Home Blog Page 443

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में इनामों की घोषणा : विजेता को 31 हजार रूपये व उपविजेता को 21 हजार रूपये, 12 टीमें उतरेंगी मैदान में

0

राजनांदगांव। रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित बहुप्रतिष्ठित 5वीं छत्तीसगढ़ हॉकी लीग-2025 का आयोजन 21 से 28 दिसंबर तक ढाबा रोड स्थित चिखली स्कूल मैदान में किया जाएगा। आठ दिनों तक चलने वाले इस अखिल भारतीय हॉकी टूर्नामेंट में देश और प्रदेश की 12 चुनिंदा टीमें हिस्सा लेंगी और रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।
टूर्नामेंट को लेकर आयोजकों ने पुरस्कार राशि की भी घोषणा कर दी है। समाजसेवी बलदेव सिंह भाटिया ने अपने पूज्य पिता स्व. सुरजीत सिंह भाटिया की स्मृति में विजेता टीम को 31 हजार रुपए नगद देने की घोषणा की है। वहीं समाजसेवी बहादुर अली द्वारा अजीज मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से उपविजेता टीम को 21 हजार रुपए की नगद राशि प्रदान की जाएगी।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों का स्वागत रेलवे स्टेशन पर किया जाएगा। इसके बाद चिखली चौक से चिखली स्कूल मैदान तक रैली निकालकर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के भोजन और आवास की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही मेडिकल टीम, आपात सेवाएं, पेयजल, इको-फ्रेंडली वाहनों से आवागमन, मैच ऑफिशियल्स, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा बेस्ट प्लेयर और बेस्ट दर्शक पुरस्कार भी रखे गए हैं।
सांसद संतोष पाण्डेय द्वारा घोषित फ्लड लाइट का कार्य तेजी से चल रहा है। उम्मीद है कि प्रतियोगिता शुरू होने से पहले कार्य पूरा हो जाएगा और मैच फ्लड लाइट की रोशनी में कराए जाएंगे।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं एनआईएस गोल्ड मेडलिस्ट कोच मृणाल चौबे ने बताया कि टूर्नामेंट में 50 प्रतिशत टीमें छत्तीसगढ़ की और 50 प्रतिशत टीमें अन्य राज्यों की होंगी। इससे प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता लीग-कम-नॉकआउट फॉर्मेट में खेली जाएगी।
प्रतियोगिता में हिस्से लेने वाली टीमों में खेलो इंडिया सेंटर, राजनांदगांव, जिला हॉकी संघ, राजनांदगांव, अमरावती एकादश (महाराष्ट्र), आरके रॉय हॉकी अकादमी, पटना (बिहार), भोपाल एकादश (मध्यप्रदेश), सेल हॉकी अकादमी, राउरकेला (ओडिशा), तमिलनाडु एकादश, चेन्नई, मेंघबरन सिंह हॉकी अकादमी, गाजीपुर (उत्तर प्रदेश), स्टेट खेलो इंडिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बिलासपुर, जिला हॉकी संघ, कवर्धा, जिला हॉकी संघ, दुर्ग एवं झारखंड एकादश शामिल है।
पत्रकार वार्ता में मौजूद वार्ड पार्षद शिव वर्मा और सुनील साहू ने बताया कि पटरी पार क्षेत्र में पहली बार इतने बड़े स्तर पर हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। इसमें अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की मौजूदगी की भी संभावना जताई जा रही है।

जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने किया जिला स्तरीय युवा उत्सव का शुभारंभ

