Home Blog Page 444

अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बने हैरी जोसेफ, विभागीय उप समिति ने किया स्वागत

0

राजनांदगांव। स्थानीय शासकीय क्षेत्रीय मुद्रणालय के सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं विभागीय उप समिति के संरक्षक हैरी जोसेफ के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर विभागीय उप समिति की ओर से उनका स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस दौरान उन्हें गुलाल से तिलक कर पुष्पहार व पुष्प-गुच्छ भेंट किया गया तथा लड्डू खिलाकर खुशी जताई गई।
कार्यक्रम में मौजूद सदस्यों ने श्री जोसेफ के संगठनात्मक और सामाजिक योगदान की सराहना की। उल्लेखनीय है कि वे पूर्व में अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसिल के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं।
गौरतलब है कि समाजसेवा, समता चिंतन और संवैधानिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए हैरी जोसेफ को समता साहित्य अकादमी एवं सरिता भजनामृत भजन समिति रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में बाबा साहेब आंबेडकर समता अवार्ड-2025 से सम्मानित किया गया है। वहीं आगामी 27 दिसंबर 2025 को ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित भारतीय विद्या भवन में आयोजित राष्ट्रीय साहित्य सम्मेलन-2025 में उन्हें मदर टेरेसा समता राष्ट्रीय सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।

गुरु घासीदास जयंती पर सतनामी समाज की रैली का भव्य स्वागत

0

राजनांदगांव। संत गुरु घासीदास जी की जयंती के अवसर पर सतनामी समाज द्वारा निकाली गई रैली का स्टेशन पारा वार्ड क्रमांक 12 में बौद्ध विकास मंडल द्वारा भव्य स्वागत किया गया। बौद्ध विकास मंडल स्टेशन पारा वार्ड क्रमांक 12 राजनांदगांव एवं उत्तर ब्लाक के अध्यक्ष आसिफ अली की उपस्थिति में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी रैली में शामिल लोगों के लिए पेय पदार्थ (लीची) का वितरण किया गया।
इस अवसर पर समाज के लोगों ने गुरु घासीदास जी के संदेशों को स्मरण करते हुए सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया। रैली के स्वागत के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा।
स्वागत कार्यक्रम में विशाल गढ़े, कमलेश मेश्राम, महेश रामटेके, निश्चय बुराडे, राहुल बानडेबुचे, शुभम बानडेबुचे, निर्भय गड़पाले, अब्दुल भाईजान, राहुल सिन्हा, अभिषेक, रितेश मेश्राम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

खेल गौरव यात्रा से शहर में बना हॉकी उत्सव, ट्रॉफी टूर उत्साह के साथ संपन्न

0

राजनांदगांव। राजनांदगांव की खेल परंपरा और युवाओं की ऊर्जा का प्रतीक 5वीं रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग 2025 की खेल गौरव यात्रा-ट्रॉफी टूर उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हुई। इस आयोजन ने शहरभर में हॉकी के प्रति जोश और खेल भावना को नया आयाम दिया।
ट्रॉफी यात्रा की शुरुआत सामाजिक संस्था से जुड़ी महिला समूह की सदस्यों द्वारा पारंपरिक तिलक और आरती के साथ की गई। इसके बाद छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, वरिष्ठ शिक्षाविद् नीरज बाजपेयी, वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिमेष गांधी, डॉ. राघव वर्मा, सहायक संचालक खेल विभाग ए. एक्का, वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी रमेश डाकालिया, अनूप श्रीवास्तव, दिग्विजय श्रीवास्तव, चंद्रशेखर शर्मा, कुतबुद्दीन सोलंकी, वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा व सुनील साहू, आशा थॉमस और बबिता लिल्हारे ने हरी झंडी दिखाकर ट्रॉफी यात्रा को रवाना किया।
गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ निकली यात्रा में सैकड़ों खिलाड़ी, उनके पालक, वरिष्ठ नागरिक, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और स्थानीय लोग शामिल हुए। ट्रॉफी टूर ने पटरी पार क्षेत्र के शांति नगर, चिखली, ढाबा, शंकरपुर, दीनदयाल उपाध्याय नगर, गवर्नमेंट प्रेस सहित कई वार्डों का भ्रमण किया। जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पमालाओं और जयकारों के साथ ट्रॉफी का स्वागत किया।
रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग 2025 का आयोजन 21 से 28 दिसंबर तक ढाबा रोड स्थित चिखली स्कूल मैदान में किया जाएगा। प्रतियोगिता में देश की नामी हॉकी टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी।
खेलो इंडिया सेंटर राजनांदगांव, जिला हॉकी संघ राजनांदगांव, अमरावती एकादश (महाराष्ट्र), आरके रॉय हॉकी अकादमी पटना (बिहार), भोपाल एकादश (मध्यप्रदेश), सेल हॉकी अकादमी राउरकेला (ओड़िशा), तमिलनाडु एकादश चेन्नई, मेंघबरन सिंह हॉकी अकादमी करमपुर-गाजीपुर (उत्तरप्रदेशप्र), स्टेट खेलो इंडिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बिलासपुर, जिला हॉकी संघ कवर्धा, जिला हॉकी संघ दुर्ग और झारखंड एकादश शामिल हैं।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी और एनआईएस गोल्ड मेडलिस्ट कोच मृणाल चौबे ने कहा कि खेल गौरव यात्रा ने यह संदेश दिया है कि राजनांदगांव न सिर्फ खेल प्रतिभाओं का केंद्र है, बल्कि यहां की जनता खेल को दिल से चाहती है। यह पहल युवाओं को खेल, शिक्षा और अनुशासन से जोड़कर नशा-मुक्त और स्वस्थ समाज की दिशा में प्रेरित करेगी।
रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी का यह आयोजन शहर की खेल पहचान को और मजबूत करने के साथ हॉकी के प्रति बढ़ते जुनून को नई दिशा देता नजर आ रहा है।

