राजनांदगांव की सांस्कृतिक नगरी की रात संगीत और उत्सव के रंगों में सराबोर रही। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कैलाश खेर राग नांदगांव कार्यक्रम में शिरकत की। स्टेट हाई स्कूल प्रांगण में युवा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस भव्य आयोजन में पद्मश्री कैलाश खेर ने अपने सुमधुर गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश की तीन करोड़ जनता की ओर से डॉ. रमन सिंह को जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा आज का यह क्षण गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक है। डॉ. रमन सिंह ने अपने कार्यकाल में छत्तीसगढ़ के चहुंमुखी विकास की मजबूत नींव रखी। उनकी दूरदृष्टि और लोकहितकारी योजनाओं के कारण आज प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. सिंह ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम लागू कर हर गरीब के थाली तक चावल पहुँचाया, जिससे वे ‘चाऊर वाले बाबा’ के नाम से प्रसिद्ध हुए। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उनके कार्य हमेशा याद किए जाएंगे।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव की जनता ने उन्हें विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और अब विधानसभा अध्यक्ष बनने का अवसर दिया है। उन्होंने भावुक होकर कहा मेरा जन्म भले ही कबीरधाम जिले के रामपुर में हुआ हो लेकिन राजनीतिक दृष्टि से मेरा पुनर्जन्म राजनांदगांव में हुआ है। राजनांदगांव संस्कारधानी है, यह मेरा अभिमान, सम्मान और पहचान है। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों का प्रेम, आशीर्वाद और संस्कार ही उनकी असली पूंजी है। डॉ. सिंह ने राजनांदगांव की सांस्कृतिक विविधता और स्वादिष्ट व्यंजनों — पोहा-जलेबी, आलुगुंडा, रबड़ी, कचौरी, मुंगोड़ी, चाय और पान — का विशेष उल्लेख किया।
कार्यक्रम में पद्मश्री कैलाश खेर ने अपने लोकप्रिय गीत सांझ भई…तू जाने ना…पग पखारे…ढोलना… प्रस्तुत कर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस अवसर पर मंत्रीगण श्री रामविचार नेताम, दयालदास बघेल, श्याम बिहारी जायसवाल, श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, टंकराम वर्मा, विधायकगण धरमलाल कौशिक, किरण देव, राजेश मूणत, श्रीमती रेणुका सिंह सरूता, अनुज शर्मा, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, पर्यटन बोर्ड अध्यक्ष नीलू शर्मा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।