0

राजनांदगांव। खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन के मार्गदर्शन में जिला राजनांदगांव द्वारा दिनांक 19 दिसंबर, 2025 को गांधी सभा गृह राजनांदगांव में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन कोमल सिंह राजपूत अध्यक्ष जिला भाजपा राजनांदगांव के मुख्यातिथिय श्रीमती पूनम बिराज, श्रीमती रेखा पदम अंतर्राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी के उपस्थिति में संपन्न हुआ।
श्री राजपूत ने उद्घाटन समारोह के अवसर पर अपने उद्बोधन में कहा कि सरकार ने युवाओं को बढ़ाने के लिए कई अवसर प्रदान कर रहे है, जिसमें एक पहल युवा उत्सव भी है, इसे हम स्वामी विवेकानंद जी के याद में मनाते है, यह अवसर आज के युवाओं को मिल रही है। जिला स्तरीय युवा उत्सव में आए सभी प्रतिभागी बेहतर प्रदर्शन कर चयनित होकर आगामी दिनों बिलासपुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम में भाग लेंगे, मैं उन प्रतिभागियों को अग्रिम शुभकामनाएं देता हु।
ए. एक्का सहायक संचालक ने बताया कि विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागी राजनांदगांव में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव प्रतियोगिता में भाग ले रहे है। इस युवा उत्सव में चारों संभागों से कुल 250 प्रतिभागी भाग ले रहे है। प्रतियोगिता में लोकनृत्य, लोकगीत, पंथी, सुआ, राउत नाचा, एकांकी, चित्रकला, कहानी लेखन, कविता लेखन, वाद-विवाद, पारंपरिक वेशभूषा, नवाचार जैसे प्रतियोगिता शामिल है।
कार्यक्रम का समापन फिरोज अंसारी अध्यक्ष छत्तीसगढ़ हॉकी, श्रीमती कविता वासनिक, राजेंद्र लाल यादव की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री अंसारी ने सभी विकासखण्डों से आए हुए प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा कहा कि युवा उत्सव के आयोजन से युवा को अपनी कला संस्कृति और प्रतिभा दिखाने के लिए मंच प्रदान करना है। सौहाद्र टीम वर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा मिलता है। विभिन्न जिलों के युवाओं को एक साथ आने और उन्हें कई मुद्दों पर विचार करने का अवसर मिलता है। प्रमुख लोकनृत्य, लोकगीत, पंथी, सुआ, राउत नाचा, एकांकी, चित्रकला, कहानी लेखन, कविता लेखन, वाद-विवाद, पारंपरिक वेशभूषा, नवाचार, से बौद्धिक विकास को बढ़ावा मिलता है। युवा उत्सव में प्रतिभागियों को प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सुदेश यादव, संतोष यादव, सुरेन्द्र साहू, संजू नागदेव, ईश्वर मेश्राम, पुनाराम यादव, पंकज सोलंकी, ललित मानकर, महेश्वर साहू, रितेश देवांगन, सुश्री पंचशीला सहारे ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नोडल अधिकारी राजकुमार नंदेश्वर, रोशन वर्मा, भूपेश यदु, शैलेन्द्र तिवारी, उमेश दास वैष्णव, प्रेरणा राणे (खेल विभाग), उमेश साहू, हेमंत साहू, दिलीप निषाद, राजाराम साहू, रूपेंद्र साहू, कलाराम साहू, पुनेश्वर मांडवी, मनोज साहू आदि उपस्थित थे। कायक्रम का संचालन सुरेन्द्र साहू ने किया तथा ए. एक्का सहायक संचालक ने आभार व्यक्त किया।

कमला कॉलेज की एनएसएस इकाई का ग्राम आलीखूटा में विशेष शिविर

0

राजनांदगांव। शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा ग्राम आलीखूटा, रानीतराई में 17 से 23 दिसंबर 2025 तक विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का उद्घाटन 17 दिसंबर को ग्राम सरपंच श्रीमती चमेली साहू की उपस्थिति में तथा रासेयो समन्वयक डॉ. जितेन्द्र कुमार दीवान एवं डॉ. अंजली अवधिया के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उद्घाटन समारोह की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रामकुमारी धुर्वा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि शिविर में कुल 45 छात्राएं भाग ले रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष की थीम के अनुरूप छात्राएं नशामुक्ति को लेकर नाटक, गीत तथा डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से जनजागरूकता का कार्य करेंगी।
उद्बोधन के क्रम में छात्राओं को संबोधित करते हुए प्राचार्य ने शिविर की उपयोगिता और सामाजिक दायित्व पर प्रकाश डाला तथा पूर्ण समर्पण भाव से सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया। ग्राम सरपंच श्रीमती चमेली साहू ने शिविर के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए अपने गांव को शिविर हेतु चयनित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
सभा में उपस्थित ग्रामवासी उत्तम साहू ने छात्राओं से अपेक्षा जताई कि वे शिविर के माध्यम से गांव के लोगों को सकारात्मक संदेश और अच्छी यादें देकर जाएंगी। समापन उद्बोधन में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के रासेयो समन्वयक डॉ. जितेन्द्र दीवान ने राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यप्रणाली एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को सेवा, अनुशासन और सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर डॉ. नीता एस. नायर सहित अन्य अतिथियों ने शिविर के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
शिविर के दूसरे दिन 18 दिसंबर 2025 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलोनी के प्राचार्य दीपक ठाकुर ने नशामुक्त समाज के लिए युवा विषय पर बौद्धिक परिचर्चा में महत्वपूर्ण व्याख्यान दिया। उन्होंने कविता के माध्यम से छात्राओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
शिविर का संचालन कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रामकुमारी धुर्वा द्वारा किया जा रहा है, जबकि गीता साहू सहयोगी के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

