”जापान की धरती से PM मोदी ने पूरी दुनिया को दिया बड़ा संदेश”
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान की धरती से पूरी दुनिया को बड़ा संदेश दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत और चीन के बीच अच्छे संबंध पूरे एशिया के लिए फायदेमंद हैं।
उन्होंने यह बात जापान के एक अखबार, ‘द योमिउरी शिंबुन’ को दिए इंटरव्यू में कही। जापान में वे भारत-जापान के 15वें वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल हुए। पीएम मोदी जापान दौरे के बाद चीन के तियानजिन शहर में आयोजित होने वाले SCO शिखर सम्मेलन में भी भाग लेने वाले हैं।
‘दुनिया की अर्थव्यवस्था को स्थिर करना है’ उन्होंने कहा कि भारत और चीन दोनों देशों को मिलकर दुनिया की अर्थव्यवस्था को स्थिर करने के लिए काम करना चाहिए। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत आपसी सम्मान और हितों के आधार पर चीन के साथ अपने रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है। पीएम मोदी ने कहा कि चीन के साथ अच्छे रिश्ते बहुत जरूरी हैं। इससे पूरे एशिया में शांति बनी रहेगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बुलावे पर वह तियानजिन में SCO शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने जा रहे हैं। पिछले साल कजान में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिलने के बाद से दोनों देशों के रिश्तों में सुधार हुआ है।
जापान को बताया मजबूत साझेदार पीएम मोदी ने कहा कि भारत और जापान भी मिलकर एशिया और दुनिया में शांति लाएंगे। दोनों देश रक्षा, सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष और व्यापार के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे। पीएमओ इंडिया ने भी इस बारे में ट्वीट किया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और चीन पड़ोसी हैं। दोनों दुनिया के सबसे बड़े देश हैं, इसलिए दोनों के बीच अच्छे संबंध होने से पूरे क्षेत्र में शांति और तरक्की आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया में जो उथल-पुथल मची है, उसे देखते हुए भारत और चीन का एक साथ आना जरूरी है, इससे दुनिया में स्थिरता आएगी।