हिंदू जागरण मंच ने श्रद्धा के साथ मनाई गुरु घासीदास बाबा जी की जयंती

0

राजनांदगांव। महान समाज सुधारक और सतनाम पंथ के प्रवर्तक बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती हिंदू जागरण मंच जिला राजनांदगांव द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। नंदई चौक स्थित भवन में आयोजित कार्यक्रम में बाबा गुरु घासीदास जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बाबा गुरु घासीदास जी के जीवन, संघर्ष और समाज को दिए गए संदेशों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा घासीदास जी ने समाज में फैली कुरीतियों, भेदभाव और असमानता के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया। उनके उपदेश सत्य, अहिंसा, समानता और सामाजिक समरसता पर आधारित हैं, जो आज भी प्रासंगिक हैं।
वक्ताओं ने बताया कि बाबा गुरु घासीदास जी का प्रसिद्ध संदेश मनखे-मनखे एक समान समाज में समानता और भाईचारे का भाव जागृत करता है। उन्होंने अपना पूरा जीवन मानवता के कल्याण और समाज को एकजुट करने में समर्पित किया।
इस अवसर पर हिंदू जागरण मंच की ओर से प्रदेशवासियों को गुरु घासीदास जयंती की शुभकामनाएं दी गईं और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के दौरान मनखे-मनखे एक समान और जय सतनाम के नारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में सुशील लड्ढा, प्रवीण शर्मा, सविता बोस, मौसमी शर्मा, प्रभात गुप्ता, मनोज गोलछा, हरीश भानुशाली, महेंद्र जंघेल, जैकी सोनकर, हेमंत कश्यप, रिंकू तिवारी, गोविंद जोशी, आशीष टिंकू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने बाबा गुरु घासीदास जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
अंत में जय सतनाम के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

आयुक्त ने ली एसएलआरएम सेन्टर प्रभारियों की बैठक, घर-घर कचरा संग्रहण और पृथककरण पर जोर

0

राजनांदगांव। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और कचरा प्रबंधन को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा ने एस.एल.आर.एम. सेन्टर प्रभारियों की बैठक ली। बैठक में आयुक्त ने घर-घर कचरा एकत्रित करने, 100% यूजर चार्ज वसूली सुनिश्चित करने और आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।

आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने कहा कि स्वच्छता दीदीया प्रतिदिन डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करती हैं और सेन्टर में कचरा पृथक करती हैं। कुछ नागरिक गीला और सुखा कचरा अलग न करके एक साथ फेंक देते हैं, जिससे पृथककरण में कठिनाई होती है। उन्होंने सभी सेन्टर प्रभारियों से कहा कि कचरा पृथक करने और स्वच्छता से जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके तहत घर में ही गीला कचरा हरे डब्बे और सुखा कचरा नीले डब्बे में अलग करने की जानकारी नागरिकों को दी जाए।

बैठक में सेन्टर प्रभारियों ने बताया कि कुछ लोग कचरा पृथक नहीं करते हैं, लेकिन समझाइश देने और घर के सामने कचरा पृथक करके दिखाने से लोगों में सुधार देखा जा रहा है। कुछ लोग यूजर चार्ज भी नहीं देते हैं और डस्टबिन की मांग करते हैं। आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी सुपरवाइजर अपने क्षेत्रों का प्रतिदिन सर्वे करें, यूजर चार्ज नहीं देने वालों की सूची बनाएं और उन्हें समझाएं कि चार्ज से ही स्वच्छता दीदीयों का वेतन दिया जाता है। साथ ही उन्होंने कहा कि नागरिक स्वयं डस्टबिन खरीदकर कचरा पृथक करें।