दुर्ग-बस्तर संभाग के 665 तीर्थयात्रियों को अयोध्या के लिए रवाना किया गया

0

राजनांदगांव। अध्यक्ष छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल नीलू शर्मा ने आज रेल्वे स्टेशन राजनांदगांव से श्री रामलला दर्शन अयोध्या धाम योजना अंतर्गत दुर्ग एवं बस्तर संभाग के 13 जिलों के 665 से अधिक तीर्थ यात्रियों की तीर्थयात्री विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी श्री रामलला दर्शन अयोध्या धाम योजना अंतर्गत प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए राजनांदगांव रेल्वे स्टेशन से जाने वाले दर्शनार्थियों के लिए उत्साह एवं खुशी का पल रहा। जयश्री राम के जयकारे के साथ ढोल-मंजीरे की मंगल ध्वनि के साथ श्रद्धालुओं को अयोध्या के लिए रवाना किया गया।
अध्यक्ष छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल नीलू शर्मा ने कहा कि प्रभु श्री रामलला दर्शन करने के लिए तीर्थयात्रियों में बहुत खुशी है और सभी तीर्थ यात्रियों ने श्री रामलला दर्शन अयोध्या धाम योजना के क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि आज तीर्थयात्री विशेष ट्रेन के माध्यम से दुर्ग एवं बस्तर संभाग के 665 से अधिक दर्शनार्थियों को अयोध्या के लिए रवाना किया गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय श्रवण कुमार बनकर छत्तीसगढ़वासियों को श्री राम लला दर्शन एवं काशी विश्वनाथ के दर्शन लगातार करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से हर वर्ष 25 हजार से अधिक तीर्थ दर्शनार्थियों को स्पेशल ट्रेन के माध्यम से यात्रा कराया जाता है। उन्होंने सभी दर्शनार्थियों को शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल योगेशदत्त मिश्रा, अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती किरण वैष्णव, अध्यक्ष जनपद पंचायत श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर, उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती किरण साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती देव कुमारी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शीला सिन्हा, खूबचंद पारख, भरत वर्मा, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, आयुक्त नगर निगम अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम गौतम चंद पाटिल, उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती वैशाली सहित अन्य जनप्रतिनिधि, रेल्वे के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

बाबा गुरूघासीदास जी के आशीर्वाद से देश एवं प्रदेश में समरसता, शांति एवं प्रेम : डॉ. रमन सिंह

0

राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज राजनांदगांव शहर के गुरूघासीदास धर्मशाला गुरूघासीदास चौक नंदई रोड में आयोजित सत्यमूर्ति परम पूज्य बाबा गुरूघासीदास जयंती समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 10 लाख रूपए की लागत से निर्मित होने वाले सामाजिक भवन का भूमिपूजन किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज बाबा गुरूघासीदास जी के अवतरण दिवस है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि बाबा गुरूघासीदास जी की आशीर्वाद से देश एवं प्रदेश में समरसता, शांति, सद्भावना एवं प्रेम है। श्रद्धापूर्वक बाबा जी के प्रतीक के रूप में सफेद ध्वज फहराते है। सफेद ध्वज शांति, प्रेम, सद्भावना, एकात्मता, सबको एक साथ मिलाने, सादगी और बाबा जी के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गुरूघासीदास बाबा जी के जन्मस्थली गिरौदपुरी पूरे देश-दुनिया में विख्यात है। बाबा जी की प्रतीक एवं गरिमा के अनुरूप गिरौदपुरी में देश का अनूठा, सबसे ऊंचा और भव्य जैतखाम का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि बाबा जी के आशीर्वाद से ही जैतखाम को निर्माण कराने का अवसर मिला है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि ने कहा कि शासन द्वारा प्रदेश के लगभग सभी ग्रामों में समाज के लिए मंगल भवन का निर्माण किया गया है। सभी ग्रामों में कांक्रीट रोड का निर्माण किया गया है। शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई है। साथ ही नवोदय विद्यालय की स्थापना, निःशुल्क कोचिंग और बच्चों के प्राथमिक शिक्षा के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि समाज के लिए शिक्षा सबसे ज्यादा जरूरी है। शिक्षित समाज ही नेतृत्व करते है और आगे बढ़ते है। उन्होंने कहा कि बालक हो या बालिका सभी के लिए शिक्षा जरूरी है और बाबा जी का पंथी के माध्यम से यही संदेश है। बाबा जी का हिंसा छोड़ने, मांस-मदिरा छोड़ने का उपदेश किसी एक समाज के लिए नहीं है, यह मानवता एवं सभी समाज के लिए है। मनुष्य में सतगुण, सद्भाव, सादगी होने और हिंसा छोड़ने पर दुनिया आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में शानदार नया विधानसभा बनकर तैयार हो गया है। उन्होंने समाज के नागरिकों को नए विधानसभा भवन में विधानसभा की कार्यवाही और विधानसभा को देखने के लिए आमंत्रित किया।
पूर्व विधायक रामजी भारती ने सभी को गुरूघासीदास जयंती की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज बाबा के संदेश मनखे-मनखे एक समान हैं के उपदेश को लेकर समाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि गुरूघासीदास बाबा का आशीर्वाद पूरे समाज सहित सभी लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आज सतनामी समाज अग्रणी समाज के रूप में आगे आ रहा है। इस अवसर पर अध्यक्ष शहर सतनामी समाज सेवा समिति राजनांदगांव नरेन्द्र राय ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव, कोमल सिंह राजपूत, रमेश पटेल, पार्षद श्रीमती केवरा रॉय, पूर्व पार्षद विजय राय, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, एसडीएम गौतम पाटिल एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी तथा सतनामी समाज के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

डोंगरगढ़ पुलिस ने बिक्री से पहले ही किया अवैध शराब नेटवर्क का भंडाफोड़

0
Oplus_131072

डोंगरगढ़। पुलिस ने ग्राम मुसराखुर्द के शीतला मंदिर के पास स्थित मकान में अवैध शराब के भंडारण और बिक्री की योजना को समय रहते नाकाम कर दिया। वरिष्ठ अधिकारियों पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी आशीष कुंजाम के मार्गदर्शन में तुरंत संयुक्त टीम का गठन किया गया।
डोंगरगढ़ पुलिस और सायबर सेल राजनांदगांव की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी और दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम बीरबल वर्मा पिता आनंद वर्मा, उम्र 45 वर्ष, ग्राम मुसराखुर्द, चंद्रकांत उर्फ सोनू सेन पिता स्व. ख्याली राम सेन, उम्र 28 वर्ष, ग्राम छीपा, जिला राजनांदगांव शामिल है। पकड़े गए आरोपियों के निशानदेही पर तीसरा आरोपी बलबीर सिंह भाटिया, देवरी महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया।
बरामद सामग्रियों में 161 नग जम्मू स्पेशल व्हिस्की (28,980 बल्क लीटर), 187 नग बॉम्बे स्पेशल व्हिस्की (33,660 बल्क लीटर) शराब के पौवों पर छत्तीसगढ़ आबकारी के नकली स्टीकर और ढक्कनों पर मध्यप्रदेश आबकारी का सील, बिना नंबर की टीवीएस जुपिटर मोपेड, मोबाइल फोन, भारी मात्रा में नकली स्टीकर, लेबल और उपकरण, आरोपी चंद्रकांत के कब्जे से 1,860 नग नकली स्टीकर, अन्य ब्रांड के लेबल, लोहे के औजार, कैंची और मोबाइल फोन शामिल है।
आरोपियों के खिलाफ धारा 34 (2), 59 क आबकारी अधिनियम और धारा 339, 336 (3), 340 (2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष जायसवाल, सायबर सेल निरीक्षक विनय पम्मार, थाना डोंगरगढ़ की टीम विजय साहू, किशन चंद्रा, नरेन्द्र प्रजापति, सायबर सेल टीम बसंतराव, अविनाश झा, जोगेश राठौर, अमित सोनी और पुनेश्वर साहू का विशेष योगदान रहा।

