्टर द्वारा आश्वासन भी दिए जाने की जानकारी दी गई है।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए ज्ञापन की प्रतिलिपि अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग दुर्ग, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग दुर्ग एवं प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विभाग नया रायपुर को भी भेजी गई है, ताकि शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से ललिता साहू जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 08, ओमप्रकाश साहू पूर्व जनपद सभापति, हिना साहू सरपंच, ग्राम पंचायत पदुमतरा, जीवन साहू सरपंच, ग्राम पंचायत बोरी, भूपेन्द्र निषाद सरपंच-ग्राम पंचायत खपरीखुर्द, मोहन साहू पूर्व सरपंच-ग्राम पंचायत पदुमतरा, विक्की साहू सरपंच प्रतिनिधि, ग्राम पंचायत तिलई, राकेश साहू, गुलाल साहू घनश्याम साहू, राकेश साहू उपसरपंच खपरीकला, सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द नाली निर्माण को स्वीकृति प्रदान की जाए, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो और सड़क निर्माण कार्य टिकाऊ एवं उपयोगी सिद्ध हो।

अभाविप का 58वां प्रांत अधिवेशन भिलाई में संपन्न, अक्षत श्रीवास्तव बने प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य

0

राजनांदगांव। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) छत्तीसगढ़ का 58वां तीन दिवसीय प्रांत अधिवेशन 19, 20 और 21 दिसंबर को दुर्ग जिले की इस्पात नगरी भिलाई स्थित कला मंदिर, भगवान बिरसा मुंडा नगर में आयोजित हुआ। अधिवेशन छात्रहित, शिक्षा की गुणवत्ता, संगठन विस्तार और राष्ट्रनिर्माण जैसे मुद्दों पर मंथन का मंच बना।
अधिवेशन का शुभारंभ ध्वजारोहण व उद्घाटन सत्र से हुआ। इसमें अभाविप के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विकास पांडे और प्रदेश मंत्री अनंत सोनी ने पदभार ग्रहण किया। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विशिष्ट अतिथि के रूप में अभाविप के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. आशुतोष मंडावी मौजूद रहे।
अधिवेशन में राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान, मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री चेतस सुखड़िया, जनजाति कार्य के अखिल भारतीय प्रमुख निलेश सोलंकी, क्षेत्रीय जनजाति कार्य प्रमुख रामधार और प्रदेश संगठन मंत्री महेश साकेत की विशेष उपस्थिति रही। विभिन्न सत्रों में शिक्षा व्यवस्था, छात्र समस्याओं और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की गई।
अधिवेशन के समापन से पहले संगठनात्मक दायित्वों की घोषणा की गई। इसमें राजनांदगांव के सक्रिय कार्यकर्ता अक्षत श्रीवास्तव को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया। संगठन के प्रति उनकी सक्रियता और छात्रहित से जुड़े मुद्दों पर निरंतर कार्य को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई। उनके चयन से जिले सहित प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।
नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अक्षत श्रीवास्तव ने कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे विद्यार्थियों की समस्याओं, शैक्षणिक सुधार और राष्ट्रवादी विचारधारा को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।
अधिवेशन का समापन ज्ञान-शील-एकता के उद्घोष के साथ हुआ। इस दौरान छात्रहित और राष्ट्रनिर्माण के लिए निरंतर संघर्ष का संकल्प लिया गया।

किसान अजय कुमार इस वर्ष धान बिक्री की राशि से करेंगे भतीजे की शादी

0

मोहला। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले के धान उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी तेज़ी से जारी है। शासन किसानों की उपज को समर्थन मूल्य पर खरीद कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बना रहा है। इससे किसान अपने जीवन के महत्वपूर्ण निर्णयों के लिए आर्थिक रूप से सक्षम हो रहे हैं।

अंबागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम गोपनीलचुवा के किसान श्री अजय कुमार जुरेशिया ने बताया कि वे धान उपार्जन केंद्र आड़ेझार में 250 कट्टा धान बेचने आए हैं। उनकी खेती 8 एकड़ में परंपरागत तरीके से होती है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा प्रति क्विंटल 3100 रुपए की दर से धान खरीदी होने से उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है और राशि 24 घंटे के भीतर सीधे ऑनलाईन खाते में जमा हो जाती है।