आयुक्त ने एस.एल.आर.एम. सेन्टर में प्रतिदिन आने वाले कचरे का उसी दिन पृथककरण और खाद बनाने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। खाद के विक्रय की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा। मोटर प्रभारी श्री सुरेंद्र साव को सभी खराब गाड़ियों की मरम्मत कराने और गाड़ियों में कचरा उठाने संबंधित संदेश और गाने चलाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में कार्यपालन अभियंता श्री दीपक खाण्डे, स्वास्थ्य अधिकारी श्री राजेश मिश्रा, मिशन क्लीन सिटी सहायक प्रभारी श्री पवन कुर्रे, जिला समन्वयक एस.बी.एम. श्री देवेश साहू व श्री कीर्तन साहू सहित सभी एस.एल.आर.एम. सेन्टर प्रभारि मौजूद रहे।

महापौर मधुसूदन यादव की अध्यक्षता में महापौर परिषद की बैठक संपन्न

0

राजनांदगांव। महापौर श्री मधुसूदन यादव की अध्यक्षता में महापौर परिषद की बैठक निगम स्थित महापौर कक्ष में संपन्न हुई। बैठक में गणेश पर्व प्रतियोगिता 2025 के परिणामों की स्वीकृति, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना और सामाजिक सुरक्षा पेंशन से संबंधित मामलों पर निर्णय लिया गया।

बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका की नियुक्ति, निगम स्वामित्व वाले व्यवसायिक परिसर के दुकानों से संबंधित अनुमोदन, बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के अनुशंसात्मक प्रस्ताव पर भी सहमति दी गई।

महापौर यादव ने बताया कि इस वर्ष नार कन्हैया नाला से जिला अस्पताल तक नाला निर्माण के लिए 350 लाख रुपए की स्वीकृति, 2000 सीटर ऑडिटोरियम निर्माण हेतु 1592.06 लाख रुपए की निविदा अनुमोदन सहित ट्रांसपोर्ट नगर में नाली, रोड और पानी के लिए 490.04 लाख रुपए तथा पेण्ड्री मुक्तिधाम से अस्पताल तक सड़क निर्माण के लिए 194.59 लाख रुपए की न्यूनतम दर अनुशंसा की गई।

इसके अलावा, 15वें वित्त आयोग जल प्रबंधन योजना के तहत पाइपलाइन विस्तार कार्य हेतु शासन को प्रस्ताव भेजने की स्वीकृति भी प्रदान की गई। निगम के स्वास्थ्य विभाग के फिल्ड अधिकारियों और कर्मचारियों को पेट्रोल भत्ता देने तथा नगर निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ की गतिविधियों हेतु 50 हजार रुपए देने की अनुशंसा भी बैठक में की गई।

बैठक में महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य सावन वर्मा, सुनील साहू, राजेश जैन रानू, श्रीमती बिना ध्रुव, शैंकी बग्गा, श्रीमती केवरा विजय राय, आलोक श्रोती, डीलेश्वर प्रसाद साहू, राजा माखीजा, निगम अध्यक्ष श्री टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, कार्यपालन अभियंता श्री दीपक खाण्डे, प्र. कार्यपालन अभियंता श्री प्रणय मेश्राम, राजस्व अधिकारी श्री राजेश तिवारी, सहायक लेखा अधिकारी श्री राकेश नंदे, प्र. स्वास्थ्य अधिकारी श्री राजेश मिश्रा सहित अन्य निगम अधिकारी उपस्थित थे।

सचिन बघेल ने चौथी बार संभाला जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष का पद

0

राजनांदगांव। जिले के सहकारी क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए भाजपा नेता सचिन बघेल ने बुधवार को चौथी बार जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा ने भी उपाध्यक्ष का पदभार संभाला।

पदभार ग्रहण के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख सहित कई जनप्रतिनिधि और बैंक के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने बघेल को पुन: अध्यक्ष बनने पर गुलदस्ता भेंट कर बधाई दी।

जानकारी के अनुसार, राज्य शासन ने आदेश जारी कर सचिन बघेल को अध्यक्ष और भरत वर्मा को उपाध्यक्ष के रूप में मनोनीत किया है। यह नियुक्ति हाईकोर्ट के पक्ष में फैसले के बाद हुई। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने बघेल समेत बैंक के संचालक मंडल को निलंबित किया था, लेकिन हाईकोर्ट ने इसे असंवैधानिक करार दिया और बघेल को अध्यक्ष का पद लौटाया।

सचिन बघेल वर्ष 2016 में निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए थे। इसके बाद 2019 से लगातार तीन बार बोर्ड निलंबित किया गया, और चौथी बार इसे भंग कर दिया गया। कोर्ट में लंबी कानूनी लड़ाई के बाद हाईकोर्ट ने बघेल के पक्ष में निर्णय सुनाते हुए राज्य सरकार के पूर्व निर्णय को अनुचित माना।