गुरु घासीदास जयंती समारोह में मनखे-मनखे एक समान का संदेश, ग्राम पांडेटोला में हुआ भव्य आयोजन

0

छुरिया। संत शिरोमणि गुरु घासीदास जी की जयंती के पावन अवसर पर ग्राम पांडेटोला में भव्य और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत छुरिया के अध्यक्ष संजय सिन्हा ने की। इस अवसर पर जिला भाजपा के पूर्व महामंत्री रविन्द्र वैष्णव और ग्राम पंचायत पांडेटोला के सरपंच किर्तन राम साहू भी उपस्थित रहे।
आयोजन स्थल पर गुरु घासीदास जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। पूर्व जिला भाजपा महामंत्री रविंद्र वैष्णव द्वारा झंडा रोहण किया गया। मुख्य अतिथि श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने अपने उद्बोधन में कहा कि गुरु घासीदास जी का मनखे-मनखे एक समान का संदेश आज के समाज के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है। समता, सत्य और मानवता का मार्ग ही एक सशक्त और न्यायपूर्ण समाज की नींव है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे गुरु घासीदास जी के आदर्शों को जीवन में अपनाएं और शिक्षा, सामाजिक एकता एवं नैतिक मूल्यों को मजबूत करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संजय सिन्हा ने कहा कि गुरु घासीदास जी केवल संत नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना के प्रतीक थे। उन्होंने कुरीतियों और भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाई और समाज को नई दिशा दी। उन्होंने ग्राम स्तर पर भाईचारे, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को संरक्षित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में ग्रामवासियों द्वारा अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विचार गोष्ठी के माध्यम से गुरु घासीदास जी के जीवन, संघर्ष और विचारों को याद किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा वर्ग शामिल रहे।
इस अवसर पर नकुल नेताम सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष, किर्तन लाल साहू सरपंच, नैन सिंह पटेल उपाध्यक्ष भाजपा मंडल छुरिया, कुंदन बड़ोले सरपंच प्रतिनिधि, टीकम साहू, सुभाष ठाकुर, बरसन दास कोटरे, डोमन आडिल, सुदर्शन कोटले, सौतराम आडिल, भारत आडिल, फुगन बाई कोटरे, सत्यवती बाई, पृथ्वीबाई आडिल, धर्मदास, चोवाराम आडिल, बरसन दास कोटरे सहित अन्य समाज के पदाधिकारी और ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन गुरु घासीदास जी के आदर्शों को आत्मसात करने और सामाजिक एकता को मजबूत करने के संकल्प के साथ किया गया।

पुलिस महानिदेशक ने मोहला में किया रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक, को-ऑर्डिनेशन सेंटर का उद्घाटन

0

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ पुलिस के डीजीपी अरूणदेव गौतम (भापुसे) ने 18 दिसंबर 2025 को मोहला स्थित नव-निर्मित पुलिस को-ऑर्डिनेशन सेंटर भवन में रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
उद्घाटन के अवसर पर अभिषेक शांडिल्य (भापुसे) पुलिस महानिरीक्षक, राजनांदगांव रेंज, राजनांदगांव, श्रीमती तुलिका प्रजापति कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, वायपी सिंह पुलिस अधीक्षक मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, सुश्री अंकिता शर्मा पुलिस अधीक्षक राजनंदगांव, धर्मेन्द्र छवैइ पुलिस अधीक्षक कबीरधाम, लक्ष्य शर्मा पुलिस अधीक्षक खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, दिनेश पटेल वन मण्डल अधिकारी, देवचरण पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स), पीतांबर सिंह पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, संतोष कुमार चौधरी द्वितीय कमांड 44वीं वाहिनी आईटीबीपी पानाबरस (मोहला) एवं जिला प्रशासन व पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में लंबित अपराध, मर्ग, गुम इंसान, स्थायी वारंट, एक वर्ष से अधिक लंबित प्रकरण, पुरक चालान, फरारी में चालान, लघु अधिनियम, प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, यातायात अधिनियम और अनियमित वित्तीय कम्पनियों के प्रकरणों की समीक्षा की गई। साथ ही माओवादी/नक्सल उन्मुलन के तहत मुठभेड़, गिरफ्तारी एवं आत्मसमर्पित नक्सलियों की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। डीजीपी ने निर्देश दिए कि लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण किया जाए और नक्सल उन्मुलन के पश्चात क्षेत्र में बेसिक पुलिसिंग क्रियान्वित करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए।
समीक्षा बैठक के दौरान डीजीपी अरूणदेव गौतम ने नव-निर्मित पुलिस को-ऑर्डिनेशन सेंटर मोहला का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मोहला-मानपुर सुश्री तुलिका प्रजापति, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, आईटीबीपी 44वीं वाहिनी के अधिकारी एवं अन्य पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। मौके पर डीजीपी और पुलिस महानिरीक्षक ने परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
प्रवास के दौरान डीजीपी ने जिले के थाना अंबागढ़ चौकी का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। थाने की साफ-सफाई, रिकॉर्ड एवं रख-रखाव की स्थिति संतोषजनक पाकर उन्होंने थाना प्रभारी और स्टाफ की सराहना की। इस अवसर पर रक्षित आरक्षी केन्द्र मोहला के सशस्त्र सलामी दस्ते ने डीजीपी को सलामी दी।
इस समीक्षा बैठक एवं उद्घाटन से क्षेत्र में पुलिसिंग के स्तर को और मजबूत बनाने तथा नक्सल उन्मूलन और नागरिक सुरक्षा को और प्रभावी बनाने का संदेश मिला।

दुर्ग संभाग स्तरीय कर्मचारी सभा में तीन दिवसीय हड़ताल की तैयारियों का निरीक्षण

0

राजनांदगांव। जनपद पंचायत भवन-दुर्ग के सभा कक्ष में गत दिनों दुर्ग संभाग स्तरीय कर्मचारी सभा आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता फैडरेशन के प्रांताध्यक्ष कमल वर्मा ने की। इस दौरान आगामी 29, 30 और 31 दिसंबर 2025 को निर्धारित तीन दिवसीय सामूहिक अवकाश और निश्चितकालीन प्रदर्शन की तैयारियों का निरीक्षण किया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
सभा का मुख्य उद्देश्य राज्य के कर्मचारियों और पेंशनर्स की 11 सूत्रीय मांगों के समर्थन में आहूत काम बंद-कलम बंद हड़ताल को सफल बनाना था। इनमें डीए एवं लंबित डीए एरियर्स का भुगतान, चार स्तरीय समयमान वेतनमानए वेतन विसंगति और अन्य मांगें शामिल हैं।
इस अवसर पर फैडरेशन से जुड़े विभिन्न कर्मचारी संघों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। इनमें संभाग प्रभारी राजेश चटर्जी, राजपत्रित अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष रूपेश पांडेय, स्वास्थ्य विभाग से पंकज पांडेय, लिपिक संघ के प्रदेशाध्यक्ष संजय सिंह, प्रदेश लिपिक संघ के प्रदेशाध्यक्ष रोहित तिवारी, तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ से विजय लहरे, संतोष वर्मा, आनंद कुमार श्रीवास्तव और शालेय शिक्षा संघ के मनोज कुमार साहू, अनुरूप साहू सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल थे।
सभा में सभी उपस्थित सदस्यों ने आगामी हड़ताल को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बने हैरी जोसेफ, विभागीय उप समिति ने किया स्वागत

0

राजनांदगांव। स्थानीय शासकीय क्षेत्रीय मुद्रणालय के सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं विभागीय उप समिति के संरक्षक हैरी जोसेफ के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर विभागीय उप समिति की ओर से उनका स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस दौरान उन्हें गुलाल से तिलक कर पुष्पहार व पुष्प-गुच्छ भेंट किया गया तथा लड्डू खिलाकर खुशी जताई गई।
कार्यक्रम में मौजूद सदस्यों ने श्री जोसेफ के संगठनात्मक और सामाजिक योगदान की सराहना की। उल्लेखनीय है कि वे पूर्व में अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसिल के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं।
गौरतलब है कि समाजसेवा, समता चिंतन और संवैधानिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए हैरी जोसेफ को समता साहित्य अकादमी एवं सरिता भजनामृत भजन समिति रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में बाबा साहेब आंबेडकर समता अवार्ड-2025 से सम्मानित किया गया है। वहीं आगामी 27 दिसंबर 2025 को ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित भारतीय विद्या भवन में आयोजित राष्ट्रीय साहित्य सम्मेलन-2025 में उन्हें मदर टेरेसा समता राष्ट्रीय सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।