श्री अजय कुमार ने बताया कि इस वर्ष धान बिक्री की राशि से वे अपने भतीजे की शादी के खर्च का प्रबंध करेंगे। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान की बिक्री से शासन के प्रति उनका विश्वास बढ़ा है और प्राप्त राशि से खेती-किसानी के अन्य कार्य भी सुगमता से हो पा रहे हैं।

किसान ने धान उपार्जन केंद्र में उपलब्ध बारदाने, इलेक्ट्रॉनिक तौल, पारदर्शी प्रक्रिया और ऑनलाईन भुगतान की व्यवस्था की भी सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया।

जिले में श्रमिकों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

0

मोहला। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले में संचालित विकास कार्यों और विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, एसडीएम मोहला श्री हेमेन्द्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी, डिप्टी कलेक्टर श्री डीआर ध्रुव सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

कलेक्टर ने आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा करते हुए जिले के समस्त छात्रावासों में साफ-सफाई और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर जोर दिया। उन्होंने एकलव्य आवासीय विद्यालय के निर्माण कार्य की प्रगति की भी जानकारी ली और समय-सीमा में कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने धान खरीदी प्रक्रिया, दो टोकन के दुरुपयोग की आशंका, बीज भंडारण एवं वितरण और फसल परिवर्तन को बढ़ावा देने सहित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और फसल बीमा योजना पर दिशा-निर्देश दिए।

श्रम विभाग के संबंध में कलेक्टर ने जिले के श्रमिकों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने छूटे हुए श्रमिकों को जागरूक करने के लिए कार्ययोजना बनाने और उन्हें पंजीकृत कर शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने जिले में सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त न करने का निर्देश दिया।

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं, कलेक्टर ने त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

0

मोहला। जिले के ग्रामीण जनसामान्य ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में अपनी समस्याएं और मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लिया और संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

जनदर्शन में विकासखंड चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरसुर के ग्रामीणों ने मुर्गी शेड निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने का आवेदन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को रोजगार और सुविधा मिलेगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य जल्द शुरू कराया जाए।

ग्राम हाड़ीटोला निवासी श्री रतनलाल ने अपने मकान के ऊपर से गुजर रहे बिजली पोल एवं तार हटाने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि बिजली लाइन के कारण मकान निर्माण में परेशानी हो रही है। कलेक्टर ने विद्युत विभाग को आवश्यक जांच कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मोहला निवासी राजेश कुमार नेताम ने अपनी पुत्री का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं, ग्राम पंचायत कुसुमकसा के ग्रामीणों ने बाजार शेड निर्माण कार्य की स्वीकृति देने हेतु आवेदन दिया।

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने सभी आवेदनों का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके।

सुशासन के साथ जनसामान्य को जोड़ने से योजनाओं में आएगी तेजी : जीआर चुरेंद्र

0

मोहला। जिले में प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत आयोजित जिला स्तरीय शिविर की समीक्षा बैठक सेवानिवृत्त आईएएस श्री जीआर चुरेंद्र ने की। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नवाचार और जनसहभागिता को बढ़ाने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

बैठक में कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, डिप्टी कलेक्टर श्री डीआर ध्रुव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

श्री चुरेंद्र ने कहा कि प्रशासन गांव की ओर अभियान के माध्यम से प्रशासन सीधे ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रहा है, जिससे जनसामान्य में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है और लोग विभिन्न योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में प्रशासनिक अमले के साथ-साथ जनसामान्य और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता आवश्यक है।

उन्होंने जिला पंचायत द्वारा चलाए जा रहे मोर गांव-मोर पानी अभियान में जल संरक्षण के प्रयासों की सराहना करते हुए सुझाव दिया कि जिला, विकासखंड और ग्राम स्तर पर समन्वित योजना बनाकर शासकीय भवनों, स्कूलों और आवासों में श्रमदान के माध्यम से सोख्ता गड्ढों का निर्माण कराया जाए। इससे भू-जल स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा।

श्री चुरेंद्र ने कहा कि नया जिला होने के बावजूद विभिन्न योजनाओं में जिले का उत्कृष्ट प्रदर्शन सराहनीय है। उन्होंने पंचायतों को स्वावलंबी बनाने, नशा नियंत्रण, फसल परिवर्तन के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने और निजी बंजर भूमि का उपयोग उद्यानिकी, सिंचाई और मत्स्य विभाग के समन्वय से आयमूलक गतिविधियों के लिए करने का निर्देश दिया।

महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर भी उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सही पोषण न मिलने से कुपोषण की समस्या रहती है, जिसका प्रतिकूल असर बच्चों पर पड़ता है। इसके लिए महिलाओं को संतुलित पोषण के प्रति जागरूक करना जरूरी है।

श्री चुरेंद्र ने जिला स्तरीय अधिकारियों को मासिक दौरा कार्यक्रम तैयार करने, विभागीय समन्वय और आपसी सहयोग से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे न केवल योजनाओं में गति आएगी, बल्कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचेगा।

छुरिया के किसानों ने की कलेक्टर से मुलाकात, कृषि समस्याओं का किया समाधान मांग

0

छुरिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में छुरिया क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने कलेक्टोरेट पहुँचकर कृषि संबंधी समस्याओं को लेकर कलेक्टर से मुलाकात की। किसानों ने चना, गेहूं, मक्का की सिंचाई व्यवस्था और धान बेचने में हो रही असुविधाओं की जानकारी दी।
किसानों की भारी उपस्थिति और मुद्दे की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर स्वयं अपने कक्ष से बाहर आए और जिला कांग्रेस अध्यक्ष सहित किसानों से सीधे संवाद किया। उन्होंने समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव ने कहा, हमारे अन्नदाता मजबूर नहीं बल्कि मजबूत हों, यह हमारी प्राथमिकता है। वर्तमान में किसान अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों के हक और हित की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री चुम्मन साहू, आदिवासी कांग्रेस कमेटी जिला अध्यक्ष लादू राम, सुदामा मंडावी, भावेश सिन्हा, अमित अग्रवाल, प्रदीप पटेल, ताराचंद, रामसिंह, अर्जुन, पीतांबर, कलाराम, देवेंद्र, केदार यादव, मदन, रामदयाल साहू, हेमलाल, सुंदर लाल, दयाराम, मानसिंह यादव, जंगलू, गंगू, मोती साहू, दीनू सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
किसानों और प्रशासन के बीच यह संवाद उम्मीद जगाता है कि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान होगा।

चिचोला मंडल के ग्राम झिथराटोला में विशाल हिन्दू सम्मेलन सम्पन्न, उमड़ा जनसैलाब

0

छुरिया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर चिचोला मंडल के शिव शक्ति संगम स्थल, ग्राम झिथराटोला में 20 दिसंबर (शनिवार) को भव्य एवं ऐतिहासिक विशाल हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह आयोजन क्षेत्र के 12 ग्रामों से आए हजारों हिन्दू परिवारों, समाज प्रमुखों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन ने सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और एकता का संदेश पूरे क्षेत्र में गूंजाया।
सम्मेलन में सभी समाज प्रमुखों को एक मंच पर आमंत्रित कर उनका सम्मान किया गया और सामाजिक समरसता, भाईचारे और एकजुटता का संदेश दिया गया। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक जितेन्द्र शर्मा ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में समाज को संगठित रहने, राष्ट्रहित में कार्य करने और सनातन मूल्यों का पालन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध कथावाचक कृष्णशुभम महाराज ने भी समाज को संगठित रहने और धर्म-संस्कृति की रक्षा के लिए प्रेरित किया। सम्मेलन में मातृशक्ति की प्रभावशाली सहभागिता रही। जिला पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव ने माताओं के समाज निर्माण में योगदान को रेखांकित करते हुए रामचरितमानस और तुलसीदास जी की प्रेरक कथाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सनातन हिन्दू समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है।
कार्यक्रम के अंतर्गत भव्य जलकलश यात्रा निकालकर अतिथियों का स्वागत किया गया। हवन-पूजन, बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत और नृत्य प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। क्षेत्र के पुरामटोला मानस परिवार ने मानस गीतों और प्रवचनों के माध्यम से ईश्वर का गुणगान किया।
सम्मेलन में उपस्थित भागवताचार्यों और मातृशक्तियों का श्रीफल और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। सभी उपस्थितों को भंडारा प्रसादी वितरित किया गया। कार्यक्रम का समापन सर्वे भवन्तु सुखिनः और विश्व कल्याण की कामना के साथ किया गया।
अंत में सभी सामाजिक बंधुओं ने सनातन हिन्दू धर्म को आगे बढ़ाने, सामाजिक एकता सुदृढ़ करने और राष्ट्रहित में सतत कार्य करने का संकल्प लिया। यह विशाल हिन्दू सम्मेलन क्षेत्र में सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक गौरव और धार्मिक एकजुटता का प्रतीक बनकर ऐतिहासिक रूप से सम्पन्न हुआ।