चौथी बार अध्यक्ष बनते ही बघेल ने कहा कि वे जिले के सहकारी क्षेत्र को मजबूत बनाने और बैंक की पारदर्शिता एवं विकास में आगे बढ़ाने के लिए कार्य करेंगे।

डोंगरगढ़ में मिलेगा दूसरा सखी वन स्टॉप सेंटर, महिला अभ्यर्थियों के लिए आवेदन जारी

0

राजनांदगांव। जिले में महिलाओं के लिए सुरक्षा, सशक्तिकरण और सहायता के प्रयासों को और मजबूती देने के लिए डोंगरगढ़ विकासखंड में एक अतिरिक्त सखी वन स्टॉप सेंटर स्थापित किया जा रहा है। यह जिले का दूसरा सखी वन स्टॉप सेंटर होगा।

सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से महिलाओं को कानूनी, स्वास्थ्य एवं सामाजिक परामर्श, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। केंद्र के संचालन के लिए अनुबंधित सेवा प्रदाताओं की भर्ती हेतु अधिसूचना जारी की गई है। इसमें केन्द्र प्रशासक, सलाहकार परामर्शदाता, पैरा लीगल और पैरा मेडिकल कार्मिक, कार्यालय सहायक, केस वर्कर, बहुउद्देशीय कर्मचारी, रसोईया, सुरक्षा एवं नाईट गार्ड जैसे पद शामिल हैं।

सभी पद महिला अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं। इच्छुक महिला उम्मीदवार 31 दिसम्बर 2025 शाम 5 बजे तक ऑनलाईन माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। आवेदन वेबसाइट http://sakhionestop.ebharti.in पर प्रस्तुत किए जा सकते हैं।

जिले में पहले से ही एक सखी वन स्टॉप सेंटर सक्रिय है, और नए सेंटर के शुरू होने से महिलाओं को सहायता एवं सुविधा प्राप्त करने में और भी आसानी होगी। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय महिला एवं बाल विकास या www.cgstate.gov.in एवं www.cgwcd.gov.in की वेबसाइट पर संपर्क किया जा सकता है।

अवैध गांजा तस्करी में जप्त बोलेरो पीकअप की नीलामी संपन्न

0

राजनांदगांव। जिले में अवैध गांजा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए राजनांदगांव पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना बोरतलाव के एनडीपीएस प्रकरण संख्या 11/25 में जप्त एक बोलेरो पीकअप वाहन (सीजी 10-बीक्यू 0634) की नीलामी सफलतापूर्वक संपन्न हुई है।
जिला दंडाधिकारी राजनांदगांव के आदेशानुसार जप्त वाहनों की नीलामी के लिए समिति का गठन किया गया था। इसमें लोक निर्माण विभाग (ई/एम) क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय और पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल रहे। समिति ने वाहन का विधिवत निरीक्षण और मूल्यांकन कर ऑनलाइन नीलामी के लिए एमएसटीसी (लिमि.) के माध्यम से प्रक्रिया पूरी की।
नीलामी में उक्त वाहन 4,92,911 रुपये में बिकी। प्राप्त राशि शासन के कोषालय में जमा कराई गई।
इस प्रकरण में राजनांदगांव पुलिस ने गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए परिवहनकर्ता और खरीददार को गिरफ्तार किया था। 30 मार्च 2025 को मुखबीर की सूचना पर ओडिशा से मध्यप्रदेश के सागर की ओर गांजा ले जा रहे बोलेरो पीकअप में 243.54 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत 36,53,100 रुपये थी। मौके पर आरोपी संतोष पाल और दिलावर अली गिरफ्तार हुए थे। इसके अलावा फरार आरोपी आमीर और खरीददार काले बहादूर को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया गया।
प्रकरण की विवेचना पूरी कर आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया। अब जप्त बोलेरो पीकअप की नीलामी पूरी कर पुलिस ने कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में बड़ी सफलता हासिल की है।
राजनांदगांव पुलिस की यह कार्रवाई जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ कड़ा संदेश साबित हुई है।

स्कूली बस चालकों की शराब जांच, सभी ड्राइवर सुरक्षित पाए गए

0

राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में 17 दिसंबर 2025 को यातायात पुलिस ने जिले के दो बड़े स्कूलों के बस चालकों की ब्रिथ एनालाइजर मशीन से शराब सेवन की जांच की।
युगांतर पब्लिक स्कूल और नीरज पब्लिक स्कूल बोरी की कुल 25 बस चालकों को जांच में शामिल किया गया। जांच के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी चालक शराब का सेवन नहीं कर रहा है। सभी चालक नियमों का पालन करते हुए पूर्णतः सुरक्षित पाए गए।
यातायात पुलिस ने सभी स्कूली बस चालकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय शराब का सेवन न करें और यातायात नियमों का पालन करें। इससे विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की जांच भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेगी।